प्रियंका चोपड़ा: सर्जरी से ब‍िगड़ी नाक, बॉलीवुड ने किया बायकॉट, देसी गर्ल कैसे बनीं 'ग्लोबल आइकॉन'

18 जुलाई को बॉलीवुड की देसी गर्ल यानी प्रियंका चोपड़ा अपना 44वां जन्मदिन सेलिब्रेट करेंगी. एक्ट्रेस की जर्नी किसी फिल्मी कहानी से कम नहीं रही हैं. उनके जन्मदिन के मौके पर, आइए उनके सफर पर एक नजर डालते हैं.

Advertisement
बॉलीवुड एक्ट्रेस प्रियंका चोपड़ा (Photo: Instagram/@priyankachopra) बॉलीवुड एक्ट्रेस प्रियंका चोपड़ा (Photo: Instagram/@priyankachopra)

शिखर नेगी

  • नई दिल्ली,
  • 18 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 8:30 AM IST

"अगर कोई आपको बेकार कहता है, तो क्या आप सच में बेकार हो जाते हैं? बिल्कुल नहीं. इसलिए, बुरा-भला कहने वालों को जो कहना है, कहने दें. अपने भगवान, अपने परिवार, अपने चाहने वालों और अपने फैंस के प्रति हमेशा सच्चे रहें और अपना बेस्ट दें, बस इतना ही काफी है.' यह सिर्फ एक स्टेटमेंट नहीं, बल्कि प्रियंका की लाइफ का निचोड़ है. आज उसी बिंदास, बेखौफ और हर रूढ़िवादी बैरियर को तोड़कर अपनी शर्तों पर जीने वाली प्रियंका चोपड़ा का जन्मदिन है. 

Advertisement

बरेली से निकलकर हॉलीवुड के रेड कार्पेट तक पहुंचने वाली प्रियंका का यह सफर किसी फिल्मी स्क्रिप्ट से कम रोमांचक नहीं है. उनके जन्मदिन के इस खास मौके पर आइए उनकी जिंदगी के उतार-चढ़ाव, संघर्षों, विवादों और उस कभी न हार मानने वाले जज्बे पर एक गहरी नजर डालते हैं, जिसने उन्हें आज एक ग्लोबल सुपरस्टार बनाया है.

बरेली से मिस वर्ल्ड तक का सफर
18 जुलाई 1982 को जमशेदपुर में जन्मीं प्रियंका चोपड़ा का बचपन काफी हद तक घूमते हुए बीता, क्योंकि उनके माता-पिता (डॉ. अशोक चोपड़ा और डॉ. मधु चोपड़ा) भारतीय सेना में डॉक्टर थे. बरेली से स्कूलिंग करने के बाद पढ़ाई के सिलसिले में जब वह अमेरिका गईं, तो वहां की जिंदगी उनके लिए एक कड़ा इम्तिहान साबित हुई. अमेरिका में उन्हें भयानक नस्लीय भेदभाव और बुलीइंग का शिकार होना पड़ा, जहां लोग उन्हें 'ब्राउनी' कहकर चिढ़ाते थे. इस बर्ताव से टूटकर वह वापस भारत लौट आईं. लेकिन इस कड़वे एक्सपीरियंस ने उन्हें कमजोर करने के बजाय और मजबूत बना दिया. भारत आकर उन्होंने मॉडलिंग शुरू की और साल 2000 में महज 18 साल की उम्र में 'मिस वर्ल्ड' का ऐतिहासिक खिताब जीतकर पूरी दुनिया को अपनी खूबसूरती और समझदारी का लोहा मनवा दिया.

Advertisement

शुरुआती रिजेक्शन और स्टारडम का सफर
मिस वर्ल्ड बनने के बाद प्रियंका के लिए फिल्मों के रास्ते खुल तो गए, लेकिन शुरुआत झटकों के साथ हुई. फिल्म 'हमराज' में पहले उन्हें साइन किया गया था, लेकिन बाद में उनकी जगह अमीषा पटेल को ले लिया गया. उन्होंने हार नहीं मानी और साल 2002 में थलापति विजय के साथ तमिल फिल्म 'तमिलन' से एक्टिंग की दुनिया में कदम रखा. इसके बाद 2003 में 'द हीरो: लव स्टोरी ऑफ ए स्पाई' से उनका बॉलीवुड डेब्यू हुआ. इसी साल आई फिल्म 'अंदाज' ने उन्हें रातों-रात फिल्म इंडस्ट्री का उभरता हुआ सितारा बना दिया. 

इसके बाद प्रियंका ने पीछे मुड़कर नहीं देखा और 'मुझसे शादी करोगी', 'डॉन', 'क्रिश', 'अग्निपथ', 'मैरी कॉम', 'दिल धड़कने दो', 'बाजीराव मस्तानी' और 'द स्काई इज पिंक' जैसी एक से बढ़कर एक हिट फिल्में दीं. फिल्म 'बर्फी!' में झिलमिल का उनका किरदार और रणबीर कपूर-इलियाना डिक्रूज के साथ उनकी एक्टिंग उनके करियर का सबसे बेहतरीन मील का पत्थर मानी जाती है.

खान्स के साथ काम, ऋतिक के साथ ब्लॉकबस्टर और नेशनल अवॉर्ड
अपने शानदार करियर में प्रियंका ने शाहरुख खान, सलमान खान और अक्षय कुमार जैसे बॉलीवुड के तमाम बड़े सुपरस्टार्स के साथ स्क्रीन शेयर की. हालांकि, पर्दे पर उनकी सबसे कामयाब जोड़ी ऋतिक रोशन के साथ जमी, जिनके साथ उन्होंने लगातार तीन ब्लॉकबस्टर फिल्में दीं. उनकी अदाकारी की सबसे बड़ी ताकत तब साबित हुई जब उन्होंने मधुर भंडारकर की फिल्म 'फैशन' के लिए सर्वश्रेष्ठ एक्ट्रेस का 'नेशनल फिल्म अवॉर्ड' (राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार) जीता. इसके अलावा उन्हें कई फिल्मफेयर अवॉर्ड्स से भी नवाजा गया. साल 2016 में भारत सरकार ने कला के क्षेत्र में उनके अभूतपूर्व योगदान को देखते हुए देश के चौथे सबसे बड़े नागरिक सम्मान 'पद्म श्री' से सम्मानित किया.

Advertisement

करियर के पीक पर हॉलीवुड का बड़ा रिस्क लिया
प्रियंका का यह सफर जितना चमकीला दिखता है, उसके पीछे उतने ही कड़वे सच छिपे हैं. करियर के शुरुआती दौर में एक गलत सर्जरी की वजह से उनकी नाक का शेप बिगड़ गया था, जिसके चलते उन्हें कई फिल्मों से हाथ धोना पड़ा था. लेकिन असली चौंकाने वाला फैसला उन्होंने साल 2015 में लिया. जब वह बॉलीवुड में सफलता के पीक पर थीं, तब उन्होंने एबीसी (ABC) की अमेरिकी थ्रिलर सीरीज 'क्वांटिको' में लीड रोल साइन किया. साल 2016 में वह मुंबई से अपना बोरिया-बिस्तर समेटकर हॉलीवुड चली गईं. 

उस वक्त भारत में उनकी खूब आलोचना हुई, क्योंकि उनसे पहले गए लगभग सभी भारतीय एक्टर्स वहां असफल साबित हुए थे. कई लोगों का तो यह भी कहना था कि भारत में उन्हें अच्छे रोल मिलना बंद हो गए थे, इसलिए वह देश छोड़कर गईं. वजह जो भी रही हो, प्रियंका ने अपने सेफ जोन से बाहर निकलने की हिम्मत दिखाई और 'बेवॉच' तथा 'इजंट इट रोमांटिक' जैसी फिल्मों और 'इन माय सिटी' जैसे सुपरहिट इंटरनेशनल सिंगल्स के जरिए खुद को भारत की पहली ग्लोबल स्टार के रूप में स्थापित कर दिया.

इंडस्ट्री के 'काले सच' का खुलासा
प्रियंका चोपड़ा ने अपनी ऑटोबायोग्राफी 'अनफिनिश्ड' (Unfinished) में बॉलीवुड के उस दौर का एक बेहद कड़वा और चौंकाने वाला वाकया शेयर किया है, जब वह इंडस्ट्री में बिल्कुल नई थीं. वह काम के सिलसिले में एक फिल्ममेकर से मिलने गई थीं, जिसने उनसे खड़े होकर एक बार घूमकर खुद को दिखाने के लिए कहा ताकि वह उनका फिगर देख सके. प्रियंका ने जब ऐसा किया, तो उस डायरेक्टर ने उन्हें बेहद गंदी नजरों से घूरते हुए सलाह दी कि अगर इस इंडस्ट्री में टिकना है, तो उन्हें प्लास्टिक सर्जरी करानी होगी. 

Advertisement

उसने प्रियंका को ब्रेस्ट का साइज बढ़ाने, जॉ-लाइन ठीक कराने और बट का साइज बड़ा करने की हिदायत देते हुए एक डॉक्टर का नंबर तक थमा दिया था. प्रियंका ने लिखा कि एक न्यूकमर के तौर पर इस वाकये ने उनके आत्मसम्मान को गहरी ठेस पहुंचाई थी, लेकिन दुख की बात यह है कि फिल्म इंडस्ट्री में एक्ट्रेस के शरीर पर ऐसी टिप्पणियां होना बेहद आम बात है, जिसे लोग सामान्य मान लेते हैं.

'वर्जिनिटी' वाले फर्जी बयान पर मचा था जबरदस्त बवाल
प्रियंका चोपड़ा का नाम विवादों से भी अछूता नहीं रहा है. कुछ समय पहले सोशल मीडिया पर उनके नाम से एक बयान तेजी से वायरल हुआ था, जिसने इंटरनेट पर तहलका मचा दिया था. उस वायरल पोस्ट में दावा किया गया था कि प्रियंका ने कहा है- 'बीवी बनाने के लिए वर्जिन लड़की मत ढूंढो, बल्कि अच्छे आचरण वाली महिला की तलाश करो. वर्जिनिटी तो एक ही रात में खत्म हो जाती है, पर आचरण हमेशा साथ रहता है.' इस बयान पर रूढ़िवादी लोगों ने प्रियंका को सोशल मीडिया पर जमकर ट्रोल किया और भारी बवाल मच गया. हालांकि, बाद में इस पर सफाई देते हुए प्रियंका ने साफ किया कि यह पूरी तरह से एक फेक पोस्ट थी. उन्होंने कहा था, 'यह मैं नहीं हूं, यह न तो मेरा कोट है और न ही इसमें मेरी आवाज है.'

Advertisement

अफेयर्स के चर्चे, 'सीरियल मोनोगेमिस्ट' टैग और शादी
प्रियंका चोपड़ा की पर्सनल लाइफ भी हमेशा सुर्खियों में रही. फिल्मफेयर को दिए एक पुराने इंटरव्यू में उन्होंने खुद को 'सीरियल मोनोगेमिस्ट' (एक के बाद एक गंभीर रिश्ते में रहने वाली) कहा था, क्योंकि वह अक्सर उन्हीं कलाकारों को डेट करने लगती थीं जिनके साथ काम करती थीं. बॉलीवुड में उनका नाम अक्षय कुमार, शाहरुख खान और शाहिद कपूर जैसे बड़े स्टार्स के साथ जुड़ा. लेकिन उनकी जिंदगी का सबसे खूबसूरत मोड़ साल 2017 में आया, जब उनकी मुलाकात अमेरिकी पॉप स्टार और एक्टर निक जोनस से हुई. 

मई 2018 में दोनों ने डेटिंग शुरू की, जुलाई में सगाई की और दिसंबर 2018 में जोधपुर के उम्मेद भवन पैलेस में एक बेहद भव्य और शाही समारोह में शादी के बंधन में बंध गए. चार दिनों तक चले इस जश्न में सिर्फ परिवार और करीबी दोस्त शामिल हुए थे. इसके बाद जनवरी 2022 में सरोगेसी के जरिए उनके घर बेटी मालती मैरी चोपड़ा जोनास का जन्म हुआ. प्री-मैच्योर डिलीवरी के कारण मालती को करीब 100 दिनों तक अस्पताल के NICU में रहना पड़ा था, जिसने इस कपल को मानसिक रूप से और मजबूत बनाया.

बिजनेस की दुनिया में 'बॉस लेडी' का रूतबा
पर्दे पर अपनी अदाकारी का जादू बिखेरने के अलावा प्रियंका एक बेहद कामयाब और शातिर एंटरप्रेन्योर (बिजनेसवुमन) भी हैं. उन्होंने बिजनेस की दुनिया में भी अपना एक बड़ा साम्राज्य खड़ा किया है. उनके वेंचर्स में न्यूयॉर्क का मशहूर रेस्टोरेंट 'सोना', उनका खुद का हेयरकेयर ब्रांड 'एनोमली' और रीजनल फिल्मों को बढ़ावा देने वाली प्रोडक्शन कंपनी 'पर्पल पेबल पिक्चर्स' शामिल हैं. इसके अलावा प्रियंका ने रियल एस्टेट, फैशन और नई टेक्नोलॉजी से जुड़े कई बड़े बिजनेस में भी भारी निवेश किया है, जो उनके कमाल के बिजनेस माइंड को दर्शाता है.

Advertisement

44 की उम्र में एक नई और धमाकेदार शुरुआत
इस शनिवार को प्रियंका चोपड़ा अपना 44वां जन्मदिन मनाने जा रही हैं. किसी दौर में भारतीय फिल्म इंडस्ट्री में इस उम्र को किसी भी लीड एक्ट्रेस के करियर का अंत माना जाता था, लेकिन प्रियंका ने इस धारणा को भी बदल कर रख दिया है. उनके आने वाले प्रोजेक्ट्स को देखकर लगता है कि यह तो बस एक नई शुरुआत है. 

प्रियंका जल्द ही दिग्गज डायरेक्टर एस. एस. राजामौली की बेहद बड़ी फिल्म 'वाराणसी' में साउथ सुपरस्टार महेश बाबू और पृथ्वीराज सुकुमारन के साथ स्क्रीन शेयर करती नजर आएंगी. इसके साथ ही कई बड़े हॉलीवुड प्रोजेक्ट्स भी उनकी झोली में हैं.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »