महाकुंभ 2025 से वायरल हुई मोनालिसा की शादी इन दिनों चर्चा में है. उन्होंने परिवार के खिलाफ जाकर अपने बॉयफ्रेंड फरमान खान से केरल में शादी कर ली. इस शादी पर उन्हें फिल्मों में मौका देने वाले डायरेक्टर सनोज मिश्रा ने खुलकर नाराजगी जताई है. सनोज मिश्रा ने सोशल मीडिया पर पोस्ट लिखकर मोनालिसा को खरी-खोटी सुनाई और यहां तक दावा कर दिया कि वो 'लव जिहाद का शिकार' हो गई हैं.
हालांकि मोनालिसा और उनके पति फरमान खान ने इन सभी आरोपों को खारिज किया, लेकिन ब्रेक देने वाले डायरेक्टर के दिए बयानों के बाद अब लोग ये भी जानना चाहते हैं कि आखिर सनोज मिश्रा कौन हैं और क्यों वो अक्सर विवादों में रहते हैं.
कौन हैं सनोज मिश्रा?
सनोज मिश्रा हिंदी फिल्म इंडस्ट्री के डायरेक्टर और राइटर हैं. उन्होंने कई छोटे-बजट की फिल्मों और प्रोजेक्ट्स पर काम किया है. वो पिछले 1 दशक से ज्यादा समय से हिंदी फिल्मों में एक्टिव हैं. साल 2014 में उन्होंने भोजपुरी फिल्म बेताब को डायरेक्ट किया था. वो फिल्म की कहानी भी लिखते हैं. उन्होंने श्रीनगर, द डायरी ऑफ वेस्ट बंगाल, गजनवी, शशांक फिल्म की कहानी भी लिखी है.
सनोज उत्तर प्रदेश के बाराबंकी के हैदरगढ़ के रहने वाले हैं. लखनऊ के शिया पीजी कॉलेज से उन्होंने समाजशास्त्र में पोस्ट ग्रैजुएशन किया. सनोज ने कॉलेज के बाद मुंबई का रुख किया. सनोज ने साल 2014 में भोजपुरी फिल्म बेताब से डेब्यू किया. उसके बाद गांधीगिरि, लफंगे नवाब, राम की जन्मभूमि समेत कई फिल्मों में काम किया.
मोनालिसा को किया लॉन्च
सनोज उस समय चर्चा में आए जब उन्होंने महाकुंभ में माला बेचने वाली वायरल लड़की मोनालिसा को अपनी फिल्म में लॉन्च करने का ऐलान किया. इसके बाद सनोज मिश्रा ने उन्हें अपनी फिल्म द डायरी ऑफ मणिपुर में काम करने का मौका दिया. उन्होंने बताया था कि मोनालिसा को एक्टिंग, लाइफस्टाइल और पढ़ाई-लिखाई तक की ट्रेनिंग दी गई ताकि वो फिल्म इंडस्ट्री में कदम रख सकें.
रेप केस में गए जेल
सनोज मिश्रा का नाम एक बड़े विवाद में भी आया था. उन पर एक महिला ने रेप का आरोप लगाया था, जिसके बाद उन्हें जेल भी जाना पड़ा. सनोज मिश्रा को गाजियाबाद से गिरफ्तार किया गया. उन पर लड़की को हीरोइन बनाने का लालच देकर कई बार रेप करने और अबॉर्शन का आरोप लगा था. इस मामले को लेकर काफी विवाद हुआ और उन्होंने खुद को निर्दोष बताते हुए कहा कि उन्हें साजिश के तहत फंसाया गया है.
मोनालिसा की शादी पर भड़के थे सनोज
हाल ही में जब मोनालिसा ने फरमान खान से शादी की, तो सनोज मिश्रा ने इस पर तीखी प्रतिक्रिया दी. उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि ये बगावत नहीं बल्कि लव जिहाद है. उनका दावा है कि मोनालिसा को बहकाया गया है और उनके आसपास के लोगों ने उन्हें गलत रास्ते पर डाल दिया.
सनोज ने कहा कि- मोनालिसा का आज का उठाया हुआ कदम उसको बगावत लग रहा होगा लेकिन असल में ये लव जिहाद है, जिसका शिकार वो हो चुकी है. जिसमें वो तोतला शिक्षक भी शामिल है, जो मेरे द्वारा वेतन दिए जाने के बाद मोनालिसा का मैनेजर और दलाल बन चुका था. मुझे उसकी गंगा जैसी पवित्रता अच्छी लगी और उसका प्रकृति जैसा रूप, मैने उसको प्रशिक्षण देकर फिल्म में एक्ट्रेस बनाने की घोषणा की.
aajtak.in