सोशल मैसेज वाली नॉन-मसाला फिल्मों से दूर भागती जनता को फिर से थिएटर्स तक लाना इंडस्ट्री के लिए एक बड़ा चैलेंज रहा है. ऐसे में रेप जैसे सेंसिटिव मुद्दे पर बनी अनुभव सिन्हा की 'अस्सी' पहले वीकेंड में थिएटर्स में पैर जमाती नजर आई. बड़े स्टार्स के नाम के बिना, बिना धुआंधार प्रमोशन, लिमिटेड स्क्रीन्स पर रिलीज हुई 'अस्सी' की बॉक्स ऑफिस परफॉर्मेंस सॉलिड रही. शानदार रिव्यूज और पॉजिटिव वर्ड ऑफ माउथ के दम पर तापसी की फिल्म ने शनिवार को तगड़ा ग्रोथ देखा था. संडे को टी 20 क्रिकेट वर्ल्ड कप में भारत-साउथ अफ्रीका के मैच के बावजूद 'अस्सी' बॉक्स ऑफिस पर टिकी रही.
संडे को भी सॉलिड रही 'अस्सी'
तापसी पन्नू की फिल्म शानदार रिव्यूज के साथ रिलीज हुई थी. रिव्यूज में इसे रेप के मुद्दे पर बनी सबसे दमदार फिल्मों में से एक कहा गया. तापसी पन्नू, कनि कुश्रुति, मोहम्मद जीशान अयूब, रेवती, कुमुद मिश्रा और मनोज पाहवा जैसे दमदार कलाकारों के काम को रिव्यूज में खूब सराहा गया. 'अस्सी' की झिंझोड़ देने वाली कहानी के लिए अनुभव सिन्हा और राइटर गौरव सोलंकी की खूब सराहना हुई.
इन सॉलिड रिव्यूज के साथ 'अस्सी' ने पहले दिन बॉक्स ऑफिस पर 1 करोड़ रुपये के कलेक्शन से शुरुआत की. ये आंकड़ा भले छोटा नजर आता हो, मगर इसलिए बहुत मजबूत है कि 'अस्सी' बहुत लिमिटेड स्क्रीन्स पर रिलीज हुई है. ऊपर से लॉकडाउन के बाद से ही जनता सोशल रियलिटी पर बेस्ड गंभीर फिल्मों से दूर भागती हुई नजर आ रही है.
शुक्रवार को ही 'अस्सी' को जनता से जो तारीफें मिलीं, उनका फायदा शनिवार को नजर आया. दूसरे दिन करीब 60% जंप के साथ 'अस्सी' ने करीब 1.6 करोड़ का कलेक्शन किया. भारत और साउथ अफ्रीका का क्रिकेट मैच संडे को 'अस्सी' के लिए सबसे बड़ा चैलेंज था. उम्मीद थी कि मैच की वजह से तापसी की फिल्म को बड़ा नुकसान होगा. मगर ट्रेड रिपोर्ट्स के अनुमान बताते हैं कि शनिवार के मुकाबले रविवार को फिल्म का कलेक्शन कुछ खास कम नहीं हुआ है.
'अस्सी' ने तीसरे दिन करीब 1.6 करोड़ का कलेक्शन किया है. टिकट बुकिंग प्लेटफॉर्म्स के ट्रेंड बताते हैं कि अगर मैच न होता तो शनिवार के मुकाबले 'अस्सी' की कमाई संडे को ज्यादा नजर आती. अभी तक तीन दिन में तापसी की फिल्म करीब 4 करोड़ रुपये का कलेक्शन कर चुकी है.
मंडे से होगा असली टेस्ट
'अस्सी' को क्रिटिक्स और जनता दोनों से खूब तारीफें मिली हैं. इसकी वजह से संडे को जो ग्रोथ आना था, वो मैच होने से नहीं मिल पाया. लेकिन मंडे वर्किंग हफ्ते की शुरुआत होगी और अब फिल्म का डेली कलेक्शन ही बताएगा कि फिल्म को तारीफों का कितना फायदा हो रहा है. अगर मंडे को 'अस्सी' दमदार कलेक्शन जुटाने में कामयाब हुई तो ये सबूत होगा कि इसे अपने हिस्से की ऑडियंस मिल रही है.
ईद तक थिएटर्स में कोई ऐसी बड़ी फिल्म नहीं आने वाली जो बॉक्स ऑफिस पर एकदम कब्जा कर ले. इसलिए 'अस्सी' के पास वो अच्छा मौका है जो किसी भी फिल्म को सरप्राइज हिट बनने के लिए चाहिए होता है. अब देखना है कि 'अस्सी' आने वाले दिनों में क्या कमाल करती है.
सुबोध मिश्रा