एक्टर विशाल ठक्कर शुरुआती 2000 के दशक में बॉलीवुड का एक जाना-पहचाना चेहरा थे. भले ही वो कभी बड़े हीरो नहीं बने, लेकिन छोटी-छोटी भूमिकाओं से उन्होंने दर्शकों के बीच अपनी अलग पहचान बनाई.
उनकी सबसे फेमस किरदारों में से एक संजय दत्त की मुन्ना भाई एमबीबीएस भी है. फिल्म में विशाल ने उस लड़के का किरदार निभाया था, जो गर्लफ्रेंड के धोखा देने से आत्महत्या करने की कोशिश करता है. इसके अलावा विशाल चांदनी बार और टैंगो चार्ली जैसी फिल्मों में भी नजर आए थे. उन्होंने टीवी के मशहूर शो क्योंकि सास भी कभी बहू थी और तारक मेहता का उल्टा चश्मा में भी काम किया था. लेकिन विशाल की कहानी को सबसे ज्यादा रहस्यमयी बनाती है उनकी अचानक हुई गुमशुदगी.
फिल्म देखने निकला… फिर लौटा नहीं
एक्टर पिछले करीब 10 साल से लापता हैं और आज तक उनके बारे में कोई पक्की जानकारी सामने नहीं आई है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, विशाल 31 दिसंबर 2015 को घर से फिल्म देखने के लिए निकले थे, लेकिन उसके बाद कभी वापस नहीं लौटे. शुरआती रिपोर्ट्स में कहा गया कि, 31 दिसंबर की रात करीब 10:30 बजे विशाल ने अपनी मां से 500 रुपये लिए और मुंबई के मुलुंड स्थित घर से निकल गए. इसके बाद 1 जनवरी 2016 की रात करीब 1 बजे उन्होंने अपने पिता को मैसेज किया कि वो एक पार्टी में जा रहे हैं और सुबह तक लौट आएंगे. लेकिन उसके बाद उनका कोई पता नहीं चला.
पुलिस के मुताबिक, विशाल को आखिरी बार उनकी गर्लफ्रेंड ने 1 जनवरी की सुबह करीब 11:45 बजे घोड़बंदर रोड पर देखा था. वहां से उन्होंने अंधेरी जाने के लिए ऑटो लिया था, क्योंकि उन्हें शूट पर जाना था. इसके बाद उनका फोन बंद हो गया. पुलिस को किसी अस्पताल में भी उनकी पहचान से मिलता-जुलता कोई व्यक्ति नहीं मिला. उनके बैंक अकाउंट में भी तब से कोई गतिविधि नहीं हुई.
गर्लफ्रेंड पर भी हुआ था शक
विशाल के परिवार ने उनकी गुमशुदगी की शिकायत दर्ज करवाई थी, लेकिन उस समय इस केस को ज्यादा मीडिया कवरेज नहीं मिली. हालांकि समय-समय पर सोशल मीडिया और इंटरनेट पर उनकी कहानी फिर चर्चा में आ जाती है. परिवार और फैंस आज भी इंतजार में हैं ये जानने के लिए कि आखिर विशाल के साथ क्या हुआ. 2021 की एक Reddit पोस्ट के मुताबिक, इस केस की जांच कर चुके पूर्व अधिकारी महेंद्र पुरी ने कहा था- शुरुआत में हमें उनकी गर्लफ्रेंड पर शक था, लेकिन उसके बयान में कोई गड़बड़ी नहीं मिली. एक दूसरे पुलिस अधिकारी ने भी बताया था कि पुलिस ये तक पता नहीं लगा सकी कि ये हत्या का मामला था, अपहरण था या फिर विशाल खुद ही कहीं चले गए थे.
बॉलीवुड का अनसुलझा रहस्य
दिलचस्प बात ये है कि गायब होने से करीब तीन महीने पहले विशाल पर उनकी गर्लफ्रेंड ने रेप का आरोप लगाया था. रिपोर्ट्स के मुताबिक, लड़की ने पुलिस में शिकायत भी दर्ज करवाई थी. हालांकि बाद में दोनों के बीच समझौता हो गया और शिकायत वापस ले ली गई. इस मामले को और ज्यादा रहस्यमयी तब माना गया, जब कुछ महीनों बाद विशाल की गर्लफ्रेंड भी अपने फ्लैट में मृत पाई गईं. शुरुआती रिपोर्ट्स में उनकी मौत की वजह हार्ट अटैक बताई गई थी.
आज भी विशाल ठक्कर का कोई सुराग नहीं मिल पाया है. उन्हें लापता हुए पूरे 10 साल हो चुके हैं.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क