राज कपूर की विरासत पर खतरा, पेशावर में ढही पुश्तैनी हवेली की दीवार, बेखबर कपूर खानदान?

पेशावर में राज कपूर की 100 साल पुरानी हवेली का एक हिस्सा भारी बारिश और भूकंप के कारण ढह गया. यह ऐतिहासिक इमारत पहले से ही जर्जर हालत में थी और अब इसकी सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है.

Advertisement
राज कपूर की पैतृक हवेली को लगे झटके (Photo: ITG) राज कपूर की पैतृक हवेली को लगे झटके (Photo: ITG)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 05 अप्रैल 2026,
  • अपडेटेड 3:30 PM IST

पाकिस्तान के पेशावर में स्थित दिवंगत एक्टर राज कपूर की ऐतिहासिक हवेली को झटका लगा है. इसका एक हिस्सा ढह गया है. बताया जा रहा है कि लगातार हो रही भारी बारिश और शुक्रवार रात आए तेज भूकंप के झटकों की वजह से यह नुकसान हुआ. ये खबर फैंस के लिए बेहद शॉकिंग है. लेकिन राज कपूर के परिवार के लोगों में से किसी ने अभी तक इस पर कोई रिएक्शन नहीं दिया है.

Advertisement

बारिश और भूकंप से कमजोर हुई इमारत

करीब 100 साल पुरानी इस हवेली की हालत पहले से ही जर्जर थी. लगातार बारिश से इसकी दीवारें और कमजोर हो गई थीं, वहीं भूकंप के झटकों ने स्थिति को और बिगाड़ दिया.

खैबर पख्तूनख्वा हेरिटेज काउंसिल के सचिव शकील वहीदुल्लाह के मुताबिक, भूकंप के बाद हवेली की एक दीवार का हिस्सा गिर गया, जिससे पूरी इमारत की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है.

राहत की बात यह है कि इस घटना में किसी के हताहत होने या घायल होने की खबर नहीं है. हालांकि, हवेली के बाकी हिस्सों पर भी खतरा बना हुआ है. अधिकारियों ने पुरातत्व विभाग और सरकार से जल्द कदम उठाने की अपील की है, ताकि इस ऐतिहासिक धरोहर को बचाया जा सके.

कपूर खानदान का ऐतिहासिक घर

यह हवेली कपूर परिवार की पुश्तैनी संपत्ति रही है, जिसे राज कपूर के दादा दीवान बशेश्वरनाथ ने 1918 से 1922 के बीच बनवाया था. यहीं से पृथ्वीराज कपूर ने अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत की थी. इसी घर में राज कपूर और उनके चाचा त्रिलोक कपूर का जन्म भी हुआ था. बताया जाता है कि इस हवेली में करीब 40 कमरे हैं.

Advertisement

1947 में भारत-पाकिस्तान बंटवारे के बाद कपूर परिवार इस हवेली को छोड़कर मुंबई आ गया. इसके बाद से यह इमारत धीरे-धीरे जर्जर होती चली गई. हालांकि 1990 के दशक में ऋषि कपूर और रणधीर कपूर इस जगह का दौरा कर चुके हैं.

म्यूजियम बनाने की थी योजना

पाकिस्तान सरकार ने साल 2016 में इस हवेली को राष्ट्रीय धरोहर घोषित किया था. योजना थी कि इसे रेनोवेट करके म्यूजियम में बदला जाए. लेकिन अब जब इसका एक हिस्सा गिर चुका है, तो यह साफ नहीं है कि मरम्मत और संरक्षण का काम कब और कैसे आगे बढ़ेगा.

राज कपूर की यह हवेली सिर्फ एक इमारत नहीं, बल्कि भारतीय सिनेमा के इतिहास का अहम हिस्सा है. ऐसे में इसका नुकसान होना सांस्कृतिक विरासत के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement