स्कूल की छात्राओं के झगड़े में पूरा परिवार बना हमलावर, दो बहनों को कार से रोककर बैट और चप्पलों से पीटा

गुजरात के अंकलेश्वर में दो छात्राओं के बीच हुए मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. ट्यूशन जा रही दो सगी बहनों को कार से रोककर दूसरी छात्रा के परिवार ने क्रिकेट बैट और चप्पलों से बेरहमी से पीटा. पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी छात्रा के माता-पिता को गिरफ्तार कर कार और बैट जब्त कर लिया है.

Advertisement
माता-पिता गिरफ्तार.(Photo: Screengrab) माता-पिता गिरफ्तार.(Photo: Screengrab)

aajtak.in

  • अंकलेश्वर,
  • 19 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 9:33 PM IST

गुजरात के अंकलेश्वर से हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है, जहां स्कूल में दो छात्राओं के बीच हुए मामूली विवाद का बदला लेने के लिए एक परिवार बीच सड़क पर उतर आया. ट्यूशन जा रही दो सगी बहनों की स्कूटी रोककर उनके साथ क्रिकेट बैट और चप्पलों से बेरहमी से मारपीट की गई. वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया.

Advertisement

घटना अंकलेश्वर की गार्डेन सिटी की है. पीड़ित बहनें संस्कृति और आकृति कक्षा 12वीं की छात्राएं हैं. दोनों के पिता मुकेश सिंह सेंगर केमिकल ट्रेडर हैं. 15 जुलाई की दोपहर दोनों बहनें एक्टिवा से ट्यूशन के लिए निकली थीं, तभी रास्ते में आरोपियों ने उनका पीछा शुरू कर दिया.

यह भी पढ़ें: गुजरात में नाबालिग रेप पीड़िता को 72 दिन में इंसाफ... अंकलेश्वर कोर्ट ने सुनाई फांसी की सजा

एफडीडीआई कॉलेज रोड पर आरोपी परिवार ने अपनी कार दोनों बहनों की स्कूटी के सामने लगाकर उनका रास्ता रोक लिया. इससे पहले कि दोनों कुछ समझ पातीं, कार से कई लोग उतरकर उन पर हमला करने लगे.

'मेरी बेटी से क्यों झगड़ा करती हो?' कहकर शुरू की मारपीट

पुलिस के मुताबिक, कार से पीड़ित छात्राओं के साथ पढ़ने वाली छात्रा पल, उसके पिता गुरुदेव उर्फ देव प्रीतम सिंह जेसल, मां भावना जेसल और दादी नीचे उतरे. आरोप है कि उन्होंने आते ही दोनों बहनों से गाली-गलौज शुरू कर दी और पूछा, "मेरी बेटी से क्यों झगड़ा करती हो?"

Advertisement

इसके बाद आरोपी पिता ने कार से क्रिकेट बैट निकाला और अपनी बेटी पल को दे दिया. आरोप है कि पल ने उसी बैट से दोनों बहनों पर हमला किया. वहीं उसकी मां और दादी ने चप्पलों से दोनों छात्राओं की बेरहमी से पिटाई की.

बीच सड़क पर हो रही इस मारपीट को देखकर आसपास लोगों की भीड़ जुटने लगी. भीड़ बढ़ती देख आरोपी परिवार दोनों बहनों को धमकियां देता हुआ कार में बैठकर मौके से फरार हो गया.

पुलिस ने माता-पिता को किया गिरफ्तार

घटना के बाद घायल दोनों बहनों को उनके पिता मुकेश सिंह सेंगर तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे. इलाज कराने के बाद उन्होंने अंकलेश्वर GIDC पुलिस स्टेशन में पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई.

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी परिवार पहले पीड़ित छात्राओं के घर शिकायत करने पहुंचा था. जब दोनों बहनें वहां नहीं मिलीं तो उन्होंने रास्ते में उनका पीछा कर हमला करने की योजना बनाई और बीच सड़क पर वारदात को अंजाम दिया.

पुलिस की गिरफ्त में आरोपी.

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आसपास के CCTV फुटेज खंगाले और अन्य साक्ष्य जुटाए. जांच के आधार पर मुख्य आरोपी गुरुदेव उर्फ देव प्रीतम जेसल और उनकी पत्नी भावना जेसल को गिरफ्तार कर लिया गया. पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई फोर-व्हीलर कार और क्रिकेट बैट भी जब्त कर लिया है. मामले में आगे की जांच जारी है.

---- समाप्त ----
रिपोर्ट- विक्की जोशी.

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »