बॉलीवुड के दिग्गज एक्टर्स में शुमार यशपाल शर्मा अपनी दमदार एक्टिंग के साथ-साथ बेबाक अंदाज के लिए भी जाने जाते हैं. अपनी एक्टिंग के दम पर दर्शकों के दिलों में खास जगह बनाने वाले यशपाल शर्मा ने हाल ही में ओटीटी (OTT) प्लेटफॉर्म्स पर परोसे जा रहे बोल्ड और अश्लील कंटेंट को लेकर खुलकर अपनी भड़ास निकाली है.
The Mehak Ankar Show को दिए इंटरव्यू के दौरान उन्होंने साफ-साफ लफ्जों में बताया कि वह इंटरनेट की दुनिया में चल रहे इस 'सस्ते और फूहड़' कंटेंट से खुद को कोसों दूर क्यों रखते हैं? यशपाल शर्मा ने बिना किसी झिझक के कुछ नामी एडल्ट ओटीटी प्लेटफॉर्म्स और प्रोडक्शन हाउसेज का नाम लेते हुए कहा कि उनके पास ऐसे कई प्रोजेक्ट्स के ऑफर आए, जिसमें उन्हें मुख्य भूमिकाएं दी जा रही थीं, लेकिन उन्होंने मना कर दिया.
ओटीटी सीरीज को किया मना
बातचीत के दौरान जब यशपाल शर्मा से पूछा गया कि क्या उन्हें पता रहता है कि कौन सी फिल्म करनी है और कौन सी नहीं, तो उन्होंने कहा कि वह इस मामले में बिल्कुल क्लियर हो चुके हैं. उन्होंने साफ कहा कि उन्हें कौन से ओटीटी प्लेटफॉर्म पर काम नहीं करना है, इसकी लिस्ट उनके दिमाग में एकदम साफ है. जब उनसे उन प्लेटफॉर्म्स के नाम पूछे गए, तो उन्होंने हंसते हुए कहा, 'वो जो 'उल्लू' टाइप के कई प्लेटफॉर्म्स हैं न... मुझे उन पर बिल्कुल काम नहीं करना है.'
ओटीटी पर दिखाए जाने वाले कंटेंट के बारे में बात करते हुए यशपाल शर्मा ने कहा कि इन प्लेटफॉर्म्स पर दिखाई जाने वाली कहानियां बेहद अजीब और फूहड़ होती हैं. उन्होंने तंज कसते हुए कहा, 'वहां कहानियां कैसी होती हैं? किसी भाभी के साथ अवैध संबंध बनाने वाली कहानियां, तो कहीं किसी और के साथ अजीबोगरीब रिश्ते... आखिर ये किस तरह का सिनेमा है?'
एकता कपूर के चैनल को किया मना
यशपाल शर्मा ने बातचीत में केवल छोटे प्लेटफॉर्म्स ही नहीं, बल्कि इंडस्ट्री के बड़े नामों को भी आड़े हाथों लिया. उन्होंने खुलासा किया कि जाने-माने प्रोडक्शन हाउस 'ऑल्ट बालाजी' (Alt Balaji), जो कि एकता कपूर का प्लेटफॉर्म रहा है, उसकी भी एक-दो वेब सीरीज के लिए उन्हें अप्रोच किया गया था. लेकिन जब उन्होंने देखा कि वहां भी कंटेंट सिर्फ और सिर्फ बोल्डनेस के इर्द-गिर्द घूम रहा है, तो उन्होंने तुरंत उन प्रोजेक्ट्स को रिजेक्ट कर दिया.
जब एक्टर से पूछा गया कि क्या इतनी सीरीज को मना करने के बाद आपको बैकफायर किया गया कि अब आपके साथ काम नहीं करना? एक्टर ने इसका जवाब देते हुए कहा, 'मुझे इसकी परवाह नहीं है, भाड़ में जाए. मैंने सुधीर मिश्रा को डेली सोप करने से मना किया था लेकिन आज मैं वो सीरियल कर सकता हूं. अब मैं ज्यादा क्लियर हो गया हूं कि कौन सी फिल्में करनी है और कौन सी नहीं.'
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क