टीवी का सबसे मशहूर और रोंगटे खड़े कर देने वाला रियलिटी शो 'खतरों के खिलाड़ी' एक बार फिर अपने नए सीजन के साथ दर्शकों को डराने और रोमांचित करने के लिए पूरी तरह तैयार है. मेकर्स की ओर से अभी तक शो की तारीख का कोई ऑफिशियल ऐलान नहीं किया गया है, लेकिन इसी बीच मेकर्स ने इस नए सीजन की एक बेहद दमदार और खौफनाक झलक शेयर कर दी है.
शो का नया प्रोमो सोशल मीडिया पर आते ही छा गया है, जिसमें सभी कंटेस्टेंट्स मुश्किल स्टंट्स का सामना करते हुए डर के मारे चीखते-चिल्लाते नजर आ रहे हैं. इस प्रोमो ने साफ कर दिया है कि इस बार का सफर आसान नहीं होने वाला है.
रोंगटे खड़े कर देने वाले स्टंट्स की झलक
सामने आए प्रोमो में डर का एक नया लेवल देखने को मिल रहा है. प्रोमो की शुरुआत ही एक चौंकाने वाले सीन से होती है, जहां रुबीना दिलैक चारों तरफ से खतरनाक और रेंगते हुए सांपों के बीच लेटी हुई नजर आ रही है. इसके बाद एक-एक करके दिल दहला देने वाले स्टंट्स की झलक दिखाई देती हैं.
डर के मारे निकली कंटेस्टेंट्स की चीखें
प्रोमो में आगे दिखाया गया है कि स्टंट्स का लेवल इस बार कितना ऊंचा और खतरनाक रखा गया है. एक कंटेस्टेंट को आसमान में उड़ते हुए हेलिकॉप्टर से लटकाया गया है, जहां वह डर के मारे जोर-जोर से चीखती हुई दिखाई दे रही है. वहीं, कुछ कंटेस्टेंट्स को ऊंचाई पर बने एक पोल पर लटककर टास्क पूरा करना पड़ रहा है, जिसमें उनकी हिम्मत जवाब देती दिख रही है.हर एक फ्रेम में कंटेस्टेंट्स का डर और उनकी चीखें साफ बयां कर रही हैं कि इस बार 'डर का नया दौर' शुरू होने वाला है.
रोहित शेट्टी का सिग्नेचर अंदाज
प्रोमो के अंत में शो के धांसू होस्ट और एक्शन डायरेक्टर रोहित शेट्टी अपने जाने-पहचाने कूल और स्वैग वाले अंदाज में नजर आते हैं. बैकग्राउंड में उड़ते हुए हेलिकॉप्टर और धमाकों के बीच रोहित शेट्टी मुस्कुराते हुए कंटेस्टेंट्स के इस खौफ का मजा लेते दिख रहे हैं.
इस धमाकेदार प्रोमो ने फैंस की एक्साइटमेंट को सातवें आसमान पर पहुंचा दिया है और अब हर कोई इसके टीवी पर ऑन-एयर होने का बेसब्री से इंतजार कर रहा है. रिलीज किए गए प्रोमो में रुबीना दिलैक, ओरी, फरहाना भट्ट, विशाल आदित्य सिंह, करण वाही, जैस्मीन भसीन, रुहानिका धवन जैसे खिलाड़ियों की झलक देखने को मिल रही है.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क