राजधानी में CJP के प्रस्तावित विरोध-प्रदर्शन के मद्देनजर दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (DMRC) ने एक और बड़ा फैसला लिया है. DMRC ने न्यू दिल्ली मेट्रो स्टेशन को अगले आदेश तक बंद कर दिया है. ताजा अपडेट के मुताबिक, इस स्टेशन पर अब इंटरचेंज की सुविधा भी उपलब्ध नहीं होगी.
DMRC ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर जारी सूचना में कहा कि "न्यू दिल्ली मेट्रो स्टेशन को अगले आदेश तक बंद किया गया है. इस स्टेशन पर कोई इंटरचेंज सुविधा भी उपलब्ध नहीं होगी. यात्रियों को होने वाली असुविधा के लिए हमें खेद है."
इससे पहले DMRC ने सुरक्षा कारणों से शुक्रवार सुबह 7:30 बजे से 17 मेट्रो स्टेशनों को अगले आदेश तक बंद रखने की घोषणा की थी.
उस समय राजीव चौक, मंडी हाउस और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट स्टेशनों पर केवल इंटरचेंज की सुविधा जारी रखने का निर्णय लिया गया था.हालांकि अब न्यू दिल्ली मेट्रो स्टेशन को पूरी तरह बंद कर दिया गया है, जिससे यहां से यात्रा करने वाले यात्रियों को वैकल्पिक मार्ग अपनाने होंगे.
यह भी पढ़ें: राजीव चौक-जनपथ... CJP प्रोटेस्ट के कारण दिल्ली मेट्रो के 16 स्टेशन बंद, ना चढ़ पाएंगे-ना उतर पाएंगे यात्री
इससे पहले जिन 17 मेट्रो स्टेशनों को बंद किया गया था, उनमें लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, पटेल चौक, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, बाराखंभा रोड, सुप्रीम कोर्ट, सेवा तीर्थ, जनपथ, मंडी हाउस, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट, आईटीओ, दिल्ली गेट, इंद्रप्रस्थ, खान मार्केट, जोर बाग, शिवाजी स्टेडियम और झंडेवालान शामिल हैं.
दिल्ली पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां राजधानी में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पहले ही हाई अलर्ट पर हैं. बड़ी संख्या में अर्धसैनिक बलों की तैनाती की गई है, जबकि पुलिसकर्मियों की छुट्टियां भी अगले आदेश तक रद्द कर दी गई हैं. ऐसे में सुरक्षा व्यवस्था को देखते हुए मेट्रो सेवाओं में यह बदलाव किया गया है. यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे यात्रा पर निकलने से पहले DMRC के आधिकारिक अपडेट जरूर देखें और वैकल्पिक मार्गों की योजना बनाकर ही घर से निकलें.
aajtak.in