बबलू के बोल, चिंटू की आवाज, सोनू-मोनू का कोरस... रजनीकांत-कमल की फिल्म में ये चल क्या रहा है?

47 साल बाद रजनीकांत और कमल हासन साथ आ रहे हैं, मगर अनाउंसमेंट वीडियो में सबसे ज्यादा चर्चा ‘बबलू-चिंटू’ की हो रही है. साथ में सोनू-मोनू ने भी खूब रंग जमाया है . सुपरस्टार्स का रीयूनियन और म्यूजिक का ये ट्विस्ट, दोनों मिलकर फैन्स को खूब एंटरटेन कर रहे हैं. ये नाम आखिर हैं किसके?

Advertisement
कमल हासन, रजनीकान्त की रीयूनियन फिल्म में ये बबलू-चिंटू कौन हैं? (Photo: Screengrab) कमल हासन, रजनीकान्त की रीयूनियन फिल्म में ये बबलू-चिंटू कौन हैं? (Photo: Screengrab)

सुबोध मिश्रा

  • नई दिल्ली ,
  • 23 फरवरी 2026,
  • अपडेटेड 3:54 PM IST

इंडियन सिनेमा में एक ऐसी तगड़ी घटना होने जा रही है जो पिछले 47 सालों से नहीं हुई. देश के दो सुपरस्टार्स रजनीकांत और कमल हासन 47 साल बाद स्क्रीन शेयर करने जा रहे हैं. दोनों की इस रीयूनियन फिल्म का टाइटल अभी तय नहीं है, मगर फिलहाल इसे KH X RK Reunion कहा जा रहा है. इन दोनों ने आखिरी बार फिल्म ‘Alauddinum Albhutha Vilakkum’ (1979) में स्क्रीन शेयर की थी.

Advertisement

रजनी और कमल सिर्फ तमिल इंडस्ट्री ही नहीं, इंडियन फिल्म इंडस्ट्री को कुछ सबसे आइकॉनिक और बड़ी हिट्स दे चुके हैं. इसलिए KH X RK Reunion का अनाउंसमेंट वीडियो आते ही फिल्म लवर्स क्रेजी हो गए. इस वीडियो में कमल का इंटेन्स लुक, रजनी का स्वैग और दोनों लेजेंड्स की गैंगस्टर वॉक ने लोगों का दिल जीत लिया. लेकिन जब लोगों ने इस वीडियो की डिटेल्स चेक कीं, तो एक बहुत दिलचस्प चीज पर सबकी नजरें अटक गईं.

रजनी और कमल के स्वैग में बबलू-चिंटू का योगदान
KH X RK Reunion के अनाउंसमेंट वीडियो में फिल्म के डायरेक्टर नेल्सन और म्यूजिक कंपोजर अनिरुद्ध भी नजर आ रहे हैं. वीडियो को धांसू बनाने में अनिरुद्ध के शानदार बैकग्राउंड स्कोर और एक गाने का भी बहुत बड़ा रोल है. लेकिन वीडियो के डिटेल्स में अनिरुद्ध ने म्यूजिक के लिए जो क्रेडिट्स दिए हैं, वो बहुत मजेदार हैं. लिरिक्स के लिए 'बबलू' और वोकल्स यानी आवाज के लिए 'चिंटू' को क्रेडिट दिया गया है. अनाउंसमेंट वीडियो में चल रहे गाने के कोरस यानी बैकिंग वोकल्स के लिए 'सोनू-मोनू' का नाम है. KH X RK Reunion की अनाउंसमेंट देखने वाले ये क्रेडिट पढ़कर बड़े एंटरटेन होने लगे. मगर इन क्रेडिट्स के पीछे असल में बहुत मजेदार कहानी है.

Advertisement

अनिरुद्ध ने ट्रोल्स को दिया है जवाब
आपने नेटफ्लिक्स की बेहद चर्चित वेब सीरीज 'ब्रेकिंग बैड' तो देखी ही होगी. या कम से कम इसके चर्चे तो जरूर सुने होंगे. इंडिया में ये शो बहुत सारे लोगों का फेवरेट रहा है. म्यूजिक कंपोजर अनिरुद्ध भी इस शो के बहुत बड़े फैन हैं. इस शो और इसके लीड किरदार के लिए अनिरुद्ध इतने क्रेजी हैं कि इसकी इंस्पिरेशन उनके काम पर भी दिखती है.

रजनीकांत की फिल्म 'कुली' के गाने 'पावरहाउस' में ब्रेकिंग बैड के किरदार वाल्टर व्हाइट का फेमस डायलॉग 'Say My Name' भी सुनाई देता है. कमल हासन की 'विक्रम' के टाइटल ट्रैक में अनिरुद्ध ने लिरिक्स का क्रेडिट 'हाइजेनबर्ग' को दिया था. ये वाल्टर व्हाइट का ही दूसरा नाम है. लोकेश कनगराज के साथ अल्लू अर्जुन की आने वाली फिल्म का म्यूजिक भी अनिरुद्ध दे रहे हैं, जिसे फिलहाल AA 23 कहा जा रहा है. इसके अनाउंसमेंट वीडियो वाले गाने के लिरिक्स का क्रेडिट उन्होंने 'हेक्टर सलामांका' और 'हाइजेनबर्ग' को दिया है. हेक्टर भी 'ब्रेकिंग बैड' का किरदार है. इनके अलावा भी अनिरुद्ध के गानों में 'ब्रेकिंग बैड' के म्यूजिक से मिलते-जुलते डार्क और इंटेंस म्यूजिकल एलिमेंट सुनाई पड़ते रहते हैं.

अनिरुद्ध ने कभी 'ब्रेकिंग बैड' के लिए अपना ये प्रेम छुपाया भी नहीं है. लेकिन पिछले कुछ समय से सोशल मीडिया पर, नॉर्मल यूजर्स ही नहीं, उनके ही फैन्स भी इस 'ब्रेकिंग बैड' इश्क के लिए लगातार ट्रोल कर रहे थे. तो अनिरुद्ध ने इस बार ट्रोल करने वालों को मजेदार जवाब के तौर पर KH X RK Reunion में बबलू-चिंटू-सोनू-मोनू को क्रेडिट दिया है. वैसे अनिरुद्ध इस मामले को और मजेदार लेवल पर ले जा रहे हैं. देखना है कि क्रेडिट्स में नाम देने के लिए छोटा भीम और शिनचैन तक कब पहुंचते हैं.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement