बॉलीवुड एक्टर अनिल कपूर के साथ एक्ट्रेस ऋचा चड्ढा ने भी फ्रांस के राष्ट्रपति Emmanuel Macron से मुलाकात की. मैंक्रों इस वक्त भारत के दौरे पर हैं. ये मुलाकात दोनों देशों के नेताओं और कलाकारों के बीच संवाद बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित की गई थी. इस बैठक में ऋचा चड्ढा के अलावा फिल्म मेकर नीरज घेवान, जोया अख्तर, मनोज बाजपेयी और शबाना आजमी सहित कई पॉपुलर सेलेब्रिटीज मौजूद थे.
ऋचा की मैक्रों से मुलाकात
फ्रांस के राष्ट्रपति से मुलाकात कर ऋचा चड्ढा बेहद खुश हुईं. उन्होंने इस मुलाकात के बारे में बात की. ऋचा ने कहा कि वो मैक्रों और उनकी पत्नी ब्रिजिट से मिलकर बेहद खुश थी. उन्होंने बताया कि फिल्म जगत के प्रतिनिधि के रूप में उन्होंने स्वतंत्र सिनेमा को भारत और फ्रांस दोनों देशों में कैसे अधिक मजबूत और संभव बनाया जा सकता है, इस पर खुलकर चर्चा की.
ऋचा ने यह भी कहा कि उनके करियर में फ्रांस की संस्था राष्ट्रीय सिनेमा केंद्र का महत्वपूर्ण योगदान रहा है. उनकी फिल्म मसान और गर्ल्स विल भी गर्ल्स भारत-फ्रांस का जॉइंट वेंचर थी. वहीं पायल कपाड़िया की वह फिल्म, जिसे कान फिल्म समारोह में सबसे ज्यादा सम्मान मिला, वह भी भारत-फ्रांस संयुक्त निर्माण थी.
उन्होंने कहा कि फ्रांस ने हमारे क्षेत्र के सिनेमा की गुणवत्ता बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई है. ऋचा पर इस बात का गहरा असर पड़ा कि राष्ट्रपति ने फिल्म मेकर्स की बातों को ध्यान से सुना और दोनों देशों के बीच फिल्मों के डिस्ट्रीब्यूशन को बेहतर बनाने के लिए सुझाव भी दिए.
अनिल ने शो की एक्साइटमेंट
अनिल कपूर ने राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और उनकी पत्नी और फर्स्ट लेडी ब्रिजिट संग कई फोटोज शेयर कीं. कैप्शन में उन्होंने अपनी मुलाकात के बारे में बताया और लिखा- राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और उनकी दयालु जीवनसाथी ब्रिजिट के साथ एक प्रेरणादायक दोपहर बिताई, जहां हमने सिनेमा, संस्कृति और भारत-फ्रांस के बीच के शक्तिशाली पुल पर विचार-विमर्श किया. भारत-फ्रांस को सलाम. कई और कहानियां हैं, जो अभी कही जानी बाकी हैं.
मनोज बाजपेयी ने बताया 'सम्मान'
इस मुलाकात का हिस्सा एक्टर मनोज बाजपेयी भी बने. उन्होंने एक लंबा नोट शेयर कर अपनी फीलिंग्स बयां की. वो लिखते हैं- आज दोपहर के भोज में राष्ट्रपति Emmanuel Macron से मिलना मेरे लिए सम्मान की बात थी. वहां कई अन्य गणमान्य लोग भी मौजूद थे. सबसे खास बात सिर्फ उनकी गर्मजोशी नहीं थी, बल्कि सिनेमा, संस्कृति और कहानी कहने की भूमिका पर हुई साफ और गहरी बातचीत थी, जो देशों के बीच रिश्ते मजबूत करने का काम करती है.
“इस तरह की बातचीत, जिसमें भारत और फ्रांस सिनेमा और संस्कृति के क्षेत्र में मिलकर कैसे काम कर सकते हैं, इस पर चर्चा होती है, हमें याद दिलाती है कि आज की दुनिया में समझदार नेतृत्व और सांस्कृतिक संवाद कितने जरूरी हैं.''
फिल्मी सेलेब से इस मुलाकात की तस्वीरें राष्ट्रपति मैक्रों ने भी अपने ऑफिशियल X अकाउंट पर शेयर की थीं. जानकारी के मुताबिक, राष्ट्रपति मैक्रों 17 से 19 फरवरी तक की तीन दिवसीय ऑफिशियल यात्रा पर मुंबई पहुंचे हैं. उनका हवाई अड्डे पर महाराष्ट्र के राज्यपाल आचार्य देवव्रत और मुख्यमंत्री देवेंद्र फडनवीस ने स्वागत किया.
aajtak.in