दशहरे पर चप्पे-चप्पे पर पहरा! दिल्ली-NCR में भीड़ से लेकर ट्रैफिक तक के लिए खास प्लान, 13 हजार पुलिसकर्मी अलर्ट

दशहरे के मौके पर दिल्ली-NCR में सुरक्षा के लिए 13 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात किए जाएंगे. दिल्ली में करीब 10 हजार, गुरुग्राम में 2,200 और फरीदाबाद में 1,200 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है. गुरुग्राम में 66 रावण दहन स्थलों और 17 धार्मिक जुलूसों के लिए खास इंतजाम किए गए हैं. पुलिस ने भीड़ नियंत्रण, ट्रैफिक व्यवस्था और चोरी-झपटमारी जैसी घटनाओं को रोकने के लिए तैयारी की है.

Advertisement
दशहरे के मौके पर आज दिल्ली-NCR में करीब 13 हजार पुलिसकर्मी सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे. (Representational Image-AFP) दशहरे के मौके पर आज दिल्ली-NCR में करीब 13 हजार पुलिसकर्मी सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगे. (Representational Image-AFP)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 20 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 5:29 AM IST

दिल्ली-NCR में आज दशहरे के मौके पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है. त्योहार के दौरान भीड़ को संभालने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 13 हजार से ज्यादा पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं. पुलिस ने प्रमुख मंदिरों, पूजा पंडालों, रावण दहन स्थलों और धार्मिक जुलूसों वाले इलाकों में खास इंतजाम किए हैं. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि, दिल्ली में करीब 10 हजार पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे. गुरुग्राम में 2,200 और फरीदाबाद में 1,200 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है. सुरक्षा के साथ-साथ ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए भी योजना बनाई गई है.

Advertisement

दिल्ली में 10 हजार पुलिसकर्मी तैनात

दिल्ली पुलिस का कहना है कि संवेदनशील जगहों पर पुलिसकर्मी चौबीसों घंटे तैनात रहेंगे. वरिष्ठ अधिकारी अलग-अलग तैनाती स्थलों का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा करेंगे. जरूरत के हिसाब से अतिरिक्त पुलिस बल भी लगाया जाएगा. मंदिरों, पंडालों और दशहरे के कार्यक्रमों में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है. ऐसे में पुलिस भीड़ को नियंत्रित करने और किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहेगी.

दिल्ली के सेंट्रल जिले के अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त अंगद मेहता ने बताया कि त्योहारों के दौरान इलाके में लोगों की आवाजाही काफी बढ़ जाती है. नवरात्र के दौरान झंडेवालान मंदिर में भी बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं. इसके साथ ही कई जगह दुर्गा पूजा के कार्यक्रम भी चल रहे हैं. उन्होंने बताया कि सुरक्षा के लिए महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों को चौबीसों घंटे तैनात किया गया है. वरिष्ठ अधिकारी भी नियमित रूप से सुरक्षा व्यवस्था का जायजा ले रहे हैं.

Advertisement

गुरुग्राम में 66 रावण दहन स्थलों पर इंतजाम

वहीं गुरुग्राम में दशहरे के लिए 2,200 पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है. पुलिस ने जिले में रावण दहन के 66 स्थानों की पहचान की है. इनमें 12 बड़े और 54 छोटे स्थल शामिल हैं. जोन के हिसाब से ईस्ट जोन में 16, वेस्ट जोन में 23, साउथ जोन में 7 और मानेसर जोन में 20 स्थल हैं. हर जगह सुरक्षा और भीड़ नियंत्रण की जिम्मेदारी पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को दी गई है.

जिले में दशहरे के दौरान 17 धार्मिक जुलूस भी निकाले जाएंगे. इनमें ईस्ट जोन में 3, वेस्ट जोन में 9, साउथ जोन में 2 और मानेसर जोन में 3 जुलूस शामिल हैं. पुलिस ने इन सभी कार्यक्रमों के लिए अलग-अलग सुरक्षा इंतजाम किए हैं.

गुरुग्राम पुलिस का कहना है कि, 12 बड़े रावण दहन स्थलों पर एक-एक दमकल गाड़ी, एक एंबुलेंस और एक ड्यूटी मजिस्ट्रेट तैनात रहेगा. किसी भी आपात स्थिति में तुरंत मदद पहुंचाने के लिए हर पुलिस जोन में दो दमकल गाड़ियां और दो एंबुलेंस अतिरिक्त रूप से तैयार रहेंगी. पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को भीड़ संभालने, लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने और कानून-व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी दी गई है.

फरीदाबाद में 1,200 पुलिसकर्मियों की तैनाती

Advertisement

फरीदाबाद में भी दशहरे के मद्देनजर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं. पुलिस ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए 1,200 पुलिसकर्मियों को तैनात किया है. पुलिस की टीमें प्रमुख कार्यक्रम स्थलों और ज्यादा भीड़ वाले इलाकों पर नजर रखेंगी. सुरक्षा के साथ यातायात व्यवस्था को भी सुचारू रखने पर जोर दिया गया है.

दशहरे के दौरान भीड़भाड़ वाले इलाकों में जेब काटने, मोबाइल छीनने और दूसरी आपराधिक घटनाओं की आशंका को देखते हुए पुलिस सतर्क रहेगी. संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए पुलिसकर्मियों को जरूरी निर्देश दिए गए हैं. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे सुरक्षा कर्मियों के निर्देशों का पालन करें. किसी संदिग्ध वस्तु या गतिविधि की जानकारी तुरंत नजदीकी पुलिसकर्मी को दें.
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »