ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स की ट्रेंडिंग लिस्ट में हर दिन बड़े बदलाव देखने को मिलते हैं, और इस रविवार यानी वीकेंड खत्म होने तक पाकिस्तान में भारतीय फिल्मों का जबरदस्त जलवा देखने को मिल रहा है. पड़ोसी देश की नेटफ्लिक्स टॉप-10 लिस्ट पर नजर डालें, तो वहां भारतीय सिनेमा का बोलबाला साफ नजर आता है.
सबसे ज्यादा चौंकाने वाली बात यह है कि इस लिस्ट में सिर्फ नई फिल्में ही नहीं, बल्कि 8 साल पुरानी फिल्में भी शामिल हैं, जिन्हें वहां के दर्शक आज भी बड़े चाव से देख रहे हैं.
'मर्दानी 3'
एक्ट्रेस रानी मुखर्जी की दमदार क्राइम थ्रिलर 'मर्दानी 3' इस समय केवल भारत में ही नहीं, बल्कि पाकिस्तान में भी नंबर 1 पर ट्रेंड कर रही है. फिल्म में रानी मुखर्जी ने एक बार फिर पुलिस अफसर शिवानी शिवाजी रॉय का अपना आइकॉनिक रोल निभाया है. इस बार फिल्म की कहानी लड़कियों के गायब होने और मानव तस्करी जैसे संवेदनशील मुद्दे पर आधारित है. रानी मुखर्जी के कड़क अंदाज और फिल्म के पावरफुल मैसेज को पाकिस्तानी दर्शक काफी पसंद कर रहे हैं.
धुरंधर का जलवा कायम
डायरेक्टर आदित्य धर और रणवीर सिंह की मच-अवेटेड स्पाई थ्रिलर फिल्म 'धुरंधर पार्ट 1' को लेकर काफी विवाद हुआ था. इसे पाकिस्तान और मिडिल ईस्ट के कई हिस्सों में बैन कर दिया गया था, लेकिन इसके बावजूद फिल्म का क्रेज कम नहीं हुआ है. नेटफ्लिक्स पर रिलीज होते ही पाकिस्तानी दर्शकों ने इसे हाथों-हाथ लिया है. फिलहाल यह फिल्म पाकिस्तान की ट्रेंडिंग लिस्ट में तीसरे नंबर पर काबिज है. रणवीर सिंह का स्पाई अवतार और फिल्म का एक्शन वहां के लोगों को खूब लुभा रहा है.
बॉर्डर 2 भी देख रहे पाकिस्तानी
सनी देओल, वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी जैसे बड़े सितारों से सजी फिल्म 'बॉर्डर 2' भी पाकिस्तान में आधिकारिक तौर पर बैन है. हालांकि, नेटफ्लिक्स पर इसकी मौजूदगी ने वहां के दर्शकों को फिल्म देखने का मौका दे दिया है. देशभक्ति और हाई-वोल्टेज ड्रामा के लिए मशहूर यह फिल्म पाकिस्तान की टॉप-10 लिस्ट में पांचवें नंबर पर बनी हुई है.
साउथ फिल्म का भी जलवा
साउथ इंडियन फिल्म 'मेड इन कोरिया' भी पाकिस्तान में काफी धूम मचा रही है. 20 मार्च 2026 को ओटीटी पर रिलीज हुई यह फिल्म तब से ही लगातार चर्चा में बनी हुई है. इसमें एक्ट्रेस प्रियंका मोहन लीड रोल में हैं. अपनी अनोखी कहानी और सस्पेंस की वजह से यह फिल्म पाकिस्तान में सातवें नंबर पर ट्रेंड कर रही है. अब मानना पड़ेगा कि साउथ फिल्मों को भी पड़ोसी मुल्क वाले पसंद कर रहे हैं.
राजी देख रहे पाकिस्तानी
सबसे ज्यादा हैरानी आलिया भट्ट की फिल्म 'राजी' को लेकर हो रही है. इस स्पाई ड्रामा फिल्म को रिलीज हुए करीब 8 साल हो चुके हैं. नेटफ्लिक्स पर भारत के साथ-साथ पाकिस्तान में भी लोग इसे जमकर देख रहे हैं. आलिया भट्ट की इस बेहतरीन फिल्म ने पाकिस्तान की ट्रेंडिंग लिस्ट में 10वें नंबर पर अपनी जगह बनाई है.
aajtak.in