अहमदाबाद सीमा शुल्क विभाग के अधिकारियों ने सरदार वल्लभभाई पटेल इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर मलेशिया के कुआलालंपुर से एयर एशिया की फ्लाइट से पहुंचे एक यात्री को गिरफ्तार किया है. कस्टम ने आरोपी के पास से 9.30 किलोग्राम हेरोइन जब्त की है, जिसकी की बाजार में कीमत 45 से 50 करोड़ रुपये बताई जा रही है. साथ ही विभाग ने अरोपी के बैंक खाते की जांच की जा रही हैं. बताया जा रहा वह मूल रूप से केरल का रहने वाला है और अहमदाबाद से दिल्ली जाने की तैयारी में था.
अधिकारिक सूत्रों ने बताया कि आरोपी यात्री कुआलालंपुर से एयर एशिया फ्लाइट से अहमदाबाद पहुंचा था. एक्स-रे जांच में हैंड बैगेज में संदिग्ध पैकेट्स दिखने पर उसे रोका गया. बैग में 'ग्लूटा ग्रो' और 'क्रैकर्स कोकोनट फ्लेवर' लिखे पैकेट मिले. जांच में इनमें खाद्य पदार्थों के बजाय सफेद पाउडर और दानेदार पदार्थ मिला, जिसकी फोरेंसिक लैब जांच में हेरोइन होने की पुष्टि हुई.
इसके बाद नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंसेस (एनडीपीएस) अधिनियम, 1985 के प्रावधानों के तहत कुल 9.30 किलोग्राम हेरोइन बरामद कर जब्त की गई. यात्री को एनडीपीएस अधिनियम, 1985 के संबंधित प्रावधानों के तहत गिरफ्तार किया गया है.
शुरुआती पूछताछ में सामने आया है कि आरोपी को ये हेरोइन मलेशिया के एक होटल में एक महिला ने सौंपी थी और वह अहमदाबाद से इसको लेकर दिल्ली जा रहा था. अब सीमा शुल्क विभाग इस बात की जांच कर रहा है कि दिल्ली में ये खेप किसे सौंपी जानी थी और इसके पीछे कौन-सा अंतरराष्ट्रीय तस्करी नेटवर्क सक्रिय है. अधिकारियों ने आरोपी के बैंक खातों और वित्तीय लेनदेन की भी जांच शुरू कर दी है.
ब्रिजेश दोशी