ज‍िंदा रहने पर किसने पूछा? संचिता की मौत पर रोने वालों से शीजान खान का सवाल

संचिता उगले की मौत के बाद शीजान खान ने सोशल मीडिया पर भावुक वीडियो शेयर किया. उन्होंने लोगों से पूछा कि किसी के जाने के बाद अफसोस करने के बजाय क्या आपने जिंदा रहते उससे संपर्क करने की कोशिश की थी?

Advertisement
शीजान खान ने पूछा तीखा सवाल (Photo: Instagram @sanchita_ugale @sheezan9) शीजान खान ने पूछा तीखा सवाल (Photo: Instagram @sanchita_ugale @sheezan9)

आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 16 जून 2026,
  • अपडेटेड 2:50 PM IST

कुमकुम भाग्य फेम टीवी एक्ट्रेस संचिता उगले की मौत पर हलचल मची हुई है. इंडस्ट्री में मौजूद दोस्त, करीबी सामने आकर अपनी-अपनी राय दे रहे हैं. फीलिंग्स को शेयर कर रहे हैं. बताया जा रहा है कि संचिता डिप्रेस्ड थीं, इस पर सेलेब्स अपना दुख भी जाहिर कर रहे हैं.
 
लेकिन एक्टर शीजान खान की अलग राय है. संचिता के आत्महत्या करने से उन्हें भी गहरा सदमा पहुंचा है. पर वो उन लोगों की सोच पर रोशनी डालना चाहते हैं जो अब सिर्फ पब्लिसिटी के लिए दुख जाहिर कर रहे हैं. संचिता ने 14 जून को मुंबई स्थित अपने घर में आत्महत्या कर ली थी. इस दुखद घटना के बाद शीजान ने सोशल मीडिया पर एक वीडियो शेयर कर लोगों से एक अहम सवाल पूछा.

Advertisement

संचिता उगले की मौत पर क्या बोले शीजान खान?

शीजान ने कहा कि जब भी किसी युवा व्यक्ति की मौत होती है, खासकर आत्महत्या जैसी घटनाओं में, सोशल मीडिया पर एक जैसी बातें देखने को मिलती हैं. लोग लिखते हैं- काश मैंने उसे फोन किया होता, हम मिलने वाले थे, मैं उसके साथ होता तो शायद ऐसा नहीं होता या ये कैसे हो गया?

उन्होंने कहा- मेरा सभी से एक बहुत सीधा सवाल है. जब भी कोई युवा इस दुनिया को छोड़कर जाता है, मैं सोशल मीडिया पर ऐसे ही पोस्ट देखता हूं. लेकिन मैं हर बार सोचता हूं कि जब वो इंसान जिंदा था, तब आपने उससे संपर्क करने की कितनी कोशिश की थी?

शीजान ने आगे कहा कि किसी के जाने के बाद दुख जताना और अफसोस करना बहुत आसान होता है, लेकिन जब कोई अपने दोस्तों या करीबियों से दूर होने लगता है, तब उसके पास पहुंचना और उसकी खबर लेना सबसे मुश्किल काम होता है.

Advertisement

उन्होंने कहा- आखिरी बार आपने कब उस दोस्त को फोन किया था जो कई महीनों से आपसे दूर हो रहा था? कब आपने किसी को सिर्फ ये पूछने के लिए कॉल किया था कि वो ठीक है या नहीं?

इस वीडियो को शेयर करते हुए उन्होंने लिखा- हर कोई किसी इंसान के चले जाने के बाद उसे याद करता है. लेकिन असली और मुश्किल सवाल ये है- जब वो आपके साथ था, तब आप किसे नजरअंदाज कर रहे थे?

'बाद में अफसोस करना आसान है'

शीजान ने लोगों से कहा कि रिश्तों को समय रहते संभालना जरूरी है. उन्होंने कहा- बाद में किसी के लिए दुख मनाना और अफसोस करना बहुत आसान है. लेकिन जब वो इंसान आपके साथ हो, तब उसके लिए समय निकालना और उसकी परवाह करना ही असली बात है. अगली बार सोशल मीडिया पर 'काश हम बात कर लेते' जैसी स्टोरी डालने से पहले खुद से जरूर पूछना कि क्या आपने मौका रहते सच में कोशिश की थी?

अपने वीडियो के आखिर में शीजान ने लोगों से अपील की कि अगर किसी दोस्त, रिश्तेदार या जान-पहचान वाले की याद आए तो उसे बाद के लिए टालने के बजाय तुरंत फोन करें, मैसेज करें या हालचाल पूछें. कई बार एक छोटी-सी बातचीत भी किसी के लिए बहुत मायने रख सकती है.

Advertisement

साल 2022 में शीजान खान को उनकी को-स्टार और एक्स-गर्लफ्रेंड टुनीषा शर्मा की मौत के मामले में आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था. टुनीषा की मां की शिकायत के बाद पुलिस ने कार्रवाई की थी. करीब 70 दिन जेल में रहने के बाद मार्च 2023 में शीजान को जमानत मिल गई थी.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »