'फ्री मार्केटिंग के लिए रिलीज किया रामायण मूवी का खराब टीजर', क्रिएटर का दावा

रामायण के टीजर पर बड़ा बवाल खड़ा तब हुआ, जब उसमें खराब विजुअल्स देखकर लोग दंग रह गए. मगर अब एक कंटेंट क्रिएटर का दावा है कि फिल्म के मेकर्स ने जानबूझकर खराब VFX वाला टीजर जारी किया, ताकि फिल्म सुर्खियां बटोर सके.

Advertisement
रामायण के टीजर का सच (Photo: Screengrab) रामायण के टीजर का सच (Photo: Screengrab)

आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 02 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 12:18 PM IST

बॉलीवुड में बन रही अभी तक की सबसे बड़ी फिल्म रामायण इन दिनों फिर सुर्खियों में आ चुकी है. इसका एक टीजर लीक हुआ, जिसमें खराब विजुअल्स और VFX नजर आया. हालांकि फिर ये भी बात सामने आई कि ये एक फेक वीडियो है, जिसे AI के इस्तेमाल से बनाया गया.  

रामायण का विवादित टीजर

हाल ही में रामायण के सेट पर कई सारे कंटेंट क्रिएटर्स पहुंचे थे, जिनकी मुलाकात प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा, रणबीर कपूर और यश से हुई. इस मुलाकात के बाद लगभग सभी ने रामायण के विजन की तारीफ की. उन्होंने दावे किए कि मेकर्स के पास कुछ ऐसी चीजें मौजूद हैं, जिसे देखकर लोग दंग रह जाएंगे. लेकिन एक कंटेंट क्रिएटर ध्रुव परिक्षित ने रामायण फिल्म पर कुछ ऐसा कह डाला है, जिसके बाद उन्हें अपनी पोस्ट डिलीट करनी पड़ गई है. 

Advertisement

ध्रुव परिक्षित का दावा है कि रामायण फिल्म का जो ऑफिशियल टीजर हमने देखा था, उसमें जानबूझकर खराब VFX वाले सीन डाले गए थे. इसके पीछे का कारण भी उन्होंने बताया. अपनी इंस्टाग्राम पोस्ट में एक यूजर को रामायण टीजर पर जवाब देते हुए ध्रुव ने कहा- हां, वो टीजर अधूरा था. लेकिन उनकी जो सोच है ना, वो मैं शब्दों में बता नहीं सकता. वहां जो सीन मैंने देखे, वो बिल्कुल अवतार वाली फिल्म जैसे लग रहे थे. मैं ज्यादा बढ़ा-चढ़ाकर नहीं कह रहा, सच कह रहा हूं. 

'वो लोग कुछ बहुत कमाल का बना रहे हैं. रामायण के किरदारों का लुक और पूरा संसार इतना गहरा और जीवंत लगता है कि मन डूब जाता है. मैं वहां एक VFX आर्टिस्ट से भी मिला और बात की. उसने बताया कि क्रिएटर्स ने जानबूझकर राम के उस ग्लिम्प्स का कमजोर VFX वाला टीजर अपलोड किया था. उनके पास और भी बेहतर सीन थे, फिर भी उन्होंने अधूरी वाली ही रिलीज करने का फैसला लिया. क्यों? क्योंकि इंटरनेट पर लोग चर्चा करेंगे, तारीफ करेंगे या क्रिटिसाइज करेंगे, वो सब फ्री में मार्केटिंग हो जाती है.'

Advertisement

जनता में फैल चुका है डर!

ध्रुव की बातें देखते ही देखते सोशल मीडिया पर वायरल हो गईं. उन्होंने अपना पोस्ट को डिलीट कर दिया. लेकिन अब उनके दावे पर लोगों के रिएक्शन्स देखने मिल रहे हैं. कई लोग उनकी बातों से सहमत नहीं दिखे हैं. उनका मानना है कि ऐसी बातें कहकर क्रिएटर खुद रामायण फिल्म की मार्केटिंग कर रहे हैं. हालांकि कुछ ऐसे भी हैं, जो उनकी बातों को सच मान रहे हैं.

रणबीर कपूर वाली रामायण अपने विजुअल्स को लेकर लोगों को लगातार डरा रही है. जबसे इसका ऑफिशियल टीजर सामने आया है, तबसे सबके मन में एक ही सवाल है- कहीं ये भी आदीपुरुष जैसी 'मास्टरपीस' ना बन जाए. उस टीजर में काफी सारे सीन्स थे, जिसमें VFX अच्छा नहीं था. रामायण के VFX की चर्चा इसलिए भी है क्योंकि इसे 4000 करोड़ रुपये के बजट में बनाया जा रहा है. साथ ही इसमें हॉलीवुड की सबसे बड़ी कंपनी DNEG की टीम लगी हुई है, जिसने अपने VFX से 8 ऑस्कर जीते.

बात करें फिल्म रामायण की, तो ये दिवाली 2026 पर रिलीज होगी जिसकी ऑफिशियल डेट आना अभी बाकी है. जुलाई में फिल्म का ट्रेलर अमेरिका के कॉमिकॉन में दिखाए जाने की चर्चा है. प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा की पूरी कोशिश है कि वो अपनी फिल्म को इंडिया के साथ-साथ विदेश में भी ग्रैंड स्केल पर प्रेजेंट करें. 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »