दमदार एक्टिंग के लिए जनता में बेहद पॉपुलर विजय वर्मा की नई वेब सीरीज मटका किंग का ट्रेलर आ गया है. जुएबाजी के इस देसी मीडियम की कहानी पर्दे पर कम ही दिखाई गई है. अब अमेजन प्राइम वीडियो की सीरीज में विजय इस कहानी के साथ दमदार अंदाज में नजर आ रहे हैं. मटका किंग में विजय के साथ कृतिका कामरा, गिरीश कुलकर्णी, गुलशन ग्रोवर और सिद्धार्थ जाधव जैसे दमदार कलाकार नजर आ रहे हैं. इसका ट्रेलर देखने के बाद आप 17 अप्रैल को रिलीज हो रही इस वेब सीरीज के लिए अभी से तैयार हो जाएंगे.
जिंदगी में छलांग लगाने का मौका देने वाला मटका
मटका किंग में विजय वर्मा के किरदार का नाम ब्रिज भट्टी है. ट्रेलर में आप देखते हैं कि एक आम मजदूर की तरह जिंदगी जीने वाला ब्रिज, जिंदगी में कुछ बड़ा करना चाहता है. लेकिन अपने मालिक से अपनी ही तनख्वाह के लिए भीख मांगता ये किरदार एक दिन तय कर लेता है कि उसे कुछ बड़ा करना है.
ट्रेलर की शुरुआत में ही आप देखते हैं कि कृतिका कामरा का किरदार, ब्रिज को 'मटका किंग' कहकर बुलाता है. एक मजदूर से मटका किंग बनने की कहानी में विजय का काम, उनका अंदाज बहुत दमदार लग रहा है. लेकिन कहानी में वैसा ही ट्विस्ट भी है जैसा अपराध की गलियों से निकले हीरोज के साथ अक्सर होता है.
जो कानून और सिस्टम ऐसे विलेननुमा हीरोज के उभरने की वजह बनते हैं, वही इन्हें ढहाने पर भी आमादा रहते हैं. ये तो ब्रिज भट्टी के एम्बिशन की कहानी है, लेकिन साथ में एक पर्सनल कहानी भी है. मटके पर दांव लगाने वालों के दम पर ब्रिज अपनी पत्नी के साथ घर-गाड़ी खरीदता दिख रहा है. लेकिन ट्रेलर में वो कृतिका कामरा के साथ भी दिल का दांव लगाता नजर आ रहा है. यहां देखें मटका किंग का ट्रेलर:
सॉलिड टीजर के बाद, दमदार ट्रेलर, शो लग रहा जानदार
मटका किंग में नजर आ रही कहानी की टाइमलाइन और ब्रिज भट्टी नाम से, बहुत लोगों को रतन खत्री का नाम भी याद आ रहा है. बंटवारे में कराची से मुंबई आए रतन को ही मटके का खेल शुरू करने का क्रेडिट दिया जाता है. विजय वर्मा का शो रतन की लाइफ से इंस्पायर होने का दावा तो नहीं करता, मगर कहानी दोनों की बहुत एक जैसी है.
मटका किंग को डायरेक्ट नागराज मंजुले ने किया है, जो कई बार नेशनल अवॉर्ड जीत चुके फिल्ममेकर हैं. और नागराज मुंबई-महाराष्ट्र की स्टोरीज पर ऐसी पकड़ रखते हैं कि उनका क्रिएट किया हुआ संसार ही कहानी की आत्मा बन जाता है. विजय वर्मा की एक्टिंग की तारीफें तो जितनी की जाएं उतनी कम पड़ती ही हैं. मटका किंग के ट्रेलर भर से उनका स्वैग जानदार लग रहा है. इन दोनों भरोसेमंद नामों, मटके की दिलचस्प कहानी और दमदार कास्ट मटका किंग को एक मस्त वॉच शो बना रहे हैं.
aajtak.in