अक्षय कुमार के भोजपुरी गाने 'घिस घिस घिस' की चर्चा सोशल मीडिया पर लगातार हो रही है. उनकी अगली फिल्म वेलकम टू द जंगल का ये गाना जहां कई लोगों को खूब पसंद आ रहा है और वो अक्षय की धमाकेदार एनर्जी की तारीफ कर रहे हैं, वहीं कई लोग अक्षय को एक प्रॉपर भोजपुरी गाने में परफॉर्म करते देखकर हैरान भी हो रहे हैं. लेकिन भोजपुरी सिनेमा के दिग्गज सुपरस्टार रवि किशन अक्षय के इस देसी अंदाज से बेहद खुश हैं.
रवि किशन को भाया अक्षय का भोजपुरी अंदाज
वैरायटी के साथ एक खास बातचीत में रवि किशन ने कहा, 'मुझे एक बॉलीवुड ए-लिस्ट एक्टर को ये क्रॉसओवर करते देखकर बहुत अच्छा लग रहा है. अब हिंदी, तेलुगु या भोजपुरी म्यूजिक जैसा कोई बंटवारा नहीं रह गया है. एक हिट गाना, हिट ही होता है, भाषा चाहे कोई भी हो.'
पिछले कुछ समय से बॉलीवुड फिल्मों में भोजपुरी कनेक्शन जोड़ने का एक बड़ा ट्रेंड सा चल पड़ा है. स्त्री 2 में पवन सिंह का गाया 'आई नहीं' जबरदस्त पॉपुलर हुआ था और इसे फिल्म की बंपर कामयाबी का एक बड़ा फैक्टर माना गया था. ये गाना भले ही पूरी तरह भोजपुरी नहीं था, लेकिन भोजपुरी म्यूजिक इंडस्ट्री के पावर स्टार पवन सिंह की आवाज और अंदाज ने इसे मास ऑडियंस के बीच सुपरहिट करवा दिया था. स्त्री 2 के हीरो राजकुमार राव ने अपनी अगली फिल्म मालिक में भी भोजपुरी सेंसेशन खेसारी लाल यादव के साथ 'अफेयर' नाम का एक गाना किया था, जो पूरी तरह भोजपुरी फ्लेवर में ही रंगा हुआ था.
रवि किशन को याद आई भोजपुरी सिनेमा में अपनी मेहनत
अब बॉलीवुड की बड़ी फिल्मों में भोजपुरी के इस बढ़ते क्रेज को देखते हुए रवि किशन को वो दौर याद आ गया जब वो अकेले इस सिनेमा को पहचान दिलाने के लिए जी-तोड़ मेहनत कर रहे थे.
उन्होंने आगे कहा, 'एक समय था जब मैं अकेला एक्टर था जिसे भोजपुरी सिनेमा के भविष्य से कुछ उम्मीद थी. मैंने उस वक्त हर डिपार्टमेंट में बहुत मेहनत की— स्क्रिप्ट्स के लिए सिटिंग, म्यूजिक सिटिंग से लेकर कास्टिंग वगैरह तक. मैंने बॉलीवुड में अपने कॉन्टैक्ट्स का खूब इस्तेमाल किया और उन लोगों को डिस्काउंट पर काम करने के लिए राजी किया. ये बिल्कुल आसान नहीं था, लेकिन आखिरकार ये हुआ.'
गौरतलब है कि भोजपुरी सिनेमा ने अपने पीक पर वो दौर भी देखा है जब अमिताभ बच्चन, हेमा मालिनी, मिथुन चक्रवर्ती और अजय देवगन जैसे बॉलीवुड के सबसे बड़े नाम भोजपुरी फिल्मों में एक्टिंग करते नजर आए थे. अब अक्षय का यह भोजपुरी गाना तो यूट्यूब पर माहौल बना ही रहा है, देखना यह है कि 26 जून को आ रही उनकी फिल्म वेलकम टू द जंगल बॉक्स ऑफिस पर क्या नया रिकॉर्ड बनाती है.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क