KGF-सालार जैसा भौकाली एक्शन-गैंगस्टर ड्रामा ला चुके फिल्ममेकर प्रशांत नील एक और धमाकेदार कहानी के साथ तैयार हैं. जूनियर एनटीआर के साथ उनकी अगली फिल्म ड्रैगन की चर्चा पिछले कुछ सालों से लगातार जारी थी. अपने हीरो के बर्थडे पर ड्रैगन के फर्स्ट लुक के साथ प्रशांत ने दिखा दिया है कि उनकी नई फिल्म फैन्स के बीच माहौलबाजी क्यों डिजर्व करती है. ड्रैगन उसी तरह खूंखार गैंगस्टर्स से भरे डार्क संसार में सेट है जैसे KGF और सालार थीं. मगर इस बार प्रशांत नील का संसार पहले से भी ज्यादा खूनी और खतरनाक लग रहा है.
क्या लेकर आ रही है ड्रैगन?
सिनेमैटिक वर्ल्ड बनाने में प्रशांत का एक सिग्नेचर स्टाइल है— एक किरदार कहानी सुनाएगा, कहानी लगभग मिथक जैसी होगी, पहले विलेन इंट्रोड्यूस किए जाएंगे और फिर आएगा हीरो.
ड्रैगन के फर्स्ट लुक वीडियो में कहानी सुना रही हैं रुक्मिणी वसंत, जिन्हें आप 'कांतारा चैप्टर 1' से पहचान गए होंगे. कहानी भारत छोड़कर गए अंग्रेजों के पीछे छूट गए अफीम के व्यापार और इसे कंट्रोल करने वाले दो माफिया गैंग्स की है— अफगान ट्रेडिंग कंपनी और गोल्डन ट्रेडिंग कंपनी. ड्रैगन के फर्स्ट लुक में पहले अफगान ट्रेडिंग कंपनी (ATC) के 8 विलेन्स इंट्रोड्यूस हुए हैं. ये भारत से लेकर अफगानिस्तान, सोमालिया और अफ्रीका जैसे इलाकों में फैले हैं. यानी इस बार प्रशांत नील की कहानी इंटरनेशनल होने जा रही है.
दमदार एक्टर्स में गिने जाने वाले आशुतोष राणा, ओटीटी से उभरे अंशुमान पुष्कर और सिद्धांत गुप्ता जैसे उम्दा कलाकार ड्रैगन के विलेन्स में शामिल हैं. साफ है कि ड्रैगन का एक्टिंग-परफॉर्मेंस डिपार्टमेंट बहुत तगड़ा है.
विलेन्स के बाद फर्स्ट लुक वीडियो में इंट्रोड्यूस होता है ATC का 'असासिन इन चीफ', यानी सबसे बड़ा विलेन— लूगर, जिसे जूनियर एनटीआर निभा रहे हैं. प्रशांत इस किरदार को उन अनगिनत लाशों से इंट्रोड्यूस करवाते हैं जो उसने अपने पीछे छोड़ी हैं. टिपिकल प्रशांत नील एलिवेशन के साथ जूनियर एनटीआर स्क्रीन पर आते हैं और साथ में आता है मास डायलॉग— 'खुदा की एक नेमत है मुझपर, ट्रिगर दबाने के बाद कभी अफसोस नहीं होता.'
ये कल्पना करना आसान है कि इस डायलॉग पर थिएटर्स में कितनी सीटियां और शोर मचने वाला है. लेकिन अब आता है सबसे बड़ा ट्विस्ट. ड्रैगन में अगर जूनियर एनटीआर का किरदार 'चीफ विलेन' है, तो हीरो कौन है?
अब प्रशांत नील एक और शानदार पत्ता खोलते हैं और मिलवाते हैं इंडिया के नारकोटिक्स ब्यूरो के चीफ रघुवीर राठौर से, यानी अनिल कपूर से. इसके बाद धुआंधार एक्शन, फाइट और चेज सीक्वेंस के जरिए प्रशांत फिल्म का एपिक स्केल दिखाते हैं. वीडियो जूनियर एनटीआर के एक शानदार सीन पर खत्म होता है, जिसमें उनका एक्सप्रेशन ही बता देता है कि थिएटर्स में गर्दा उड़ने वाला है. यहां देखें 'ड्रैगन' का फर्स्ट लुक वीडियो:
KGF और सालार देखने के बाद कई लोगों को शिकायत थी कि प्रशांत नील के सिनेमैटिक संसार का टेक्सचर उनकी सारी फिल्मों में लगभग एक जैसा लगता है— बेहद डार्क और खून-खराबे से भरा. मगर ड्रैगन के फर्स्ट लुक से प्रशांत ने दिखाया है कि कोई चीज 100 बार भी हो चुकी हो, तब भी उसे 101वीं बार और बेहतर तरीके से किया जा सकता है.
ड्रैगन के फर्स्ट लुक से प्रशांत नील ने दिखाया है कि इस बार वो स्टोरीटेलिंग, एक्शन, फाइट, बिल्ड-अप, एलिवेशन और ड्रामा का स्केल बहुत ऊंचा कर चुके हैं. अभी तो सिर्फ फर्स्ट लुक आया है, आगे टीजर, प्रोमोज और ट्रेलर भी आएंगे. और 11 जून 2027 को जब ड्रैगन थिएटर्स में पहुंचेगी, तब तक माहौल में बिजलियां दौड़ने लगेंगी.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क