गुजरात में भारी बारिश आफत बनकर बरस रही है. आणंद में एसपी दफ्तर के पास बारिश के पानी में खेल रहे तीन मासूम बच्चे पानी के तेज बहाव में बह गए. फायर ब्रिगेड की टीम ने मुस्तैदी दिखाते हुए तीनों बच्चों को नाले से बाहर तो निकाल लिया, लेकिन अस्पताल में इलाज के दौरान एक मासूम बच्ची प्रीतिबेन सोलंकी ने दम तोड़ दिया. इस हादसे के बाद पूरे इलाके में मातम छाया हुआ है.
गुजरात के आणंद में बारिश की मस्ती एक परिवार को जिंदगी भर का गम दे गई. एसपी कचेरी के पास जलभराव देखकर तीन बच्चे वहां मस्ती करने लगे, लेकिन किसी को अंदाजा नहीं था कि चंद सेकंड में पानी का प्रहार कितना खौफनाक रूप ले लेगा.
अचानक पानी का प्रवाह इतना तेज हुआ कि तीनों बच्चे अपना संतुलन खो बैठे और नाले की ओर बहने लगे. बच्चों की चीख-पुकार सुनते ही आसपास मौजूद पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम तुरंत पानी में उतरी. देखें VIDEO:-
मुस्तैदी दिखाते हुए तीनों बच्चों को नाले के तेज बहाव से बाहर निकालकर तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया. लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर थाए अस्पताल में इलाज के दौरान मासूम प्रीतिबेन रमेशभाई सोलंकी जिंदगी की जंग हार गई.
इस हादसे पर आणंद एसपी जी. जी. जसाणी ने बताया कि आणंद में भारी बारिश के कारण पानी का बहाव काफी तेज था. इसी दौरान तीन बच्चे उनके दफ्तर के बाहर से गुजर रहे बरसाती पानी के निकासी नाले में गिर गए. देखें VIDEO:-
फायर विभाग को सूचना मिलते ही दमकलकर्मी तुरंत मौके पर पहुंचे और तीनों बच्चों को बाहर निकालकर 108 एम्बुलेंस के जरिए अस्पताल पहुंचाया. हालांकि, इलाज के दौरान एक बच्ची की मौत हो चुकी है.
हेताली शाह