सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रहा है. बताया जा रहा है कि जब राहुल गांधी मार्च कर रहे थे, उस दौरान कांग्रेस के कुछ कार्यकर्ताओं ने दो पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट की. पुलिस के जवानों का कहना है कि उन पर लात मारी गई.
वायरल वीडियो में दो पुलिसकर्मी, जो भीड़ के बीच घिरे हुए थे, उनका नाम भूपेंद्र और देवेंद्र है. उन्होंने बताया कि जब डिटेंशन की कार्रवाई चल रही थी, तब उन्हें जबरदस्ती पीछे से खींचा गया और जानबूझकर गिराया गया.
पुलिसकर्मी ने बताया कि गिरने के बाद मेरा बॉडी वॉर्न कैमरा भी जमीन पर गिर गया. मुझे उसे उठाने में एक सेकंड का समय लगा. जैसे ही मैंने उसे उठाया और खड़ा हुआ, मैंने चेक किया कि मेरा कैमरा ठीक है. तभी मुझे पीछे से किसी ने लात मारी. मैंने पीछे मुड़कर देखा. जैसे ही उस आदमी से मेरा आई कॉन्टैक्ट हुआ, वह भाग गया. पुलिसकर्मी ने बताया कि कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने उसे छिपा दिया.
पुलिसकर्मी ने कहा, 'हम एक ह्यूमन चेन बनाकर जो लोग वहां जमीन पर बैठे हुए थे, उन्हें एक-एक करके बस की तरफ ले जा रहे थे. हमें पीछे से खींचा गया. हम डिसबैलेंस होकर भीड़ में धक्का-मुक्की के बीच गिर गए.' उन्होंने कहा कि कुछ लोग पुलिसकर्मियों को टारगेट कर रहे हैं. पुलिसवालों की कैप उतारकर फेंकी जा रही है.
बता दें, चुनाव आयोग और मुख्य निर्वाचन आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ INDIA ब्लॉक विरोध प्रदर्शन कर रहा है. गुरुवार को राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे, प्रियंका गांधी वाड्रा समेत विपक्षी सांसद राजघाट पहुंचे और धरना प्रदर्शन किया. अब बताया जा रहा है कि INDIA ब्लॉक शुक्रवार को एक बार फिर मार्च निकाल सकता है.
विरोध प्रदर्शन में पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी भी शामिल हो सकती हैं. टीएमसी सांसद अभिषेक बनर्जी ने इस बात की पुष्टि की है. उन्होंने कहा कि ममता दिल्ली में हैं और वह शुक्रवार को होने वाले विरोध प्रदर्शन में शामिल होंगी. उन्होंने बताया कि INDIA ब्लॉक के वरिष्ठ नेता भी इस मार्च में हिस्सा लेने वाले हैं.
अरविंद ओझा