बिहार: खेत में शराब छुपाने से रोका तो चार लोगों ने पीट-पीट कर दी किसान की हत्या

बिहार के आरा में मामूली विवाद के बाद एक शख्स की हत्या कर दी गई. दरअसल जब एक किसान ने कुछ लोगों को अपने खेत में शराब छुपाने से रोका तो उनके बीच विवाद हो गया और फिर चार लोगों ने पीट-पीटकर उनकी हत्या कर दी.

Advertisement
मामूली विवाद में किसान की हत्या मामूली विवाद में किसान की हत्या

सोनू कुमार सिंह

  • आरा,
  • 03 फरवरी 2023,
  • अपडेटेड 1:16 PM IST

बिहार के आरा में मामूली विवाद को लेकर एक शख्स की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई. मृतक के परिजनों ने गांव के ही कुछ लोगों पर शराब को लेकर विवाद के बाद पीट-पीटकर हत्या करने का आरोप लगाया गया है.

घटना जगदीशपुर थाना क्षेत्र के दुल्हीनगंज स्थित कनक ईट भट्टा के पास की है. मृतक चंदीप सिंह के बेटे ने बताया कि उसके पिता पेशे से किसान थे. घटना की सूचना मिलने के बाद स्थानीय थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

Advertisement

जानकारी के अनुसार चंदीप सिंह का गांव के ही केदार यादव, विशेश्वर यादव, कमलेश यादव सहित 4 लोगों से पहले से विवाद चल रहा था. ये चारों आरोपी चंदीप सिंह के खेत में अवैध शराब को छुपाकर बिक्री किया करते थे जिसका चंदीप सिंह और उनके परिजन लगातार विरोध करते थे.

इसको लेकर आरोपियों द्वारा पहले भी मृतक और उसके परिवार वालों के साथ मारपीट की गई थी. गुरुवार रात चंदीप सिंह अपने घर से शौच के लिए गए हुए थे तभी आरोपियों द्वारा उनकी पीट-पीटकर निर्मम तरीके से हत्या कर दी गई.

घटना की सूचना मिलने के बाद जगदीशपुर थाना प्रभारी विलास पासवान फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और हत्या की जांच में जुट गए. वहीं इस घटना को लेकर जब  जगदीशपुर थाना प्रभारी विलास पासवान से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि घटना का कारण अभी साफ नहीं है लेकिन रात में सूचना मिलने के बाद हम लोग ईट भट्ठा पर पहुंचे तो देखा कि मृतक का शव पड़ा हुआ है.

Advertisement

थाना प्रभारी से मृतक के परिजनों के शराब मामले को लेकर पूछा गया तो उन्होंने कहा कि इस तरह की बातें अभी फिलहाल संज्ञान में नहीं है, अगर परिजन लिखित आवेदन देते हैं इस एंगल पर भी जांच की जाएगी और आरोपियों पर सख्त कानूनी कार्रवाई भी होगी.

 

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »