4 दिन की मशक्कत, 25 KM का एरिया और 100 CCTV... दिल्ली में ऐसे पकड़ा गया हिट एंड रन का आरोपी

दिल्ली में हुए एक हिट एंड रन केस में पुलिस ने चार दिन की लगातार मशक्कत और 100 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की जांच के बाद आखिरकार आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. यह हादसा भीकाजी कामा प्लेस के पास हुआ था, जिसमें एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई थी. आरोपी को पश्चिम विहार से पकड़ा गया है और पूछताछ में उसने जुर्म कबूल कर लिया है.

Advertisement
पुलिस ने आरोपी को किया अरेस्ट. (Representational image) पुलिस ने आरोपी को किया अरेस्ट. (Representational image)

हिमांशु मिश्रा

  • नई दिल्ली,
  • 01 मई 2025,
  • अपडेटेड 2:54 PM IST

दिल्ली के भीकाजी कामा प्लेस इलाके में हुए एक हिट एंड रन केस में दिल्ली पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. चार दिन की सघन जांच और 100 से ज्यादा सीसीटीवी कैमरों की पड़ताल के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. इस घटना में एक 34 वर्षीय व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई थी.

जानकारी के अनुसार, यह घटना 26 अप्रैल की रात करीब 10 बजे की है, जब दिल्ली पुलिस कंट्रोल रूम में सूचना मिली कि भीकाजी कामा प्लेस के सामने एक तेज रफ्तार कार ने एक व्यक्ति को टक्कर मार दी है. घायल को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी. मृतक की पहचान 34 वर्षीय मूलू निवासी टीकमगढ़ मध्य प्रदेश के रूप में हुई. पुलिस ने परिजनों को सूचना देकर केस दर्ज किया और जांच शुरू की.

Advertisement

यह भी पढ़ें: इंदौर में हिट एंड रन, घर के बाहर रंगोली बना रही लड़की समेत दो को कुचला, हिरासत में 17 साल का आरोपी

पुलिस ने घटना स्थल और आसपास के इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की गहन जांच शुरू की. इसी दौरान एक चश्मदीद ने बताया कि उसने एक सफेद रंग की कार को टक्कर मारते हुए देखा था. इसी सुराग के आधार पर पुलिस ने करीब 25 किलोमीटर के दायरे में फैले 100 से अधिक कैमरों की फुटेज खंगाली. आखिरकार, एक कार नजर आई, जिसके आगे के हिस्से में नया डेंट था.

इस कार को रिंग रोड, अफ्रीका एवेन्यू होते हुए पश्चिम विहार के शिव विहार तक ट्रैक किया गया. लगातार चार दिन की छानबीन और तकनीकी विश्लेषण के बाद पुलिस ने आरोपी राजेश मेहता को पश्चिम विहार से गिरफ्तार किया. सूत्रों के अनुसार, पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि दुर्घटना के बाद वह घबरा गया था और इसीलिए मौके से फरार हो गया. फिलहाल आरोपी के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जा रही है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »