'रोशन सिंह सोढ़ी' ने लिखी धमाल 4 की कहानी! 27 साल पहले शाहरुख संग किया था डेब्यू, तारक मेहता से मिली पहचान

तारक मेहता का उल्टा चश्मा' में रोशन सिंह सोढ़ी का किरदार निभाने वाले बलविंदर सिंह सूरी सिर्फ एक्टर नहीं, बल्कि राइटर और प्रोड्यूसर भी हैं. जानिए कैसे शाहरुख खान की फिल्म से करियर शुरू करने वाले सूरी अब Dhamaal 4 की कहानी लिखकर चर्चा में हैं.

Advertisement
कौन हैं बलविंदर सिंह सोढ़ी? (Photo: Screengrab) कौन हैं बलविंदर सिंह सोढ़ी? (Photo: Screengrab)

आरती गुप्ता

  • नई दिल्ली,
  • 25 जून 2026,
  • अपडेटेड 8:10 AM IST

'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' में रोशन सिंह सोढ़ी बनकर दर्शकों को हंसाने वाले एक्टर बलविंदर सिंह सूरी इन दिनों एक अलग वजह से चर्चा में हैं. टीवी पर अपने मस्तमौला अंदाज के लिए मशहूर बलविंदर सिर्फ एक्टर ही नहीं, बल्कि एक बेहतरीन राइटर और प्रोड्यूसर भी हैं. अब उनकी सबसे बड़ी उपलब्धियों में एक और नाम जुड़ गया है. 10 जुलाई को रिलीज होने जा रही कॉमेडी फिल्म 'धमाल 4' की कहानी लिखने वालों में बलविंदर सिंह सूरी का भी अहम योगदान बताया जा रहा है.

Advertisement

शाहरुख खान की फिल्म से शुरू हुआ था सफर

बहुत कम लोग जानते हैं कि बलविंदर सिंह सूरी का बॉलीवुड सफर आज का नहीं, बल्कि करीब 27 साल पुराना है. उन्होंने 1997 में रिलीज हुई शाहरुख खान, माधुरी दीक्षित और करिश्मा कपूर स्टारर सुपरहिट फिल्म 'दिल तो पागल है' से अपने करियर की शुरुआत की थी. बाद में उन्होंने शाहरुख खान के साथ 'रब ने बना दी जोड़ी' में भी काम किया. खुद बलविंदर ने एक इंटरव्यू में बताया था कि शाहरुख उन्हें आज भी 'बल्लू' नाम से याद करते हैं.

सिर्फ एक्टर नहीं, 'धमाल' के पीछे का दिमाग भी

बलविंदर सिंह सूरी की पहचान भले ही आज 'सोढ़ी' के किरदार से हो, लेकिन कॉमेडी लेखन में भी उनका बड़ा योगदान रहा है. वो 2007 में रिलीज हुई पहली 'धमाल' फिल्म के लेखन से भी जुड़े रहे थे. इसके अलावा उन्होंने भोजपुरी फिल्म 'छोड़ब ना संग तोहार' की कहानी भी लिखी थी. इंडस्ट्री में वो लेखक, एक्टर और प्रोड्यूसर तीनों भूमिकाओं में सक्रिय रहे हैं.

Advertisement

'तारक मेहता...' ने दिलाई घर-घर पहचान

बलविंदर सिंह सूरी ने पहले 'तारक मेहता का उल्टा चश्मा' की क्रिएटिव टीम में भी काम किया था. बाद में उन्हें शो में रोशन सिंह सोढ़ी का किरदार निभाने का मौका मिला और देखते ही देखते वो दर्शकों के फेवरेट बन गए. उनकी एनर्जी, पंजाबी अंदाज और कॉमिक टाइमिंग ने उन्हें घर-घर में लोकप्रिय बना दिया.

10 जुलाई को रिलीज होगी Dhamaal 4

इंद्र कुमार के डायरेक्शन में बनी 'धमाल 4' 10 जुलाई को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है. फिल्म में अजय देवगन, रितेश देशमुख, अरशद वारसी, जावेद जाफरी, अंजलि आनंद और रवि किशन जैसे कई बड़े सितारे नजर आएंगे. फिल्म का ट्रेलर पहले ही दर्शकों के बीच उत्सुकता बढ़ा चुका है.

टीवी पर हंसाने वाला 'सोढ़ी' अब बड़े पर्दे पर भी अपनी कहानी के जरिए दर्शकों को गुदगुदाने के लिए तैयार है. ऐसे में फैंस को उम्मीद है कि 'धमाल 4' में भी कॉमेडी का वही तड़का देखने को मिलेगा, जिसके लिए ये फ्रेंचाइजी जानी जाती है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »