गुजरात के बनासकांठा से धर्म परिवर्तन और दुष्कर्म के गंभीर आरोपों का मामला सामने आया है. एक विवाहित महिला ने चार लोगों के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है. महिला ने गर्भवती होने के बावजूद जबरन शारीरिक संबंध बनाने, मारपीट, धमकी और ब्लैकमेल करने के गंभीर आरोप लगाए हैं. शिकायत के आधार पर पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है.
जिले के धानेरा तालुका के पेगिया गांव का यह मामला है. पीड़िता का आरोप है कि आरोपी अख्तरशा फकीर ने पहले उससे संबंध बनाए और बाद में उसका धर्म परिवर्तन कराया. महिला का आरोप है कि अख्तरशा समेत तीन अन्य आरोपियों ने अलग-अलग समय पर उसकी मर्जी के खिलाफ उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए.
महिला ने आरोप लगाया है कि गर्भवती होने के बावजूद उसके साथ जबरन संबंध बनाए जाते थे. विरोध करने पर मारपीट और जान से मारने की धमकी दी जाती थी. साथ ही, निजी पलों के वीडियो वायरल करने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने का भी आरोप लगाया गया है.
पीड़िता का नाम बदला, बेटियों पर बनाया दबाव
शिकायत में महिला ने आरोप लगाया है कि पेगिया गांव में मौलवी की मौजूदगी में कलमा पढ़वाकर उसका दोबारा धर्म परिवर्तन कराया गया और उसका नाम फिजा रखा गया. महिला के मुताबिक, उसकी दोनों बेटियों का भी धर्म परिवर्तन कराने का दबाव बनाया गया.
महिला के मुताबिक, 21 जुलाई को उसके साथ मारपीट कर कपड़े घर के बाहर फेंक दिए गए और उसे घर से निकाल दिया गया. इसके बाद महिला पुलिस स्टेशन और सखी वन स्टॉप सेंटर पहुंची.
जमानत पर बाहर आते ही फिर वही हैवानियत
महिला ने पहले भी इसी मामले में शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत के अनुसार, उस दौरान कुछ आरोपियों की गिरफ्तारी हुई थी. बाद में समझौते और हाईकोर्ट के आदेश के बाद आरोपी जेल से बाहर आए थे.
DSP सीएल सोलंकी ने बताया कि महिला ने चारों आरोपियों के खिलाफ दोबारा शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस ने शिकायत के आधार पर कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
फिलहाल मामले में लगाए गए सभी आरोप शिकायतकर्ता महिला के हैं. आरोपों की पुष्टि पुलिस जांच और न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी.
(रिपोर्ट:- परेशकुमार किशनलाल पढियार)
aajtak.in