दिल्ली के करोल बाग में शुक्रवार सुबह आग लगने से अफरा-तफरी मच गई. गफ्फार मार्केट की चेन वाली गली में पुरी प्लाजा की एक दुकान में आग लगी. आग बुझाने के लिए दमकल की 22 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं. फिलहाल आग पर काबू पा लिया गया है.
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच से पता चला है कि आग ग्राउंड फ्लोर पर मौजूद मोबाइल बैटरी की एक दुकान से शुरू हुई. आशंका है कि बैटरियों की ओवरचार्जिंग की वजह से उनमें आग लग गई हो. आग लगने के सटीक कारण का पता कूलिंग ऑपरेशन पूरा होने के बाद ही चल पाएगा.
दमकल विभाग को रात 1:30 बजे आग लगने की सूचना मिली थी. ताजा जानकारी के मुताबिक, आग एक दुकान से शुरू हुई और आसपास की दुकानों तक फैल गई थी.
राहत और बचाव कार्य में मदद के लिए अतिरिक्त पानी के टैंकर और रोशनी के उपकरण भी घटनास्थल पर भेजे गए थे.
आग पर कंट्रोल पाने के बाद डिप्टी चीफ फायर ऑफिसर एम.के. चट्टोपाध्याय का बयान आया. उन्होंने कहा, 'इमारत में हवा आने-जाने (वेंटिलेशन) का सही इंतजाम नहीं है. यहां सिर्फ एक सीढ़ी है और हर मंजिल पर लगभग 14-15 दुकानें हैं. हमें रात 1:30 बजे कॉल मिली थी. इमारत में एक बेसमेंट, एक ग्राउंड फ्लोर और तीन ऊपरी मंजिलें (G+3) हैं. बेसमेंट सुरक्षित है. आग ग्राउंड फ्लोर की एक या दो दुकानों में लगी और फिर ऊपर की मंजिलों तक फैल गई. इमारत में मोबाइल एक्सेसरीज और क्रॉकरी की दुकानें थीं. अभी तक हमें किसी के हताहत होने की कोई जानकारी नहीं मिली है.'
aajtak.in