बॉलीवुड एक्टर्स तुषार कपूर और आयुष्मान खुराना को धमकी भरे ऑडियो मैसेज भेजकर रंगदारी मांगने के मामले में मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच को बड़ी कामयाबी मिली है. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बेंगलुरु से आईटी इंजीनियर वैभव मिश्रा को गिरफ्तार किया है.
आरोपी वैभव मिश्रा (30) पर आयुष्मान खुराना और तुषार कपूर समेत कई बॉलीवुड सेलिब्रिटीज को ऑडियो क्लिप भेजकर करोड़ों रुपये की रंगदारी मांगने का आरोप है.
वैभव मिश्रा पेशेवर रूप से एक आईटी इंजीनियर है और बेंगलुरु में कार्यरत है. गिरफ्तारी के बाद मुंबई क्राइम ब्रांच की टीम आरोपी को बेंगलुरु से लेकर मुंबई के लिए रवाना हो चुकी है.
एक्टर्स को भेजे थे धमकी भरे मैसेज
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी वैभव मिश्रा ने फिरौती मांगने के लिए लॉरेंस बिश्नोई गैंग के सदस्यों के नाम का सहारा लिया था. उसने खुद को इस गैंग से जुड़ा बताकर एक्टर्स को धमकी भरे ऑडियो मैसेज भेजे थे.
हाल ही में एक्टर आयुष्मान खुराना को एक धमकी भरा ऑडियो मैसेज मिला था, जिसमें आरोपी ने बिश्नोई गैंग का सदस्य होने का दावा करते हुए करोड़ों रुपये की मांग की थी. इसके कुछ समय पहले एक्टर तुषार कपूर को भी एक ऐसा ही ऑडियो मैसेज मिला था, जिसमें भेजने वाले ने खुद को 'हैरी बॉक्सर' बताया था.
शुरुआती जांच में बिश्नोई गैंग से कोई लिंक नहीं
मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच के मुताबिक, शुरुआती जांच में आरोपी वैभव मिश्रा का बिश्नोई गैंग से कोई लिंक सामने नहीं आया है. आरोपी सिर्फ गिरोह के नाम का इस्तेमाल कर दहशत फैला रहा था और पैसे ऐंठने की कोशिश कर रहा था.
यह भी पढ़ें: एक्टर तुषार कपूर से बिश्नोई गैंग के नाम पर मांगी 5 करोड़ की रंगदारी, हैरी बॉक्सर की आवाज से मैच नहीं हुआ ऑडियो
पुलिस ने बताया कि ऑडियो मैसेज में आरोपी ने जो नाम बताए थे, उनका मिलान पुलिस रिकॉर्ड में मौजूद असली आरोपियों के ऑडियो से कराया गया, जिससे इसके फर्जी होने का शक हुआ. इसके बाद टेक्निकल सर्विलांस की मदद से आरोपी की लोकेशन ट्रेस की गई.
दिव्येश सिंह