कन्नड़ सिनेमा के सुपरस्टार 'रॉकी भाई' यश अब रामायण में रावण बनकर स्क्रीन पर दिखने वाले हैं. नितेश तिवारी के डायरेक्शन में बनी फिल्म की काफी चर्चा हो रही है. कुछ दिनों पहले इसका लॉस एंजेलिस में वर्ल्ड प्रीमियर हुआ, जहां इसे ज्यादातर अच्छे रिव्यू देखने मिले हैं. लोगों ने यश के काम की जमकर तारीफ की है.
रामायण के वर्ल्ड प्रीमियर में यश अपनी पूरी फैमिली को साथ लेकर गए थे. उनकी पत्नी राधिका पंडित, और दोनों बच्चों यथर्व-आयरा ने भी फिल्म को देखा. यश ने बताया कि ये उनके बच्चों का पहला मूवी वॉचिंग एक्सपीरियंस था. उन्हें अपने पिता की फिल्म कैसी लगी, इसका भी एक्टर ने खुलासा किया.
कैसी लगी यश के बेटे को रामायण?
हॉलीवुड फिल्म क्रिटिक अलीसा को दिए इंटरव्यू में यश ने कहा- मेरे दो बच्चे हैं, मैंने उन्हें हाल ही में उनकी पहली फिल्म दिखाई. उन्होंने वर्ल्ड प्रीमियर में सभी के साथ मिलकर इसे देखा. मैं देख सकता था कि उनके मन में कई सारे सवाल थे, क्योंकि उनके लिए ये जिंदगी की शुरुआत ही है. बाहर कैसे बर्ताव करना है और कैसे सबको इज्जत देनी है, अभी वो ये सारी बातें समझ और सीख रहे हैं.
यश इस दौरान अपने बेटे यथर्व का रिएक्शन बता रहे थे, जो फिल्म देखने के बाद सामने आया. लेकिन उनके बदले साई पल्लवी ने एक्टर के बेटे का रिएक्शन साझा किया. उन्होंने बताया- जब हम लोग फिल्म देखकर थिएटर से बाहर निकल रहे थे, तब मैंने यश के बेटे को रोते हुए देखा. मैंने उससे पूछा कि क्या हुआ? तो उसने बताया कि मुझे उस पक्षी (जटायु) का मरना अच्छा नहीं लगा. वो यश से पूछ रहे थे कि आपने उसे क्यों मारा?
'उन्हें शायद पता है कि उनके पिता फिल्मों में काम करते हैं, और ये सबकुछ एक्टिंग है. लेकिन यथर्व को जटायु का मरना पसंद नहीं आया, भले ही वो फिल्म में ही क्यों ना हो. ये एक बहुत ही प्यारा मोमेंट था.' यश के बेटे यथर्व का जन्म 30 अक्टूबर 2019 को हुआ था, वहीं उनकी बेटी आयरा 2 दिसंबर 20218 को जन्मी थीं.
बात करें फिल्म रामायण की, तो ये 5 नवंबर को रिलीज होगी जिसमें रणबीर कपूर, साई पल्लवी, रवि दुबे, अरुण गोविल जैसे सितारे हैं. इसे नमित मल्होत्रा ने प्रोड्यूस किया है, और यश भी इसे को-प्रोड्यूस कर रहे हैं.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क