एक्ट्रेस रश्मिका मंदाना और विजय देवरकोंडा ने 26 फरवरी को उदयपुर में शादी की थी. लेकिन शादी तक दोनों का ये सफर आसान नहीं रहा है. हाल ही में रश्मिका की मां कथित लीक हुई ऑडियो क्लिप पर विवाद के बीच,एक्ट्रेस का एक वीडियो सामने आया है. वीडियो में एक्ट्रेस बता रही हैं कि उन्हें दूसरी बार साथ फिल्म करने के लिए कितनी लड़ाई लड़नी पड़ी थी.
दरअसल वीडियो 2019 की फिल्म 'डियर कॉमरेड' के प्री-रिलीज इवेंट का हैं. इनमें रश्मिका काफी सीरियस नजर आ रही हैं और उन सभी मुश्किलों के बारे में बात कर रही हैं जिनसे वह गुजरी हैं.
रश्मिका ने क्या कहा?
रश्मिका ने कहा, 'मैं अपने माता-पिता, परिवार और दोस्तों से लड़कर फिल्म इंडस्ट्री में आई हूं. लोगों की यह सोच है कि लड़कियों के लिए यह जगह सुरक्षित नहीं है. फ़िल्मी बैकग्राउंड न होने के बावजूद मैंने हिम्मत नहीं हारी और डटी रही.'
इसके बाद वह बताती हैं कि 2018 की हिट फिल्म 'गीता गोविंदम' के बाद जब उन्हें विजय के साथ दोबारा काम करने का मौका मिला, तो उनका परिवार इस बात को लेकर काफी हिचकिचा रहा था. रश्मिका कहती हैं, 'जब भरत (कम्मा) सर ने मुझे फिल्म की स्क्रिप्ट भेजी, तो मैं सच में यह फिल्म करना चाहती थी. लेकिन अपने परिवार को मनाने में मुझे काफी मशक्कत करनी पड़ी. घर पर इस बात को लेकर काफी झगड़ा हुआ. उन्होंने साफ कह दिया कि नहीं, तुम विजय के साथ दूसरी फिल्म नहीं करोगी. मैंने उनसे कहा कि मैं किसके साथ काम कर रही हूं, यह बात मायने नहीं रखती.'
फिल्म रिलीज होने के बाद विजय के साथ ऑनस्क्रीन किसिंग सीन देने की वजह से एक्टर को हफ्तों तक सोशल मीडिया पर ट्रोल किया गया था.
विजय ने क्या कुछ कहा?
विजय भी इस बात को मानते हैं कि उनके साथ काम करने की वजह से रश्मिका को कई मुश्किलों का सामना करना पड़ा. उन्होंने कहा, 'हमारी प्यारी लिली (रश्मिका का किरदार). वह इस फिल्म का सबसे अहम किरदार है; वह इस कहानी की जान है. वह हर महिला का प्रतिनिधित्व करती है, और फिल्म देखने के बाद लोगों को सिर्फ लिली ही याद रहेगी. हमने इस किरदार के लिए काफी खोजबीन की थी. जब रश्मिका ने इस रोल के लिए हां कहा, तो मैं जानता था कि उनके लिए यह फैसला कितना मुश्किल था. अपनी पर्सनल लाइफ पर असर पड़ने के बावजूद उन्होंने यह फिल्म की. लोगों ने जो चाहा, वह कहा. लेकिन रश्मिका ने लिली के किरदार को अपना सब कुछ दे दिया. मैं तुम्हें धन्यवाद देता हूं, रश्मिका; तुमने बहुत ही शानदार काम किया है.'
'डियर कॉमरेड' के बाद रश्मिका और विजय ने कभी साथ काम नहीं किया, जबकि उनकी जोड़ी को दर्शकों ने बेहद पसंद किया था. अब काफी समय बाद और शादी होने के बाद दोनों एक बार फिर फिल्म 'रणबाली' में साथ काम करने जा रहे हैं.
aajtak.in