पत्थर और घास से बनाते थे जीरा, पुलिस की रेड में बरामद हुआ 20 हजार किलो

दिल्ली पुलिस ने राजधानी के बवाना में नकली जीरा बनाने वाली फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है. यहां एक खास किस्म की घास, पत्थर के दाने और एक खास सीरे के इस्तेमाल से जीरा बनाया जाता था.

Advertisement
पुलिस की गिरफ्त में आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आरोपी

हिमांशु मिश्रा

  • नई दिल्ली,
  • 20 नवंबर 2019,
  • अपडेटेड 12:18 AM IST

  • दिल्ली पुलिस ने बवाना में की छापेमारी
  • 20 हजार किलो नकली जीरा बरामद

दिल्ली पुलिस ने राजधानी के बवाना में नकली जीरा बनाने वाली फैक्ट्री का पर्दाफाश किया है. यहां एक खास किस्म की घास, पत्थर के दाने और एक खास सीरे के इस्तेमाल से बनाया जाता था. दरअसल, दिल्ली पुलिस को खबर मिली कि बवाना के पूठ खुर्द इलाके में नकली जीरे की फैक्ट्री चल रही है.

Advertisement

पहले तो पुलिस को यकीन नहीं हुआ, लेकिन अपने मुखबिरों के जरिए पुलिस ने पूरी जानकारी निकाली तो पता लगा कि जीरा नकली है और पत्थर को पीसकर उसे घास से खास तरीके से मिलाकर तैयार किया जाता है. इसके बाद पुलिस ने खाद्य और सुरक्षा विभाग से सम्पर्क किया, फिर उनकी टीम के साथ फैक्ट्री पर रेड मारी.

पुलिस ने फैक्ट्री से 20 हजार किलो तैयार नकली जीरा और 8 हजार किलो कच्चा माल बरामद किया है. तैयार जीरे को आगे भेजे जाने की भी पूरी तैयारी हो गई थी. तैयार नकली जीरे को उत्तर प्रदेश और राजस्थान समेत कई दूसरे राज्यों में भेजा जाना था.

जीरा बनाने का सामान भी राजस्थान से ही दिल्ली आया था. उसमें पीसा हुआ पत्थर, खास किस्म की घास और एक सीरा मिला है. सीरे में से ही जीरे की महक आ रही थी. जानकारी के मुताबिक सीरे की वजह से ही पत्थर और घास जीरे की तरह महकने लगता था. पुलिस ने इस मामले में अब तक 5 लोगों को गिरफ्तार किया है.

Advertisement

पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वो लोग इस नकली जीरे को महज 20 रुपए किलो के हिसाब से दुकानदारों को बेचते थे, जबकि असली जीरे का भाव करीब 300 रुपए किलो है. ये लोग अगस्त महीने से इस फैक्ट्री को चला रहे थे, अब पुलिस इनसे ये पता लगा रही है कि ये लोग किन दुकानदारों को ये जीरा बेचते थे.

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »