राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के कई हिस्सों में मंगलवार को मूसलाधार बारिश हो रही है. अगले कुछ घंटों तक तेज बारिश का यह दौर जारी रहने की संभावना है. मौसम विभाग ने दिल्ली के लिए भारी बारिश और आंधी-तूफान का रेड अलर्ट जारी किया है.
दिल्ली-NCR के कई इलाकों में आगामी कुछ घंटे हल्की आंधी और बिजली कड़कने के साथ मध्यम से भारी बारिश हो सकती है. लोनी देहात, हिंडन एयर फोर्स स्टेशन, इंदिरापुरम, नोएडा, गुरुग्राम, फरीदाबाद, मानेसर, यमुनानगर, पानीपत, गन्नौर, सोनीपत, रोहतक, खरखौदा, झज्जर, फरुखनगर, सोहना, बड़ौत, खेकड़ा समेत कई इलाकों में तेज बारिश का पूर्वानुमान जताया गया है.
सोमवार को भी राजधानी दिल्ली के कई हिस्सों में तेज बारिश देखी गई थी. मौसम विभाग के मुताबिक, मंगलवार को भी राजधानी दिल्ली में बारिश का दौर जारी रहने वाला है. बारिश के मद्देजनर दफ्तर जाने वालों, स्कूल-कॉलेज जाने वाले लोगों को ट्रैफिक जाम का भी सामना करना पड़ रहा है. तेज बारिश के कारण कई इलाकों पर जलभराव भी देखने को मिल रहा है. भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए गुरुग्राम प्रशासन ने 25 अगस्त को स्कूलों और दफ्तरों के लिए 'वर्क फ्रॉम होम' की सलाह दी है.
भारी बारिश के कारण राजधानी के कई इलाकों में भारी जलभराव की समस्या देखने को मिल रही है. सड़कों पर पानी भरने के कारण मंगलवार को ट्रैफिक की रफ्तार धीमी पड़ गई है. इससे ऑफिस जाने वाले लोगों के साथ-साथ स्कूल-कॉलेज जाने वाले छात्रों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है.
दिल्ली के अलावा मौसम विभाग ने केरल के भी कुछ जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. इडुक्की, एर्नाकुलम, त्रिशूर, मलप्पुरम, कोझिकोड, वायनाड और कन्नूर ज़िलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. विभाग के मुताबिक इन जिलों में 24 घंटों में कहीं-कहीं मध्यम से तेज बारिश हो सकती है.
पथानामथिट्टा, अलाप्पुझा, कोट्टायम, इडुक्की, एर्नाकुलम, त्रिशूर, मलप्पुरम, कोझिकोड और वायनाड जैसे इलाकों के लिए मंगलवार को येलो अलर्ट जारी किया गया है. वहीं, बुधवार को पथानामथिट्टा, कोट्टायम, इडुक्की और एर्नाकुलम के लिए बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है. इन इलाकों में आगामी 24 घंटों में तेज बारिश हो सकती है.
भारी बारिश की चेतावनी को देखते हुए अधिकारियों ने भूस्खलन, मडस्लाइड और फ्लैश-फ्लड की आशंका वाले इलाकों में रहने वाले लोगों को अधिकारियों के दिशा-निर्देशों का पालन करने की सलाह दी है.
यह भी पढ़ें: भारी बारिश से जलमग्न हुआ गुरुग्राम! स्कूलों-दफ्तरों को आज Work From Home की सलाह
अरुणाचल प्रदेश में 28 अगस्त तक तेज बारिश का दौर जारी रहने की संभावना है. मौसम विभाग ने मंगलवार और बुधवार के लिए राज्य के 23 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया है. वहीं, गुरुवार को तवांग, वेस्ट कामेंग, ईस्ट कामेंग, पाक्के-केसांग, पापुम पारे, कुरुंग कुमे और क्रा दादी समेत 20 जिलों में बारिश की संभावना है. शुक्रवार को तवांग, वेस्ट और ईस्ट कामेंग, पाक्के-केसांग, पापुम पारे, कुरुंग कुमे, क्रा दादी, कामले, लोअर सुबनसिरी और चांगलांग ज़िलों के कुछ हिस्सों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है. इन इलाकों में कुछ जगहों पर बिजली कड़कने के साथ भारी बारिश और आंधी-तूफान की आशंका है.
आशुतोष मिश्रा