दिसंबर 2024 में नागा चैतन्य और शोभिता धूलिपाला ने पारंपरिक रीति-रिवाजों के मुताबिक परिवार की मौजूदगी में शादी की थी. इस शादी को लेकर काफी चर्चा हुई थी. इसी साल अगस्त में दोनों ने सगाई की थी. हालांकि इससे पहले तक शोभिता और नागा चैतन्य ने अपने रिश्ते को लेकर कभी खुलकर बात नहीं की थी, लेकिन दोनों के अफेयर की खबरें लंबे समय से चर्चा में थीं.
अब शोभिता ने अपनी निजी जिंदगी को लेकर होने वाली चर्चाओं और उससे निपटने के तरीके पर बात की है. उन्होंने बताया कि वो ट्रोलिंग और किसी भी तरह की चर्चा से कैसे दूर रही हैं. उन्हें कभी किसी से कोई फर्क नहीं पड़ा.
शोभिता ने क्या कहा?
जब शोभिता से पूछा गया कि उनकी निजी जिंदगी को लेकर लोगों का जो ध्यान रहता है, उससे वह खुद को कैसे अलग रखती हैं, तो उन्होंने गैलाटा प्लस को दिए एक इंटरव्यू में कहा- इन सब चीजों ने मुझे बहुत कुछ सिखाया है. हां, लोगों का ध्यान जरूर था, लेकिन मुझे लगता है कि लोग बस उत्सुक थे. मैं अपनी जिंदगी जी रही थी और मुझे नहीं पता कि लोग मुझसे किस तरह की प्रतिक्रिया की उम्मीद कर रहे थे. आज मैं अपनी जिंदगी के बहुत अच्छे दौर में हूं. समय के साथ मुझे खुद पर और ज्यादा भरोसा हुआ है. अब मैं अपने बारे में ज्यादा स्पष्ट हूं और अलग-अलग तरह की राय और आलोचनाओं के बीच भी बिना प्रभावित हुए रह सकती हूं.
उन्होंने आगे कहा- हर चीज को लेकर इतनी बातें होती हैं, इतना शोर होता है. ये बिल्कुल मौसम की तरह है. जैसे मौसम बदलता रहता है, वैसे ही समाज का माहौल भी बदलता रहता है. इसे बहुत गंभीरता से लेने की जरूरत नहीं है, क्योंकि ये हमेशा ऐसा नहीं रहने वाला. मौसम बदल जाता है. इसलिए इंसान को भीतर से मजबूत और संतुलित रहना चाहिए.
रिश्ते की चर्चा कब शुरू हुई?
नागा चैतन्य और शोभिता का नाम पहली बार साल 2022 में एक-दूसरे के साथ जोड़ा गया था. ये नागा चैतन्य और समांथा रुथ प्रभु के तलाक के करीब एक साल बाद की बात है. शुरुआत में दोनों ने डेटिंग की खबरों पर कोई प्रतिक्रिया नहीं दी थी, लेकिन जब फैंस ने देखा कि दोनों एक जैसी छुट्टियों वाली जगहों से तस्वीरें शेयर कर रहे हैं और कई बार साथ में नजर आ रहे हैं, तो उनके रिश्ते की चर्चाएं और तेज हो गईं.
शोभिता आखिरी बार तेलुगु क्राइम थ्रिलर सीरीज 'चीकाटिलो' में नजर आई थीं, जो जनवरी 2026 में प्राइम वीडियो पर रिलीज हुई थी. अब वो निर्देशक पा रंजीत की तमिल साइंस-फिक्शन ड्रामा फिल्म 'वेट्टुवम' में दिखाई देंगी.
वहीं नागा चैतन्य अपनी आने वाली फिल्म 'वृषकर्मा' की रिलीज की तैयारी में जुटे हैं. हाल ही में उन्होंने अपने पर्सनल राइट्स प्रोटेक्शन के लिए दिल्ली हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया था. उनके खिलाफ कई दफा वीडियोज में दावा किया गया है कि उनकी वजह से समांथा रुथ प्रभु का करियर बर्बाद हुआ. एक्स-कपल के तलाक की वजह भी चैतन्य ही हैं. इसपर उन्हें कोर्ट से राहत भी मिली और ऐसी अफवाहों को फैलान पर रोक लगाई गई है.
नागा चैतन्य जहां तलाक के बाद शोभिता से शादी कर अपना जीवन खुशहाल जी रहे हैं, वहीं समांथा भी राज निदिमोरू संग नए रिश्ते की शुरुआत कर मूव-ऑन कर चुकी हैं.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क