टीवी के पॉपुलर एक्टर राम कपूर इन दिनों रियलिटी शो 'लॉक अप सीजन 2' में दिए अपने बयान की वजह से जबरदस्त सुर्खियों में हैं. शादी और चीटिंग को लेकर उनकी बात सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुई, जिसके बाद उन्हें ट्रोल भी किया गया. लेकिन इस पूरे विवाद के बीच उनकी पत्नी गौतमी कपूर खुलकर उनके सपोर्ट में उतर आई हैं.
राम को मिला पत्नी का सपोर्ट
गौतमी कपूर ने अपने इंस्टाग्राम स्टोरी पर राम कपूर के साथ एक खूबसूरत तस्वीर शेयर की. फोटो के साथ उन्होंने लिखा, "Only Love" और रेड हार्ट इमोजी लगाकर साफ कर दिया कि उनके रिश्ते में आज भी प्यार बरकरार है.
यहीं नहीं, गौतमी ने सद्गुरु का एक वीडियो भी शेयर किया, जिसमें वह प्यार और भरोसे की बात करते नजर आते हैं. वीडियो में सद्गुरु कहते हैं कि अगर प्यार सच्चा है तो वह किसी एक इंसान तक सीमित नहीं होता. सच्चा प्यार इंसान की भावनाओं को खूबसूरत बना देता है और भरोसा ही रिश्ते की सबसे बड़ी ताकत है. गौतमी की इस पोस्ट को राम कपूर के लिए उनका इशारों-इशारों में समर्थन माना जा रहा है.
राम पर छिड़ा विवाद
दरअसल, 'लॉक अप' में राम कपूर ने शादी और रिश्तों पर अपनी राय रखते हुए कहा था कि 20-25 साल की शादीशुदा जिंदगी में अच्छे और बुरे दोनों दौर आते हैं. अगर किसी मुश्किल वक्त में किसी से गलती हो जाए, लेकिन आप अपने पार्टनर और बच्चों के बिना नहीं रह सकते, तो वक्त हर जख्म भर देता है. हर गलती रिश्ता खत्म करने की वजह नहीं बननी चाहिए. कभी-कभी ऐसी बातें गलती से भी हो जाती हैं.
राम कपूर के इस बयान पर सोशल मीडिया पर काफी बहस छिड़ गई. कई लोगों ने उनके विचारों का विरोध किया, जबकि कुछ यूजर्स ने उनका समर्थन भी किया.
शो में राम कपूर ने ऑनस्क्रीन किसिंग सीन पर भी खुलकर बात की. उन्होंने कहा कि अगर पति अपनी पत्नी को प्यार, भरोसा और सुरक्षा का एहसास कराए, तो फिल्मों या टीवी में किए गए किसिंग सीन से रिश्ते पर कोई असर नहीं पड़ता. उन्होंने यह भी बताया कि उनकी पत्नी गौतमी को उनके ऑनस्क्रीन किसिंग सीन से कभी कोई दिक्कत नहीं रही.
शादी को हुए 23 साल
राम कपूर और गौतमी कपूर की पहली मुलाकात साल 2000 के दशक में टीवी शो 'घर एक मंदिर' के सेट पर हुई थी. दोस्ती धीरे-धीरे प्यार में बदली और दोनों ने 14 फरवरी 2003 को शादी कर ली. आज दोनों दो बच्चों-बेटी सिया और बेटे अक्स- के माता-पिता हैं. सोशल मीडिया पर भी यह कपल अपनी मजेदार बॉन्डिंग और प्यारी नोकझोंक की वजह से फैंस का दिल जीतता रहता है.
बता दें कि 'लॉक अप: सच या सजा' को फराह खान और रितेश देशमुख होस्ट कर रहे हैं. शो में 15 सेलिब्रिटी कंटेस्टेंट्स अपनी निजी जिंदगी के कई चौंकाने वाले राज खोलते नजर आ रहे हैं.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क