दिल्ली में 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी के प्रस्तावित प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस अलर्ट पर है. भीड़ बढ़ने की आशंका के कारण पुलिस ने दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन यानी DMRC को पत्र लिखा है. जंतर-मंतर और नई दिल्ली जिले की कुछ और जगहों पर प्रस्तावित प्रदर्शनों को देखते हुए DMRC से 57 मेट्रो स्टेशनों के एंट्री और एग्जिट गेट बंद करने का अनुरोध किया है. पुलिस ने कहा है कि ये गेट 9 अक्टूबर की रात 9 बजे से बंद किए जा सकते हैं और 10 अक्टूबर को हालात सामान्य होने तक बंद रह सकते हैं. इन स्टेशनों से गुजरने वाली मेट्रो ट्रेनों के फेरे भी घटाए जा सकते हैं. DMRC ने इस पर क्या फैसला लिया है, यह अभी साफ नहीं है.
यह अनुरोध एक चिट्ठी के जरिए किया गया है, जो 8 अक्टूबर को दिल्ली पुलिस के ट्रांसपोर्ट रेंज के संयुक्त पुलिस आयुक्त रजनीश गुप्ता की ओर से भेजी गई. चिट्ठी DMRC के प्रबंध निदेशक विकास कुमार के नाम है और इसका विषय 9 और 10 अक्टूबर को मेट्रो स्टेशनों के एंट्री और एग्जिट गेट बंद करने से जुड़ा है. इसकी कॉपी पुलिस कमिश्नर के OSD, DMRC के चीफ सिक्योरिटी कमिश्नर सुवाशीष चौधरी, स्पेशल सीपी (PTS डिवीजन) के एसओ और डीसीपी मेट्रो को भी भेजी गई है.
चिट्ठी में वजह भी बताई गई है. पुलिस के मुताबिक 10 अक्टूबर को जंतर-मंतर और नई दिल्ली जिले की दूसरी जगहों पर प्रदर्शन प्रस्तावित हैं. पुलिस को आशंका है कि इस दौरान बेकाबू भीड़ संवेदनशील जगहों की तरफ बढ़ सकती है. इसी खतरे को देखते हुए इन स्टेशनों से गुजरने वाली ट्रेनों के फेरे घटाने और गेट बंद करने की बात कही गई है. पुलिस ने DMRC से संबंधित अधिकारियों और स्टाफ को जरूरी निर्देश देने को कहा है.
यह भी पढ़ें: CJP प्रोटेस्ट से पहले दिल्ली आने वाली कई ट्रेनें कैंसिल, कांग्रेस के धरने के बीच 5000 लोगों की ट्रेन छूटी
सूची में शामिल 57 स्टेशन ये हैं: जनपथ, पटेल चौक, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट, लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, नई दिल्ली, सेवा तीर्थ (उद्योग भवन), मंडी हाउस, बाराखंभा रोड, आईटीओ, दिल्ली गेट, खान मार्केट, आर के आश्रम मार्ग, झंडेवालान, सुप्रीम कोर्ट, इंद्रप्रस्थ, शिवाजी स्टेडियम, आईएनए (दोनों मेट्रो लाइनें), हौज खास, जोर बाग, अर्जनगढ़, सराय काले खां निजामुद्दीन, लाजपत नगर, जंगपुरा, आश्रम, कालिंदी कुंज, जसोला, जामिया मिलिया इस्लामिया, ओखला विहार, चावड़ी बाजार, जामा मस्जिद, करोल बाग, राजेंद्र प्लेस, विश्वविद्यालय, विधान सभा, सिविल लाइंस, कश्मीरी गेट, इंदरलोक, जीटीबी नगर, कन्हैया नगर, नेताजी सुभाष प्लेस, आजादपुर, आदर्श नगर, जहांगीरपुरी, हैदरपुर बादली मोड़, मजलिस पार्क, शालीमार बाग, सीलमपुर, मौजपुर, जाफराबाद, वेलकम, यमुना विहार, खजूरी खास, शाहदरा, रिठाला, रोहिणी ईस्ट और रोहिणी वेस्ट.
दिल्ली मेट्रो पुलिस कंट्रोल रूम के नंबर 22183903, 8745001709 और 6828400576 हैं. DMRC के आधिकारिक फैसले या अपडेट के बाद ही साफ होगा कि गेट बंद होंगे या नहीं और मेट्रो सेवाओं पर क्या असर पड़ेगा.
हिमांशु मिश्रा