अमेरिका और ईरान के बीच दो हफ्तों की जंग के बाद फाइनली सीजफायर हो गया है. लेकिन इसका क्रेडिट पाकिस्तान को भी दिया जा रहा है. दुनिया भर के लोग पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की तारीफ कर रहे हैं. फिर ऐसे में खुद उस मुल्क के सेलेब्स कैसे पीछे रह सकते हैं. कई एक्टर्स ने इसे गर्व का पल बताते हुए पाक प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ की तारीफ की है.
खुशी से गदगद पाक आवाम
ये समझौता ऐसे दौर में हुआ है, जब कुछ ही वक्त पहले अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ईरान को “सभ्यता मिटा देने” जैसी सख्त धमकी दे चुके थे. दोनों देशों के बीच ये समझौता होना चौंका देने वाला होने के साथ-साथ काबिल-ए-तारीफ भी माना जा रहा है. इस पूरे घटनाक्रम में पाकिस्तान की भूमिका को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है. कई देशों और नेताओं ने अपने बयानों में पाकिस्तान का जिक्र किया है और इसे एक अहम कड़ी बताया है.
इस मुद्दे पर पाकिस्तान के फिल्म और टीवी इंडस्ट्री के सितारे भी खुलकर अपनी राय दे रहे हैं. एक्टर फरहान सईद ने इसे 'पाकिस्तान के लिए सबसे बड़ी कूटनीतिक जीत' बताया. उन्होंने कहा कि इस समझौते से दुनिया में शांति की उम्मीद बढ़ी है और ये एक राहत भरी खबर है.
वहीं, एक्टर इमरान अशरफ ने भी सोशल मीडिया पर पोस्ट करते हुए कहा कि- ये दुनिया के लिए एक सुरक्षित और शांत माहौल की ओर कदम है. उन्होंने पाकिस्तान की भूमिका की सराहना करते हुए इसे शांति स्थापित करने में अहम बताया.
इसके अलावा बिलाल कुरैशी ने भी अपने अंदाज में प्रतिक्रिया दी. उन्होंने मजाकिया लेकिन पॉजिटिव लहजे में अपने पीएम की तारीफ करते हुए कहा कि 'आज शहबाज शरीफ नहीं, बल्कि शाबाश शरीफ कहना चाहिए'. एक्टर ने उनके पहल की खूब सराहना की.
एक्टर अदनान फैसल ने कहा कि- जंग अमेरिका, ईरान और इजरायल की थी, लेकिन जीत पाकिस्तान गया.
हालांकि एक्टर अहमद अली भट्ट ने अपना एक अलग नजरिया शेयर किया. उन्होंने पाकिस्तान के इस नेक कदम को सराहा लेकिन साथ ही पेट्रोल प्राइस का जिक्र भी कर दिया. वो लिखते हैं- पाकिस्तान जिंदाबाद. जंग रोकने की खबर बेशक बहुत अच्छी है. पर जो भी पेट्रोल के दाम को वापस 250 पर लाएगा, उसके लिए मैं खुद 'नबील शांति पुरुस्कार' रेकमेंड करूंगा.
दुनिया के लिए राहत भरा कदम
सीजफायर के बाद जहां एक तरफ तनाव कम होने की उम्मीद जगी है, वहीं दूसरी तरफ ये सवाल भी उठ रहा है कि क्या ये शांति लंबे समय तक कायम रह पाएगी. फिलहाल, इस समझौते को एक सकारात्मक शुरुआत के रूप में देखा जा रहा है. और इस जंग के रुकने से सबसे ज्यादा खुशी पाकिस्तान की आवाम को मिली है.
aajtak.in