राजकुमार हिरानी की फिल्म '3 इडियट्स' भारतीय सिनेमा की उन चुनिंदा फिल्मों में से एक है, जिसे हर उम्र के लोग पसंद करते हैं. अब सालों बाद इस फिल्म के अगले पार्ट यानी '4 इडियट्स' को लेकर एक ऐसी खबर सामने आई है जिसने फैंस के बीच खलबली मचा दी है. खबर है कि इस बार कहानी में एक नया मोड़ आने वाला है और इस मशहूर तिकड़ी में एक नए सुपरस्टार की एंट्री होने जा रही है.
आमिर खान, आर. माधवन और शरमन जोशी की उस मजेदार तिकड़ी को विक्की कौशल ज्वाइन करने वाले हैं. फिल्म की कास्टिंग को लेकर चल रही यह चर्चा इस वक्त बॉलीवुड के गलियारों में सबसे गर्म मुद्दा बनी हुई है.
पिंकविला की एक्सक्लिसिव रिपोर्ट के मुताबिक राजकुमार हिरानी के डायरेक्शन में बन रही इस फिल्म के लिखने का काम अभी जारी है. जिसमें हिरानी और उनके साथ अभितीज जोशी काम कर रहे हैं. टीम कहानी लिखने में अपना पूरा समय ले रही है ताकि यह '3 इडियट्स' की विरासत के मुताबिक हो; उम्मीद है कि इस फिल्म के दूसरे हिस्से की शूटिंग 2027 के बीच में शुरू हो सकती है.
विक्की को कहानी आई पसंद
विक्की, जिन्होंने पहले हिरानी के साथ 'संजू' और 'डंकी' में काम किया है, को यह कहानी बहुत पसंद आई है. अंदरूनी सूत्रों का कहना है कि उनका किरदार आमिर खान और बाकी लोगों की मूल तिकड़ी के साथ एक इमोशनल और नया पहलू लेकर आएगा. सूत्र ने आगे बताया, 'विक्की कौशल आमिर खान के साथ स्क्रीन शेयर करने और एक ऐसी फ्रेंचाइजी में योगदान देने के लिए बहुत एक्साइटेड हैं जिसकी लोगों के मन में बहुत ज्यादा यादें जुड़ी हैं.'
सूत्र ने बताया, 'विक्की, आमिर और हिरानी के बीच कई बैठकें पहले ही हो चुकी हैं, और विक्की ने 'चौथे इडियट' का किरदार निभाने के लिए सहमति दे दी है, हालांकि अभी इसपर आधिकारिक तौर पर मुहर लगना बाकी है.
आमिर खान कर चुके अनाउंसमेंट
इस बीच, आमिर खान ने हाल ही में '4 इडियट्स' के बनने की खबर की पुष्टि की और संकेत दिया कि इसकी कहानी वहां से 10 साल आगे बढ़ेगी जहां '3 इडियट्स' खत्म हुई थी. उम्मीद है कि यह समय का अंतराल इन प्यारे किरदारों के बदले हुए जीवन को दिखाएगा और साथ ही नई मुश्किलें भी सामने लाएगा. दिलचस्प बात यह है कि आमिर भी इस प्रोजेक्ट पर काम शुरू करने से पहले एक और फिल्म पूरी कर सकते हैं, ताकि इस फिल्म के साथ समय-सीमा का सही तालमेल बैठ सके.
'3 इडियट्स' में करीना कपूर, बोमन ईरानी, मोना सिंह और ओमी वैद्य भी नजर आए थे. इस कल्ट कॉमेडी को राजकुमार हिरानी ने लिखा और डायरेक्ट किया था.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क