देवोलीना भट्टाचार्जी टीवी टाउन का जाना-माना नाम हैं. एक्ट्रेस 'साथ निभाना साथिया', 'लाल इश्क' जैसे शोज में काम करके घर-घर में फेमस हुईं. करियर के पीक पर उन्होंने साल 2022 में शादी करके अपना घर बसा लिया. फिर वो बेटे की मां बनीं. मां बनने के बाद देवोलीना के एक्टिंग करियर पर ब्रेक लग गया. अब उन्होंने अपने कमबैक पर बात की है.
कमबैक पर बोलीं देवोलीना
देवोलीना के फैंस को उनकी वापसी का इंतजार रहता है. मगर एक्ट्रेस फिलहाल अपने बेटे को पूरा टाइम और अटेंशन दे रही हैं. बेटे के खातिर एक्ट्रेस ने अपने करियर को बैकफुट पर रखा हुआ है. अब उन्होंने फैंस के सवालों के जवाब देते हुए अपने कमबैक को लेकर जानकारी दी है.
देवोलीना ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर अपने लिटिल प्रिंस संग एक खास वीडियो शेयर किया है, जिसमें वो लाडले संग खेलती नजर आ रही हैं. कैप्शन में उन्होंने बताया कि इस समय उनके बेटे को उनकी सबसे ज्यादा जरूरत है, इसलिए वो उसके लिए पूरी तरह से मौजूद रहना चाहती हैं. उन्होंने आगे कहा कि जब सही समय आएगा, तो वो काम पर वापस लौटेंगी.
देवोलीना ने कैप्शन में बताया कि उनसे अक्सर ये सवाल पूछे जाते हैं- क्या आपने काम करना छोड़ दिया है? आप दोबारा कब काम पर लौटेंगी? अब आपको काम शुरू कर देना चाहिए.
बच्चे के लिए देवोलीना का सैक्रिफाइज
देवोलीना ने इन सवालों के जवाब में लिखा- मुझे ये सवाल अक्सर सुनने को मिलते हैं. मैं समझती हूं कि ये सवाल कहां से आते हैं. काम हमेशा से मेरी जिंदगी का अहम हिस्सा रहा है और मैंने हमेशा हर काम में अपना 100% देने में विश्वास रखा है. लेकिन आज जिंदगी ने मुझे एक ऐसा रोल दिया है जो इससे भी ज्यादा डिमांड करता है...वो है मदरहुड का.
'ये वो पल हैं जिनके लिए मैंने कभी प्रार्थना की थी. नन्ही सी मुस्कान और वो सुकून जो मेरा बच्चा मेरी बांहों में पाता है. अगर मैंने जिंदगी में हर चीज में अपना बेस्ट दिया है, तो मदरहुड 100% नहीं, बल्कि 500% का हकदार है. इस समय मेरे बेटे को मेरी सबसे ज्यादा जरूरत है और उसके लिए मौजूद रहने का फैसला मैंने प्यार से और बिना किसी हिचकिचाहट के लिया है. मुझे पता है कि सही समय आने पर काम को उसकी सही जगह फिर से मिल जाएगी. लेकिन ये वक्त मेरे बच्चे के लिए है. '
मदरहुड जर्नी पर देवोलीना की पोस्ट सोशल मीडिया पर वायरल हो रही है. वो एक्टिंग से भले ही दूर हो गई हैं, मगर सोशल मीडिया के जरिए फैस संग कनेक्टेड रहती हैं. फैंस देवोलीना के फैसले को सलाम कर रहे हैं. फैंस का कहना है कि देवोलीना एक शानदार एक्ट्रेस होने के साथ एक बेहतरीन मां भी हैं.
aajtak.in