भोजपुरी सिनेमा की मशहूर एक्ट्रेस पाखी हेगड़े और एक्टर दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ की जोड़ी किसी पहचान की मोहताज नहीं है. दोनों ने एक साथ कई हिट फिल्मों में काम किया है और पर्दे पर उनकी केमिस्ट्री को दर्शकों ने खूब पसंद किया. लेकिन अब दोनों के रिश्ते को लेकर ऐसा खुलासा हुआ है, जिसने भोजपुरी इंडस्ट्री में हलचल मचा दी है.
पाखी हेगड़े ने दावा किया है कि एक वक्त पर निरहुआ ने उन्हें शादी के लिए प्रपोज किया था. खास बात यह है कि उन्होंने यह बात कैमरे के सामने कही और उस वक्त वहां आम्रपाली दुबे भी मौजूद थीं. पाखी की बात सुनते ही आम्रपाली के चेहरे पर हैरानी साफ नजर आई.
2004 में शुरू हुआ था पाखी का एक्टिंग सफर
पाखी हेगड़े ने साल 2004 में एक टीवी शो से अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत की थी. इसके बाद 2006 में उन्होंने फिल्म ‘बैरी पिया’ से भोजपुरी सिनेमा में कदम रखा. धीरे-धीरे उन्होंने इंडस्ट्री में अपनी अलग पहचान बना ली.
पाखी और निरहुआ ने एक साथ कई फिल्मों में काम किया. दोनों की चर्चित फिल्मों में ‘निरहुआ रिक्शावाला’, ‘गंगा देवी’ और ‘सात सहेलियां’ जैसी फिल्में शामिल हैं. पर्दे पर दोनों की जोड़ी को दर्शकों ने खूब पसंद किया, लेकिन अब पाखी के बयान ने उनकी ऑफस्क्रीन बॉन्डिंग पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं.
‘हम सिर्फ दोस्त नहीं थे’
एक प्रोमो सामने आया जिसमें उन्होंने पाखी से निरहुआ के साथ उनके रिश्ते को लेकर सीधा सवाल किया. उन्होंने पूछा कि क्या दोनों का रिश्ता सिर्फ प्रोफेशनल था या फिर इसके पीछे कुछ और भी था? इस सवाल पर पाखी ने बिना ज्यादा घुमाए-फिराए कहा कि उनके और दिनेश के बीच रिश्ता सिर्फ काम तक सीमित नहीं था. उन्होंने माना कि दोनों ‘सिर्फ दोस्त से ज्यादा’ थे.
पाखी की यह बात सुनकर आम्रपाली दुबे भी चौंक गईं. आम्रपाली का नाम भी लंबे समय से निरहुआ के साथ जोड़ा जाता रहा है. ऐसे में पाखी का यह खुलासा उनके लिए भी किसी सरप्राइज से कम नहीं था.
क्या निरहुआ ने सच में किया था शादी का प्रपोजल?
इसके बाद जब पाखी से सीधा सवाल किया गया कि- क्या दिनेश लाल यादव ने कभी आपको शादी के लिए प्रपोज किया था? सवाल सुनकर पाखी कुछ पल के लिए रुक गईं. वह काफी भावुक नजर आईं और फिर उन्होंने सिर्फ एक शब्द में जवाब दिया- हां.
बस फिर क्या था, पाखी के इस खुलासे से वहां मौजूद आम्रपाली दुबे के होश उड़ गए. उन्होंने हैरानी से कहा- सीरियसली? यह छोटा सा जवाब अब सोशल मीडिया पर चर्चा का बड़ा विषय बन गया है.
सामने आए निरहुआ तो भावुक हो गईं पाखी
मामला यहीं खत्म नहीं हुआ. बातचीत के दौरान अचानक दिनेश लाल यादव उर्फ निरहुआ वहां पहुंच गए. जैसे ही पाखी ने उन्हें सामने देखा, वह भावुक हो गईं और उनकी आंखों से आंसू निकल आए. निरहुआ ने भी पाखी को गर्मजोशी से गले लगाया. इसके बाद जब निरहुआ को पाखी के उस बयान के बारे में बताया गया, जिसमें उन्होंने शादी के प्रपोजल और दोनों के पुराने रिश्ते का जिक्र किया था.
जब निरहुआ से पूछा गया कि क्या वह कभी पाखी के प्यार में थे, तो एक्टर ने सीधे तौर पर कोई जवाब नहीं दिया. उन्होंने बस पानी का गिलास उठाया और पानी पीने लगे. उस वक्त उनके चेहरे पर भी घबराहट और भावुकता साफ नजर आ रही थी.
निरहुआ का यह अंदाज देखकर सवाल और भी गहरा गया कि आखिर पाखी के दावे के पीछे पूरी कहानी क्या है?
अब ‘भोजपुरी बवाल’ में दिखेंगी पाखी
पाखी हेगड़े अब रियलिटी शो ‘भोजपुरी बवाल’ में नजर आने वाली हैं. इसी शो के प्रमोशन के दौरान उनके और निरहुआ के रिश्ते को लेकर यह बड़ा खुलासा सामने आया है. ‘भोजपुरी बवाल’ के एपिसोड रोजाना जियो हॉटस्टार पर रात 9 बजे स्ट्रीम होते हैं, जबकि शो का प्रसारण कलर्स टीवी पर रात 10:30 बजे किया जाता है.
पाखी और निरहुआ की पुरानी दोस्ती, शादी के प्रपोजल का दावा और आम्रपाली दुबे का हैरान चेहरा- इस पूरे मामले ने भोजपुरी इंडस्ट्री की पुरानी कहानी में एक नया ट्विस्ट जरूर जोड़ दिया है. बड़ी बात ये है कि निरहुआ पहले से शादीशुदा रहे हैं. अब सवाल यही है कि पाखी के ‘हां’ के पीछे कितनी पुरानी मोहब्बत छिपी है और निरहुआ उस रिश्ते पर खुलकर कब बोलेंगे?
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क