डायरेक्टर एस एस राजामौली की फिल्म 'वाराणसी' को रिलीज होने में फिलहाल एक साल का समय लगने वाला है. मगर फिल्म को लेकर अभी से चर्चा शुरू हो गई है. 'वाराणसी' को एक टाइम-ट्रैवलिंग एडवेंचर बताया जा रहा है, जिसमें महेश बाबू, प्रियंका चोपड़ा और पृथ्वीराज सुकुमारन को जबरदस्त रोल्स निभाते देखा जाएगा. पिछले साल फिल्म का पहला लुक रिलीज किया गया था. हालांकि इसकी कहानी समेत बाकी डिटेल्स को सीक्रेट रखा गया था. लेकिन अब फिल्म पर काम कर रही एक वीएफएक्स कंपनी ने अपनी वेबसाइट पर 'वाराणसी' का सारांश (synopsis) डाल दिया है. इसमें महत्वपूर्ण प्लॉट पॉइंट्स सामने आ गए हैं.
वाराणसी की डिटेल्स हुई लीक
राजामौली की 'वाराणसी' पर काम कर रही वीएफएक्स कंपनी Cine Site ने अपनी वेबसाइट के फिल्मोग्राफी सेक्शन में फिल्म का एक पोस्टर और शॉर्ट समरी जोड़ दी है. उसमें लिखा है, 'एक शिव भक्त समय के पार एक खतरनाक यात्रा पर निकलता है ताकि वह एक खोई हुई ब्रह्मांडीय वस्तु को ढूंढ सके, जिसमें अपार शक्ति है. जैसे-जैसे वह सदियों से छिपे प्राचीन रहस्यों को जोड़ता है, उसे अपने मिशन की सच्चाई का पता चलता है. वह ताकत जो उसे इस राह पर ले आई, दरअसल एक चालाक मास्टरमाइंड है, जिसका विजन है पूरे विश्व पर हमेशा के लिए राज करना.'
समरी में लिखी गई ज्यादातर बातें पिछले साल रिलीज हुए 'वाराणसी' के पहले टीजर में भी दिखाई गई थीं. लेकिन इसमें कुछ नई जानकारी भी है. इसमें बताया गया है कि महेश बाबू का किरदार रुद्र, पृथ्वीराज सुकुमारन के किरदार कुंभ के कहने पर टाइम-ट्रैवलिंग क्वेस्ट पर निकलता है, लेकिन बाद में उसे पता चलता है कि कुंभ के इरादे गलत हैं. कुंभ फिल्म का खलनायक है. समरी के अनुसार वह रामायण काल का एक प्राचीन आर्टिफैक्ट हासिल करके दुनिया पर कब्जा करना चाहता है. हालांकि आर्टिफैक्ट की असली पहचान अभी भी छिपी हुई है.
Cinesite खुद को 'एक प्रमुख एंटरटेनमेंट सर्विस स्टूडियो' बताती है. ये विजुअल इफेक्ट्स, एनिमेशन और इमर्सिव टेक्नोलॉजी के जरिए बोल्ड आइडिया को दर्शकों का अनुभव बनाने में मदद करती है. 1991 में स्थापित यह कंपनी हॉलीवुड की बड़ी वीएफएक्स और एनिमेशन कंपनियों में से एक है. पिछले दशक में इसने 'द विचर', 'एक्वामैन', 'थॉर: लव एंड थंडर' और 'स्पाइडर-मैन: नो वे होम' जैसी बड़ी फिल्मों और शोज पर काम किया है. इसकी वेबसाइट के अनुसार यह 'मास्टर्स ऑफ द यूनिवर्स' और 'स्पाइडर-नॉइर' जैसी आने वाली बड़ी प्रोजेक्ट्स में भी काम कर रही है.
एस एस राजामौली के निर्देशन में बन रही 'वाराणसी' को विजयेन्द्र प्रसाद ने लिखा है. ये RRR के बाद राजामौली की पहली फिल्म है. 'वाराणसी', अप्रैल 2027 में थिएटर्स में रिलीज होने वाली है.
aajtak.in