दिल्ली सरकार ने महिला आयोग और अल्पसंख्यक आयोग में नई नियुक्तियों का ऐलान किया है. लता गुप्ता को दिल्ली महिला आयोग (DCW) का नया अध्यक्ष बनाया गया है. लता गुप्ता शकरपुर इलाके से पूर्व निगम पार्षद रह चुकी हैं और सामाजिक कार्यों में सक्रिय रही हैं.
CMO ने एक बयान जारी करते हुए बताया कि दिल्ली महिला आयोग में पांच नए सदस्यों की नियुक्ति भी की गई है. इनमें श्याम बाला, मालती वर्मा, लता सोढ़ी, सनरक्षिका शर्मा झा और रेनू भल्ला का नाम शामिल है.
मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने नव-नियुक्त पदाधिकारियों को सोशल मीडिया पर बधाई भी दी. उन्होंने भरोसा जताते हुए कहा कि सभी अधिकारी अपनी जिम्मेदारी बखूबी निभाएंगे.
रेखा गुप्ता ने दी अधिकारियों को बधाई
CM रेखा गुप्ता ने कहा, 'दिल्ली महिला आयोग की नव-नियुक्त अध्यक्ष लता गुप्ता और सभी सदस्यगण को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएं. मुझे पूरा भरोसा है कि आप सभी दिल्ली सरकार के साथ समन्वय स्थापित कर महिलाओं की सुरक्षा, गरिमा, अधिकारों और सशक्तिकरण को नई दिशा देंगी और एक संवेदनशील, न्यायपूर्ण और सुरक्षित दिल्ली के निर्माण में अहम योगदान देंगी.'
मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए लता गुप्ता ने कहा, 'दिल्ली महिला आयोग (DCW) की चेयरपर्सन के तौर पर मुझे ये जिम्मेदारी देने के लिए मुख्यमंत्री का दिल से शुक्रिया. मैं सच में सम्मानित महसूस कर रही हूं और दिल्ली की हर महिला की सुरक्षा, सम्मान और एम्पावरमेंट के लिए ईमानदारी से काम करने के लिए कमिटेड हूं.'
अल्पसंख्यक आयोग में भी नई नियुक्तियां
दिल्ली सरकार ने दिल्ली अल्पसंख्यक आयोग में भी बड़े बदलाव किए हैं. सरकार ने निर्मल जैन को दिल्ली अल्पसंख्यक आयोग का नया अध्यक्ष नियुक्त किया है. इसके अलावा कुलदीप सिंह और मोहम्मद हारून को आयोग का नया सदस्य बनाया गया है. सरकार का कहना है कि ये नियुक्तियां समाज के सभी वर्गों के अधिकारों, सम्मान और कल्याण को ध्यान में रखकर की गई हैं.
बता दें कि दिल्ली महिला आयोग राजधानी में महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान, अधिकारों के संरक्षण और उनके सशक्तिकरण के लिए काम करता है. वहीं, अल्पसंख्यक आयोग समाज के अल्पसंख्यक समुदायों के अधिकारों की रक्षा और उनके कल्याणकारी मुद्दों पर ध्यान केंद्रित करता है.
aajtak.in