'लगा टायर फटा है... फिर सीने में तेज दर्द', टाइगर पर फायरिंग में वीडियो बना रहे इस शख्स को लगी गोली, बताया पूरा मंजर

चश्मदीद उमेश अपने दोस्त के साथ टाइगर श्रॉफ का वीडियो बना रहे थे. इसी दौरान टाइगर श्रॉफ की कार पर गोलियां चलाई गईं और एक गोली उमेश के सीने में जा लगी. गोली उनके लीवर तक पहुंच गई. लेकिन राहत की बात यह है कि उनकी जान खतरे से बाहर है. आज टाइगर की मां ने उनसे मुलाकात की है.

Advertisement
टाइगर का वीडियो बना रहे शख्स को लगी गोली. (Photo: ITG) टाइगर का वीडियो बना रहे शख्स को लगी गोली. (Photo: ITG)

दिव्येश सिंह

  • मुंबई,
  • 20 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 4:12 PM IST

"मैंने अचानक ब्लास्ट की आवाज सुनी, मुझे लगा कि कार की टायर फट गई है, मैं संभलता तभी मेरी छाती में तेज दर्द हुआ, मैं सांस नहीं ले पा रहा था, मैंने वहां मौजूद लोगों से मदद करने की अपील की. इतना कहते-कहते मैं बेहोश हो चुका था."   

इस आंखों देखी को बयां किया है उमेश चौहान नाम के शख्स ने. उमेश चौहान वही शख्स है जो जब टाइगर श्रॉफ की कार पार्क से बाहर निकल रही थी तो वे उस समय वीडियो बना रहे थे. उमेश चौहान कार के उसी तरफ खड़े थे जिस ओर टाइगर श्रॉफ बैठे थे. 

Advertisement

आजतक से बात करते हुए उमेश चौहान ने पूरी घटना बताई, "जब वो बाहर निकले गेट से तो मैं शीशे के पास खड़ा था, टाइगर श्रॉफ के एकदम पास मैं खड़ा था. मैं वीडियो बना रहा था. तभी आवाज आई, लगा टायर फटने की आवाज है, उसके बाद मेरे सीने में बहुत तेज दर्द होने लगा, मैं चिल्ला चिल्लाकर सबसे मदद मांगने लगा, मेरे सीने में दर्द हो रहा है, मैं सांस नहीं ले पा रहा हूं."

उमेश चौहान ने आगे कहा, "मुझे मालूम नहीं था कि मुझे गोली लगी है, जब मैं हॉस्पिटल गया तो मुझे पता चला कि मुझे गोली लगी है, पहले तो मुझे लग रहा था कि मुझे हार्ट अटैक हुआ है, पहले कूपर हॉस्पिटल में थोड़ा चेक अप हुआ तब मुझे यहां ट्रांसफर किया गया. 

उमेश चौहान ने कहा कि टाइगर श्रॉफ की मम्मी मंगलवार को उनसे मिलने आई थीं. उन्होंने मुझे मदद का भरोसा दिया है. 

Advertisement
उमेश चौहान का KEM अस्पताल में इलाज चल रहा है.

 
बता दें कि घटना के वक्त एक्टर टाइगर श्रॉफ जुहू के पुष्पा नरसी पार्क स्थित फुटबॉल ग्राउंड से निकल रहे थे. वह अपने ड्राइवर के साथ कार में बैठे थे. इसी दौरान मोटरसाइकिल पर आए तीन लोगों में से दो ने उनकी कार पर गोलियां चलाईं, जबकि तीसरा बाइक लेकर वहां से भागने के लिए तैयार था. पुलिस सूत्रों के अनुसार कार पर करीब तीन राउंड फायरिंग हुई. पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को गिरफ्तार किया है. 

उमेश चौहान को गोली लगने के बाद उन्हें ऑटो से जुहू के कूपर अस्पताल ले जाया गया. हालत संभालने के बाद 19 अक्टूबर की आधी रात के करीब उन्हें बेहतर इलाज के लिए परेल स्थित KEM अस्पताल शिफ्ट किया गया. अस्पताल का कहना है कि फिलहाल उमेश की हालत स्थिर है. गोली से उनके दिल और फेफड़ों को नुकसान नहीं पहुंचा है.

बता दें कि उत्तर प्रदेश के रहने वाले उमेश परिवार का पेट पालने के लिए ड्राइवर और घरेलू कामगार के तौर पर दो-दो काम करते हैं. उनकी कमाई से ही पत्नी और छह साल के बेटे का गुजारा होता है. रिपोर्ट के अनुसार उमेश चौहान के परिवार में अब कुछ ही हफ्तों में घर में एक नन्हा मेहमान आने वाला है. परिवार नए बच्चे के स्वागत की तैयारी कर रहा था, लेकिन फायरिंग की इस घटना ने सबकी चिंता बढ़ा दी है. 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »