हॉलीवुड फिल्म ऑब्सेशन ने दुनिया भर में इस साल ऐसा इतिहास रचा है, जिसकी उम्मीद किसी को नहीं थी. भारतीय रुपये के हिसाब से इस फिल्म का कुल बजट मात्र 7.5 करोड़ रुपये था. मगर अभी तक वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर यह फिल्म 3100 करोड़ रुपये से ज्यादा ग्रॉस कलेक्शन कर चुकी है.
सिर्फ दुनिया भर में ही नहीं, बल्कि भारत में भी बॉक्स ऑफिस पर ऑब्सेशन ने इतिहास रच दिया है. इसका टोटल नेट कलेक्शन ऑलमोस्ट 80 करोड़ रुपये के करीब पहुंच चुका है और यह 2026 में इंडियन बॉक्स ऑफिस पर सबसे बड़ी हॉलीवुड फिल्म बन चुकी है. लेकिन ऑब्सेशन के डायरेक्टर करी बार्कर को अपनी इस कामयाबी पर यकीन ही नहीं हो रहा.
26 साल के यूट्यूबर करी बार्कर के लिए ऑब्सेशन, बतौर डायरेक्टर उनकी पहली फीचर फिल्म है. खुद बार्कर भी यकीन नहीं कर पा रहे कि उनकी फिल्म भारत समेत दुनिया भर में इतना बड़ा धमाका कर चुकी है.
वैरायटी इंडिया से बातचीत में बार्कर ने कहा, 'मुझे बिल्कुल उम्मीद नहीं थी कि ऑब्सेशन भारत में इतनी बड़ी हिट बन जाएगी. सच कहूं तो मुझे कहीं भी इतनी बड़ी सक्सेस की उम्मीद नहीं थी. आप हमेशा चाहते हैं कि आपकी फिल्म कामयाब हो और लोगों से जुड़ पाए, लेकिन जो कुछ हो रहा है, उस पर मुझे खुद यकीन नहीं हो रहा.'
उन्होंने आगे कहा, 'हमने यह फिल्म लगभग बिना किसी खर्च के बनाई थी. मुझे अब भी भरोसा नहीं होता कि इसे इतनी पहचान और प्यार मिल रहा है.'
ऑब्सेशन का बजट सिर्फ 7,50,000 डॉलर यानी करीब 7.5 करोड़ रुपये था. यानी बार्कर की फिल्म ने अकेले भारत में ही अपने बजट से 10 गुना से ज्यादा कमाई कर ली है. बार्कर का कहना है कि फिल्म का कल्चरल असर उन्हें सबसे ज्यादा हैरान कर रहा है.
उन्होंने कहा, 'लोग फिल्म पर जो कॉमेडी वीडियो और फैन आर्ट बना रहे हैं, उसे देखना बेहद शानदार है. लोग फिल्म के सीन्स दोबारा शूट कर रहे हैं और उनमें अपनी कॉमेडी जोड़ रहे हैं. यह सब देखना सच में बहुत खास एक्सपीरियंस है.'
भारत में ऑब्सेशन का जलवा ऐसा रहा कि अपनी रिलीज के दो हफ्ते बाद भी बॉक्स ऑफिस पर यह कई चर्चित बॉलीवुड फिल्मों से ज्यादा कमा रही थी. जिस हफ्ते इम्तियाज अली की सरप्राइज सक्सेस मैं वापस आऊंगा थिएटर्स में रिलीज हुई थी, उस वीकेंड ऑब्सेशन ने इससे कहीं ज्यादा कलेक्शन किया था. हालांकि, इम्तियाज की बॉलीवुड फिल्म ने दूसरे हफ्ते में अपने हिस्से की ऑडियंस जुटा ली है और अब अच्छी कमाई कर रही है.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क