बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ पर जानलेवा हमले की खबर ने सभी को हैरानी में डाल दिया है. जुहू में उनकी गाड़ी पर अचानक दो अज्ञात हमलावरों ने गोलियां चलाईं, जिसमें उनके ड्राइवर बुरी तरह घायल हुए. इस हमले में टाइगर बाल-बाल बचे, मगर उन्हें भी थोड़ी चोट आई. उनपर ऐसा भयानक हमला करने की जिम्मेदारी कुख्यात गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने ली है.
लॉरेंस गैंग ने दी धमकी
टाइगर पर हमले का कारण लॉरेंस गैंग ने बताया कि उन्होंने एक्टर को सलमान खान संग काम ना करने को लेकर कई बार चेतावनी दी थी. मगर वो नहीं माने, जिसके बाद उनपर ऐसा हमला हुआ. टाइगर श्रॉफ पर हमले से इंडस्ट्री में फिर से डर बैठ गया है. लॉरेंस गैंग ने सलमान के कई सारे करीबी पर हमले किए हुए हैं, जिसमें से एक बाबा सिद्दिकी ने अपनी जान गंवाई थीं.
रिपोर्ट्स हैं कि लॉरेंस गैंग की सलमान से कुछ डिमांड है, जिसके पूरा होने पर उनका दावा है कि वो ये हमले बंद करेंगे. वो चाहते हैं कि 1998 के काले हिरण शिकार मामले को लेकर सलमान खान, बिश्नोई समाज और लॉरेंस बिश्नोई से सार्वजनिक रूप से माफी मांगें. ऐसा नहीं करने पर दुश्मनी खत्म करने के बदले 5 करोड़ रुपये की फिरौती देने की मांग भी की गई. हालांकि सलमान उनकी मांग के सामने नहीं झुकने वाले. ऐसा क्यों, इसके बारे में भी उनके पिता सलीम खान ने बताया था.
क्यों माफी नहीं मांगेंगे सलमान?
टाइगर श्रॉफ पर हमले के बीच सलमान के पिता का पुराना बयान वायरल हो रहा है, जिसमें उन्होंने साफ बताया कि क्यों एक्टर लॉरेंस बिश्नोई गैंग से माफी नहीं मांगेंगे. उन्होंने एक इंटरव्यू में कहा था- माफी मांगना यानी ये मान लेना कि मैंने उसे मारा है. सलमान ने कभी किसी जानवर को नहीं मारा. हमने तो कभी कॉकरोच तक नहीं मारा. हम इन चीजों में विश्वास ही नहीं करते.
उन्होंने आगे सवाल उठाते हुए कहा था कि सलमान किसके पास जाकर माफी मांगे? आपने कितने लोगों से माफी मांगी है और कितने जानवरों की जान बचाई है? मैंने सलमान से पूछा था कि ये किसने किया? तो उसने कहा कि मैं तो वहां था भी नहीं. वो मुझसे झूठ नहीं बोलेगा. उसे जानवरों को मारने का कोई शौक नहीं है. वो जानवरों से प्यार करता है. माफी भी उसी से मांगी जाती है, जिसके साथ आपने कोई गुनाह किया हो या उसे तकलीफ दी हो. जिसके साथ धोखा किया हो या जिसके पैसे खा गए हों. ये तो उगाही है.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क