साल 2020 अपने जैसा इकलौता साल है. इस साल सिर्फ कुछ लोग नहीं बल्कि दुनियाभर के लोगों ने बड़ी-बड़ी मुश्किलों का सामना किया है. भारत हो या विदेश हर तरफ लोगों ने अलग-अलग मुसीबतों को झेला, कई लोगों ने अपनी जान गंवाई और कई ने अपनों को खोया. ऐसे में हमारे टीवी इंडस्ट्री के एक्टर्स भी कई समस्याओं से गुजरे हैं. आइये आपको बताते हैं उन टीवी सेलेब्स के बारे में जिन्होंने आर्थिक दिक्कतों से लेकर बीमारी तक कई बड़ी मुश्किलों का सामना किया.
सीरियल ससुराल सिमर का एक्टर आशीष रॉय ने लंबे वक्त तक किडनी संबंधित दिक्कतों से लड़ने के बाद 24 नवम्बर 2020 को दुनिया को अलविदा कह दिया था. उन्होंने ओशिवाड़ा स्थित अपने घर में अंतिम सांस ली थी. आशीष की तबीयत बिगड़ जाने के बाद उन्हें इसी साल ICU में एडमिट करना पड़ा था जिसके बाद उन्होंने इंडस्ट्री से आर्थिक मदद करने की मांग की थी. आशीष ने सुपरस्टार सलमान खान से भी मदद की मांग की थी. जहां तक उनकी मदद करने वालों की बात है तो टीना घई, सूरज थापर, बीपी सिंह, हबीब फैजल जैसे तमाम लोगों ने उनकी तरफ मदद का हाथ बढ़ाया था. आशीष दो बार पैरालाइसिस अटैक का भी शिकार हो चुके थे. उनका डायलसिस चल रहा था और वह सोशल मीडिया कि जरिए अपने इलाज के लिए धनराशि जुटाने के लिए लोगों से मदद मांग रहे थे.
टीवी के सबसे पोपुलर सीरियल बालिका वधु के डायरेक्टर रामवृक्ष गौड़ लॉकडाउन से पहले अपने उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ स्थित घर गए थे. वह वहां अपनी बेटियों की परीक्षा दिलवाने गए थे, लेकिन बाद में वहीं अटक गए. छह महीने में धीरे-धीरे सारी जमा पूंजी खत्म हो गई. मुंबई लौटना मुमकिन नहीं था, इसलिए घर का खर्च उठाने के लिए रामवृक्ष ठेले पर सब्जी लेकर सड़कों की खाक छानने निकल पड़े. हालांकि रामवृक्ष का कहना था कि वह हिम्मत नहीं हार रहे और काम मिलते ही मुंबई वापस आयेंगे. रामवृक्ष गौड़, बालिका वधु के अलावा 'कुछ तो लोग कहेंगे', 'ज्योति' और 'सुजाता' जैसे 25 से अधिक टीवी सीरियल्स को डायरेक्टर चुके है.
ये रिश्ता क्या कहलाता है एक्ट्रेस दिव्या भटनागर कोरोना वायरस से संक्रमित पाई गयी थीं. एक्ट्रेस की मां और भाई उनकी बिगड़ी तबियत के बारे में जानने के बाद दिल्ली से मुंबई पहुंच गए थे. दिव्या की मां ने इंडिया टुडे से एक्ट्रेस की हालत के बारे में बातचीत की थी और बताया था कि दिव्या की हालत नाजुक है और उन्हें वेंटीलेटर सपोर्ट पर रखा गया है. दिव्या भटनागर की मां ने बताया है कि एक्ट्रेस की शादी में दिक्कतें आ रही थीं, जिसकी वजह से वह काफी परेशान थीं. बताया जा रहा है कि दिव्या इन दिनों अपने घर में अकेली रह रही थीं क्योंकि गगन अपना सामान लेकर घर छोड़ गए थे.
सब टीवी के सीरियल आदत से मजबूर में दिखने वाले एक्टर मनमीत ग्रेवाल ने डिप्रेशन और आर्थिक तंगी के चलते मई महीने में आत्महत्या कर ली थी. पेशे से सबको हंसाने वाले मनमीत करीब 29 साल के थे. मनमीत एंड टीवी के सीरियल कुलदीपक में भी दिखे थे. बताया गया था कि वह काफी दिनों से सीरियल्स में रोल के लिए स्ट्रगल कर रहे थे. दिल्ली के रहने वाले मनमीत शादीशुदा थे और करीब आठ साल पहले मुंबई आए थे. मनमीत अपनी पत्नी के साथ एक छोटे फ्लैट में नवी मुंबई रहते थे. आर्थिक तंगी और लॉकडाउन में शूटिंग ठप होने की वजह से वो डिप्रेशन में थे. उन्होंने अपने काम और परिवार के लिए कुछ कर्ज लिया था और इतने दिनों काम ना हो पाने की वजह से वो काफी परेशानी में थे.
टीवी की सीनियर एक्ट्रेस निशि सिंह भडली ने भी बड़ी मुश्किलों का सामना किया. पिछले दो सालों से निशि पैरालिसिस का शिकार हैं. उनके पति संजय सिंह भडली उनका ख्याल रख रहे हैं. हालांकि पत्नी का इलाज करवाने में उन्हें पैसों की दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है. निशि के पति ने आजतक से बातचीत में बताया था कि अब एक्ट्रेस कुछ भी खुद से नहीं कर पाती हैं. उनकी एक बेटी है, जिसके छोटा होने की वजह से पति को ही सबकुछ करना पड़ रहा है. इसी कारण उन्हें आर्थिक तंगी से भी जूझना पड़ रहा है. निशि का ख्याल रखने के कारण उनके पति कमाने नहीं जा पाते और लॉकडाउन के समय में उन्होंने काफी दिक्कतों को झेला है. निशि सिंह को सीरियल हिटलर दीदी, कुबूल है, इशकबाज और तेनाली रामा में नजर चुकी हैं.
सीरियल बेगुसराई में शिवांगी जोशी के पिता का रोल निभाने वाले एक्टर राजेश करीर ने भी लॉकडाउन के समय में लोगों से आर्थिक मदद मांगी थी. उन्होंने सोशल मीडिया की मदद से लोगों से उनकी आर्थिक मदद करने का आग्रह किया था. फिर सहायता मिल जाने के बाद उन्होंने लोगों का शुक्रिया अदा करते हुए, पैसे भेजना बंद करने के लिए भी कहा था. राजेश ने बताया कि मदद मांगने के बाद से लोग उनके अकाउंट में काफी धनराशि जमा करवा चुके हैं, जो उनके लिए बहुत है.
एक्टर और सिने एंड टीवी आर्टिस्ट्स एसोसिएशन (CINTAA) के सदस्य शिवकुमार वर्मा क्रॉनिक ऑबस्ट्रेक्टिव पल्मोनरी डिजीज (CODP) से जूझ रहे हैं. यह एक तरह की फेंफड़ों की बीमारी है. खबर है कि शिवकुमार की हालत नाजुक है और वह वेंटीलेटर सपोर्ट पर हैं. खबर ये भी हैं कि शिवकुमार और उनका परिवार एक्टर के इलाज का खर्च उठाने में असमर्थ हैं. ऐसे में CINTAA ने शिवकुमार की आर्थिक मदद के लिए बॉलीवुड सेलेब्स से गुहार लगाई गई है. एसोसिएशन ने अपनी सोशल मीडिया पोस्ट में शिवकुमार वर्मा की हालत के बारे में बताते हुए सलमान खान, अनिल कपूर, अक्षय कुमार, अमिताभ बच्चन, विद्या बालन और सनी देओल को टैग किया.
हमारी बहु सिल्क सीरियल में नजर आए एक्टर ज़ान खान ने अपनी आर्थिक तंगी के बारे में बताया था. उन्होंने खुलासा किया था कि उन्हें और उनके साथी कलाकारों को शो के मेकर्स ने 7-8 महीने से सैलरी नहीं दी है. उन्होंने यह भी बताया था कि मेकर्स ने पैसे मांगने पर एक्टर को धमकाया भी था. कोरोना वायरस और लॉकडाउन जैसी स्थिति में पैसे ना होने की वजह से शो के एक्टर्स को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा था.