'दोबारा नहीं करूंगा', नाना पाटेकर को श्रद्धांजलि देकर किसपर भड़के मुनव्वर फारूकी?

नाना पाटेकर को श्रद्धांजलि देने पहुंचे मुनव्वर फारूकी ने पैपराजी को दो टूक जवाब दिया. कैमरे के लिए दोबारा फूल रखने से इनकार करते हुए उन्होंने बताया कि नाना की कौन सी फिल्म उनकी फेवरेट थी.

Advertisement
मुनव्वर फारूकी ने लगाई लताड़ (Photo: Screengrabs) मुनव्वर फारूकी ने लगाई लताड़ (Photo: Screengrabs)

आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 09 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 10:41 PM IST

बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर के निधन से फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर है. उनके चाहने वाले नम आंखों से अपने चहेते कलाकार को याद कर रहे हैं. इस बीच स्टैंडअप कॉमेडियन मुनव्वर फारूकी का एक वीडियो चर्चा में है. दरअसल, मुनव्वर ने नाना पाटेकर को श्रद्धांजलि देने के बाद पैपराजी के कहने पर वही काम दोबारा करने से साफ इनकार कर दिया. 

Advertisement

फोटोग्राफर्स चाहते थे कि मुनव्वर तस्वीरों के लिए एक बार फिर नाना की तस्वीर के सामने फूल रखें. लेकिन कॉमेडियन ने साफ कह दिया कि वह कैमरे के लिए अपनी श्रद्धांजलि दोबारा नहीं देंगे.

कैमरे के लिए दोबारा फूल रखने से किया इनकार

मुंबई में गुरुवार को एक कार्यक्रम के दौरान मुनव्वर फारूकी ने नाना पाटेकर को श्रद्धांजलि दी. इस दौरान जब फोटोग्राफर्स ने उनसे तस्वीर के लिए दोबारा फूल रखने को कहा, तो मुनव्वर ने बिना किसी लाग-लपेट के जवाब दिया, 'आपके शॉट के लिए वापस नहीं करूंगा.'

मुनव्वर का यह जवाब साफ कर गया कि उनके लिए किसी कलाकार को श्रद्धांजलि देना कैमरे के सामने की जाने वाली कोई रस्म नहीं है, जिसे अच्छी तस्वीर के लिए दोबारा दोहराया जाए. उनका यह अंदाज उस वक्त चर्चा में आया, जब पूरी फिल्म इंडस्ट्री नाना पाटेकर को याद कर रही है.

Advertisement

नाना पाटेकर को खोने का मुनव्वर को भी है दुख

नाना पाटेकर के निधन पर दुख जताते हुए मुनव्वर ने कहा, 'मुझे बहुत बुरा लग रहा है. उनकी आत्मा को शांति मिले.' मुनव्वर ने यह भी बताया कि नाना की अदाकारी का उन पर काफी असर रहा है. वह उनके काम के बड़े प्रशंसक हैं और उनकी मराठी फिल्म 'नटसम्राट' मुनव्वर की ऑल टाइम फेवरेट फिल्मों में शामिल है.

नाना पाटेकर की अदाकारी की खासियत यही रही कि उन्होंने अपने दमदार अभिनय से कई किरदारों को यादगार बना दिया. हिंदी और मराठी सिनेमा में उनके योगदान को हमेशा याद किया जाएगा.

नाना पाटेकर का 8 अक्टूबर को निधन हो गया था. रिपोर्ट के मुताबिक, उन्हें सीने में तेज दर्द की शिकायत के बाद अस्पताल ले जाया गया था. मणिपाल अस्पताल के ऑन्कोलॉजी विभाग के प्रमुख डॉ. शेखर सालकर के अनुसार, अस्पताल पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने करीब 45 मिनट तक उन्हें बचाने की कोशिश की.

अभिनेता का अंतिम संस्कार पुणे के डोंजे स्थित उनके फार्महाउस पर पूरे राजकीय सम्मान के साथ किया गया. उनके अंतिम दर्शन और अंतिम संस्कार में जैकी श्रॉफ, प्रवीण तरडे, साजिद नाडियाडवाला और अनिल शर्मा समेत फिल्म जगत की कई हस्तियां शामिल हुईं. केंद्रीय मंत्री रामदास आठवले, महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और सुनेत्रा पवार सहित कई राजनीतिक हस्तियों ने भी उन्हें अंतिम विदाई दी.

Advertisement

अपने अंतिम संस्कार को लेकर पहले ही कर चुके थे बात

नाना पाटेकर ने फिल्म 'द वैक्सीन वॉर' के प्रमोशन के दौरान एक बातचीत में अपने अंतिम संस्कार को लेकर भी बात की थी. उन्होंने बताया था कि उन्होंने पुणे के अपने फार्महाउस पर अपने अंतिम संस्कार के लिए 12 मन सूखी लकड़ियां रखवाई थीं. संयोग से यही फार्महाउस उनके अंतिम संस्कार का स्थान बना.

'अंकुश', 'परिंदा', 'तिरंगा', 'क्रांतिवीर', 'अब तक छप्पन', 'अपहरण', 'टैक्सी नंबर 9211' और 'वेलकम' जैसी फिल्मों में अपने अभिनय से दर्शकों के दिलों में जगह बनाने वाले नाना पाटेकर अब भले ही हमारे बीच नहीं हैं, लेकिन उनके किरदार और उनकी अदाकारी हमेशा याद की जाएगी.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »