दिवाली के त्योहार से पहले बाजारों में रौनक बढ़ने लगी है. कल धनतेरस है, ऐसे में सड़कों पर वाहनों का दबाव भी बढ़ गया है. पूर्वी दिल्ली के आनंद विहार इलाके में गुरुवार को लंबा ट्रैफिक जाम देखने को मिला. आनंद विहार बस अड्डे और रेलवे स्टेशन के सामने वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. जाम के चलते लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा. गाजीपुर से आनंद विहार और सीमापुरी की ओर जाने वाले मार्ग पर गाड़ियां रेंगती हुई नजर आईं.
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने जारी की एडवाइजरी
जाम की तस्वीरें भी सामने आई हैं. उधर, दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने जाम के संबंध में एडवाइजरी जारी कर वाहन चालकों को कुछ रास्तों से बचने और वैकल्पिक मार्गों का इस्तेमाल करने की सलाह दी है. ट्रैफिक पुलिस के मुताबिक, सीलमपुर से जाफराबाद के बीच रोड नंबर 66 और जीटी रोड पर शास्त्री पार्क से सीलमपुर के बीच यातायात का दबाव अधिक रहने की संभावना है. रोड नंबर 66 पर गुरुवार को लगने वाले साप्ताहिक बाजार और पैदल चलने वालों की भारी आवाजाही के कारण इन मार्गों पर ट्रैफिक धीमा रह सकता है.
इन दो रास्तों पर भारी ट्रैफिक की आशंका
1. रोड नंबर 66: सीलमपुर से जाफराबाद के बीच.
2. जीटी रोड: शास्त्री पार्क से सीलमपुर के बीच.
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने बताया कि यातायात को नियंत्रित करने के लिए मौके पर ट्रैफिक कर्मियों की तैनाती की गई है. पुलिसकर्मी वाहनों की आवाजाही को सुचारु बनाए रखने का प्रयास कर रहे हैं.
वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की सलाह
ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे इन दोनों मार्गों पर जाने से बचें और अपनी यात्रा के लिए वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें. किसी भी आपात स्थिति में दिल्ली ट्रैफिक पुलिस के हेल्पलाइन नंबर 1095 पर संपर्क किया जा सकता है.
इससे पहले बुधवार को भी दिल्ली के कई इलाकों में भीषण ट्रैफिक जाम देखने को मिला. त्योहारों की खरीदारी के लिए बाजारों में उमड़ी भीड़, सड़कों पर बेतरतीब पार्किंग और ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) के तहत लागू पाबंदियों ने यातायात व्यवस्था को बुरी तरह प्रभावित किया. सदर बाजार और करोल बाग से लेकर मध्य, उत्तरी और दक्षिणी दिल्ली के कई इलाकों में वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं. कई जगह वाहन रेंगते नजर आए और लोगों को घंटों तक जाम से जूझना पड़ा.
दिल्ली के प्रमुख बाजारों में दिवाली की खरीदारी के लिए पहुंचने वाले लोगों की भीड़ ने पहले से व्यस्त सड़कों पर दबाव और बढ़ा दिया. यात्रियों ने कई प्रमुख चौराहों पर ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की पर्याप्त तैनाती नहीं होने और अवैध पार्किंग के खिलाफ कार्रवाई नहीं किए जाने की शिकायत की.
सदर बाजार और करोल बाग में बुरा हाल
सदर बाजार में कुतुब रोड चौक की ओर जाने वाली सड़क पर भारी जाम की शिकायत सामने आई. लोगों के मुताबिक, फुटपाथ के किनारे दोपहिया और अन्य वाहन अवैध तरीके से खड़े किए गए थे, जिससे पैदल चलने वालों के लिए भी जगह नहीं बची थी. यात्रियों ने अवैध रूप से खड़े वाहनों को हटाने के लिए क्रेन की व्यवस्था नहीं होने पर भी सवाल उठाए. करोल बाग के अजमल खान रोड पर भी ऐसी ही स्थिति देखने को मिली. लोगों ने शिकायत की कि सड़क पर जहां-तहां वाहन खड़े किए जा रहे हैं और रोजाना समस्या सामने आने के बावजूद कार्रवाई नहीं हो रही है.
कहीं 20 मिनट तो कहीं आधे घंटे तक फंसे रहे वाहन
उत्तरी और मध्य दिल्ली के कई इलाकों में ट्रैफिक जाम की शिकायतें सामने आईं. इंद्रलोक में यात्रियों ने बताया कि ट्रैफिक सिग्नल पर करीब आधे घंटे तक वाहन लगभग एक ही जगह खड़े रहे. तीन मूर्ति मार्ग और कुशक रोड पर वाहन चालकों को करीब 20 मिनट तक जाम का सामना करना पड़ा. वहीं, 11 मूर्ति से धौला कुआं की ओर जाने वाली सड़क पर भी भारी जाम की शिकायत मिली. तालकटोरा रोड से शंकर रोड की ओर जाने वाले रास्ते पर भी यातायात बुरी तरह प्रभावित रहा. ब्लाइंड स्कूल के आसपास दिवाली मेले के कारण सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं. लोगों ने ट्रैफिक पुलिस से यातायात व्यवस्था सुधारने की मांग की.
कालकाजी में 200 से ज्यादा गाड़ियां जाम में फंसीं
कालकाजी के पास मोदी मिल इलाके में वाहन चालकों ने दावा किया कि 200 से अधिक कारें आधे घंटे से ज्यादा समय तक ट्रैफिक जाम में फंसी रहीं. लोगों के मुताबिक, खासकर व्यस्त समय में यहां जाम लगना रोज की समस्या बन गई है. द्वारका और ईस्ट ऑफ कैलाश में भी यातायात प्रभावित होने की शिकायतें सामने आईं. केशव पुरम के पास प्रेरणा चौक और केशव पुरम मेट्रो स्टेशन के बाहर भी भारी जाम की स्थिति रही. यात्रियों ने आरोप लगाया कि सड़कों पर खड़े वाहन और गलत तरीके से की गई पार्किंग के कारण यातायात बाधित हो रहा है.
आजादपुर फ्लाईओवर पर भी वाहन धीमी रफ्तार से चलते नजर आए. लोगों ने गलत दिशा में वाहन चलाने और यातायात नियमों के उल्लंघन की शिकायत की.
वसंत कुंज और जसोला में भी अवैध पार्किंग से परेशानी
दक्षिणी दिल्ली में वसंत कुंज पुलिस स्टेशन के बाहर भी जाम की शिकायतें सामने आईं. वाहन चालकों ने इसके लिए पुलिस स्टेशन के बाहर बड़ी संख्या में खड़े वाहनों और पास के ट्रैफिक सिग्नल को जिम्मेदार बताया. जसोला में यात्रियों ने आरोप लगाया कि सड़क के कई हिस्सों पर अवैध पार्किंग हो रही है. लोगों के मुताबिक, ट्रैफिक पुलिसकर्मियों ने पार्किंग व्यवस्था के लिए दिल्ली नगर निगम (MCD) की अनुमति का हवाला दिया.
गाजीपुर बॉर्डर पर GRAP की पाबंदियों से बढ़ा जाम
दिल्ली में प्रदूषण नियंत्रण के लिए लागू GRAP की पाबंदियों का असर भी यातायात पर दिखाई दिया. गाजीपुर बॉर्डर पर गैर-BS-VI वाहनों के प्रवेश पर लागू प्रतिबंधों के कारण वाहनों की जांच की जा रही थी. उत्तर प्रदेश से दिल्ली में प्रवेश करने वाले वाहनों की जांच के दौरान ट्रैफिक पुलिसकर्मी उनकी रजिस्ट्रेशन सीरीज और अन्य जानकारियों के आधार पर पंजीकरण वर्ष और उत्सर्जन मानकों का पता लगा रहे थे. इससे बॉर्डर पर यातायात का दबाव बढ़ गया.
अक्षरधाम मंदिर के आसपास भी घने कोहरे और कम दृश्यता के बीच भारी जाम की तस्वीरें ऑनलाइन सामने आईं. इंद्रलोक, पीतमपुरा और केशव पुरम समेत कई इलाकों से भी यातायात बाधित होने की शिकायतें मिलीं. जाम से परेशान लोगों ने दिल्ली ट्रैफिक पुलिस से प्रमुख चौराहों पर अतिरिक्त पुलिसकर्मियों और स्वयंसेवकों की तैनाती करने की मांग की. यात्रियों का कहना है कि बेतरतीब पार्किंग, सड़कों पर अतिक्रमण और पर्याप्त ट्रैफिक कर्मियों की कमी के कारण त्योहारों के दौरान उनकी परेशानी और बढ़ गई है.
रोहतास यादव