नितेश तिवारी के डायरेक्शन में बनी फिल्म 'रामायण: राइज ऑफ अ लेजेंड' बस कुछ ही दिनों में सिनेमाघरों में दस्तक देने वाली है. इसका इंतजार काफी ज्यादा किया जा रहा है. रामायण में रणबीर कपूर, भगवान राम तो साई पल्लवी माता सीता बनी हैं. वहीं, यश को रावण के किरदार में देखा जाने वाला है. फिल्म को फिलहाल जोर-शोर से प्रमोट किया जा रहा है. इस सिलसिले में इसका नया गाना अभी रिलीज हुआ है, जो अरिजीत सिंह और श्रेया घोषाल की आवाज में है.
रामायण के नए गाने में क्या है?
रामायण का नया गाना 'मंगल रंग' अरिजीत और श्रेया घोषाल ने गाया है, जिन्होंने साथ में फिल्म का एक और गाना जय जय राम भी गाया था. उस गाने को बाद में काफी पसंद भी किया गया. अब फिल्म से एक और रोमांटिक गाना सामने आया है, जिसमें रणबीर और साई पल्लवी की केमिस्ट्री नजर आई है.
मंगल रंग गाने की शुरुआत मिथिला के कुछ शानदार विजुअल्स से होती है, जहां सीता माता का स्वयंवर रचा जा रहा है. शिव धनुष उठाने की कोशिश में भगवान राम वहां आ रहे हैं, जिनके लिए सीता माता प्रार्थना कर रही हैं. इसके बाद दोनों के विवाह की झलक दिखती है, जहां माता सीता अपनी तीनों बहनों के साथ मंडप में आ रही हैं. आगे दोनों आयोध्या लौट आते हैं, जहां भगवान राम और माता सीता अपना खुशहाल वैवाहिक जीवन बिता रहे हैं. आयोध्या हो या जंगल, दोनों एक-दूसरे में खोए हुए नजर आए हैं. ये गाना राम और सीता के पवित्र प्रेम और संगम को खूबसूरती से दर्शाता है.
कैसे हैं विजुअल्स?
रामायण फिल्म में कहानी से ज्यादा इसके विजुअल्स की चर्चा है. DNEG जैसी ऑस्कर अवॉर्ड विनिंग कंपनी इसका VFX कर रही है, जिसे कुछ वक्त पहले काफी ट्रोलिंग झेलनी पड़ी थी. लेकिन बीते कुछ समय में अच्छे ट्रेलर और विजुअल्स के दम पर वो आलोचनाएं कम हुईं. इस गाने में भी शानदार विजुअल्स नजर आ रहे हैं. मिथिला और आयोध्या की खूबसूरती साफ झलक रही है. गाना देखने में काफी कलरफुल है, हर शॉट में अच्छा VFX दिखा है. हालांकि अभी भी थोड़ी कसर बाकी लग रही है.
कैसा है गाना?
मंगल रंग गाने की बात की जाए, तो इसे पॉपुलर कवि कुमार विश्वास ने लिखा है और ए आर रहमान ने कंपोज किया है. रहमान का ये गाना आपके होश तो नहीं उड़ाता, लेकिन इसका मधुर संगीत आपके दिलों में उतरने का काम जरूर करता है. हालांकि उनसे थोड़े और बेहतर की उम्मीद अभी भी है. रामायण का अभी तक ऐसा कोई गाना नहीं आया है, जिसे सुनकर लोगों को संतुष्टि हो. मंगल रंग गाना भी फिलहाल उन्हीं में से एक लगता है.
बात करें फिल्म रामायण की, तो 5 नवंबर को ये पूरी दुनिया में रिलीज हो रही है. इसे नमित मल्होत्रा ने प्रोड्यूस किया है. यश भी फिल्म के प्रोड्यूसर हैं.
पर्व जैन