'रामायण के बाद 'एनिमल' जैसी फिल्म मत करना' रणबीर कपूर को महाभारत के श्रीकृष्ण नीतीश ने दी सलाह

नितेश तिवारी की 'रामायण' का ट्रेलर आज सुबह-सुबह रिलीज हुआ. उम्मीद के मुताबिक, यह वायरल हो गया है और ट्रेंड कर रहा है. इस बीच टीवी के श्रीकृष्ण ने रणबीर कपूर को सलाह दी है.

Advertisement
रणबीर पर बोले नीतीश भारद्वाज (Photo: Screengrab) रणबीर पर बोले नीतीश भारद्वाज (Photo: Screengrab)

आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 30 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 7:07 PM IST

नितेश तिवारी की मचअवेटेड फिल्म 'रामायण' का ट्रेलर आज सुबह-सुबह रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर छा गया है. ट्रेलर के साथ-साथ भगवान राम बने रणबीर कपूर, माता सीता का किरदार निभा रहीं साई पल्लवी और रावण के रूप में नजर आ रहे यश की भी हर तरफ चर्चा हो रही है. इसी बीच, बीआर चोपड़ा के मशहूर टीवी शो 'महाभारत' में भगवान श्रीकृष्ण का अमर किरदार निभाने वाले एक्टर नीतीश भारद्वाज ने भी ट्रेलर देखकर अपनी राय शेयर की है, जो अब काफी सुर्खियों में है.

Advertisement

नीतीश भारद्वाज ने सोशल मीडिया पर अपनी बात रखते हुए इस फिल्म को ऑस्कर का तगड़ा दावेदार बताया है. उनका मानना है कि 'रामायण' के पास 'बेस्ट फॉरेन लैंग्वेज फिल्म' की कैटेगरी में ऑस्कर जीतने का 100 प्रतिशत मौका है.

नीतीश भारद्वाज ने क्या कहा?
उन्होंने निर्माता नमित मल्होत्रा को बधाई देते हुए लिखा कि सत्यजीत रे और शेखर कपूर के बाद अब नितेश तिवारी वर्ल्ड सिनेमा के लिए भारत का अगला सबसे बड़ा तोहफा साबित होंगे. इसके अलावा, भारद्वाज ने फिल्म के प्रोडक्शन डिजाइन, डीओपी (कैमरा वर्क), वीएफएक्स और एआई के जरिए गढ़े गए पुराने दौर के शानदार क्रिएशन की खुलकर तारीफ की और हंस ज़िमर जैसे हॉलीवुड संगीतकार के इस भारतीय प्रोजेक्ट से जुड़ने पर भी अपनी खुशी जताई.

रणबीर की तारीफ और नसीहत
अपनी पोस्ट में नीतीश भारद्वाज ने रणबीर कपूर की एक्टिंग की जमकर सराहना की और कहा कि 'धुरंधर' जैसी परफॉर्मेंस के बाद अब वह रणवीर सिंह के बराबरी के स्तर पर आ खड़े हुए हैं. हालांकि, उन्होंने रणबीर को एक बेहद खास सलाह भी दी. भारद्वाज ने कहा कि 'रामायण' जैसी पवित्र फिल्म करने के बाद अब रणबीर को भविष्य में 'एनिमल' जैसी फिल्में करने से बचना चाहिए, भले ही इसके लिए उन्हें सोने की खान ही क्यों न ऑफर कर दी जाए. उन्होंने रणबीर से अपनी ऑन-स्क्रीन छवि को दूषित न करने का अनुरोध करते हुए कहा कि भारत की समृद्ध संस्कृति, विरासत और संस्कारों को बनाए रखना अब उनकी सामाजिक जिम्मेदारी बन चुका है और उनकी एक्टिंग प्रतिभा को संतुष्ट करने के लिए देश में कहानियों की कोई कमी नहीं है.

Advertisement

रणबीर को नसीहत देने के साथ ही नीतीश भारद्वाज ने उम्मीद जताई कि देश के दर्शक साई पल्लवी को देवी सीता के पावन रूप में जरूर स्वीकार करेंगे. 

कब रिलीज होगी फिल्म?
आपको बता दें कि नमित मल्होत्रा के प्रोडक्शन और नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी 'रामायण पार्ट 1' इसी साल दिवाली के खास मौके पर बड़े पर्दे पर दस्तक देने जा रही है. वहीं, इस महाकाव्य का दूसरा हिस्सा यानी 'रामायण पार्ट 2' साल 2027 की दिवाली पर सिनेमाघरों में रिलीज किया जाएगा.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »