टाइगर श्रॉफ पर हमले से लॉरेंस बिश्नोई गैंग फिर चर्चा में है. इस बीच विदेश में बैठे गैंगस्टर अनिल पंडित ने एक नया ऑडियो जारी किया है. इस ऑडियो में अनिल पंडित ने प्रशासन पर भी सवाल उठाए हैं और दाऊद का नाम लेकर घेरा है.
इस ऑडियो में अनिल पंडित कहता है कि राम-राम सभी भाइयों को. मैं आज प्रशासन से एक बात पूछना चाहता हूं. ये प्रशासन वाले उस समय कहां थे, जब इन बॉलीवुड वालों ने ही सुशांत सिंह राजपूत को मारा था? तब तो कोई कार्रवाई नहीं हुई. आज जब हमारे बड़े भाई लॉरेंस बिश्नोई ने इनके खिलाफ एक्शन लिया, तो प्रशासन हमारे भाई के खिलाफ बोलता है. हम तो भगत सिंह जैसी सोच रखते हैं. हमारी लड़ाई देश के गद्दारों से है और हमारी लड़ाई चलती रहेगी.
ऑडियो में अनिल पंडित आगे कहता है कि हमारे देश के जितने भी नेता हैं, जो पाकिस्तान और दुबई में बैठे दाऊद के पैसे से फिल्में बनाते हैं और उसे दोगुना पैसा कमा कर देते हैं. वह पैसा हमारे ही देश के खिलाफ इस्तेमाल किया जा रहा है. नशे का काम उसने किया, ब्लास्ट उसने करवाए, लेकिन प्रशासन से उसके खिलाफ कोई कार्रवाई तो बन नहीं पाई. आज जब हमने उसके खिलाफ एक्शन लिया, तो प्रशासन वाले हमारे पीछे लग गए. बाकी कोई बात नहीं, हमने तो अपने घर-परिवार छोड़ रखे हैं. रही बात सलमान खान की, तो जब तक यह माफी नहीं मांग लेता, तब तक इसका पीछा नहीं छोड़ेंगे. इसका जीना मुश्किल कर देंगे.
अनिल पंडित ने कहा कि प्रशासन वाले सलमान खान को क्यों नहीं बोलते कि माफी मांग ले? अगर यह माफी मांग लेता है, तो इससे हमारी कोई दुश्मनी नहीं है. अगर यह माफी नहीं मांगता, तो इसके जितने भी नजदीकी हैं, सबका नुकसान करेंगे. हम इसका तो करेंगे ही, लेकिन इसके आसपास जो भी इसके साथ काम करता है, सबको मारेंगे. अगर तुम हमारे दो मारोगे, तो हमारे ऑलरेडी 200 भाई मुंबई में बैठे हैं. हमारे पास भाइयों की कमी नहीं है और हमारे पास 70 हजार शूटर हैं.
बता दें कि इससे पहले कल टाइगर पर हमले के बाद भी लॉरेंस गैंग के गुर्गे की तरफ से एक ऑडियो जारी किया गया था, जिसमें सलमान खान का नाम लेकर धमकाया गया था. लॉरेंस बिश्नोई गैंग की तरफ से किए गए सोशल मीडिया पोस्ट में दावा किया गया था कि टाइगर को पहले भी फोन करके धमकी दी गई थी.
गैंगस्टर अनिल पंडित ने सोशल मीडिया पर लिखा था कि 'जय महाकाल... जय श्रीराम.... सभी भाइयों को राम राम... आज ये टाइगर श्रॉफ का काम हुआ है. इसकी जिम्मेदारी अनिल पंडित और हरमन संधू लेते हैं. हमने इसको कॉल करके समझाया था. लेकिन इसे समझ नहीं आया. इसलिए आज इसे बढ़िया तरीके से समझा दिया गया है. जो भी मुंबई फिल्म इंडस्ट्री में हमारी बात नहीं सुनेगा या सलमान खान के साथ काम करेगा. अगला नंबर उसका होगा. वेट एंड वॉच. कुछ और ग्रुप के लोग जो हमारे नाम से फेम लेने की सोचते हैं. इनको जल्द ही मार कर फेमस करेंगे.
बता दें कि रविवार शाम को टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग की गई थी. इस हमले में टाइगर बच गए थे लेकिन उनका ड्राइवर घायल हो गया था. बाद में लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने इस हमले की जिम्मेदारी ली थी.
अरविंद ओझा