मनोज बाजपेयी की मोस्टअवेटेड फिल्म ‘घूसखोर पंडत’ का नाम अब बदलकर ‘गजब रात’ कर दिया गया है. नेटफ्लिक्स ने 15 अक्टूबर को फिल्म का ट्रेलर रिलीज कर दिया है. साथ ही फिल्म की रिलीज डेट भी सामने आ गई है. ये सस्पेंस थ्रिलर 23 अक्टूबर को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी. आइए जानते हैं कि फिल्म का ट्रेलर कैसा है.
ट्रेलर में दिखी एक रात की कहानी
‘गजब रात’ के ट्रेलर में मनोज बाजपेयी एक भ्रष्ट पुलिस अधिकारी के किरदार में नजर आ रहे हैं. उनका किरदार एक फायदेमंद रात की तलाश में है, लेकिन एक घायल लड़की और मर्डर केस से जुड़ी घटना उसकी पूरी रात बदल देती है. धीरे-धीरे अपराध, साजिश और बड़े फैसलों का जाल फैलता जाता है.
फिल्म की कहानी दिल्ली के इर्द-गिर्द घूमती है, जहां कई किरदारों की अलग-अलग कहानियां एक ही रात में आपस में जुड़ जाती हैं. ट्रेलर का टोन डार्क, तेज और सस्पेंस से भरा लग रहा है. नेटफ्लिक्स ने इसे “कई कहानियां, कई किरदार और सच जाहिर करने के लिए सिर्फ एक रात” के तौर पर प्रोजेक्ट किया है.
ट्रेलर में मनोज बाजपेयी एक बार फिर अपनी स्क्रीन प्रेजेंस से ध्यान खींच रहे हैं. उनके किरदार में भ्रष्टाचार, चालाकी और संकट के बीच फंसे इंसान की परेशानी साफ झलकती है. फिल्म का निर्देशन नीरज पांडे ने किया है, जिनके साथ मनोज बाजपेयी लगभग एक दशक बाद फिर काम कर रहे हैं.
‘गजब रात’ में मनोज बाजपेयी के अलावा नुसरत भरूचा, साकिब सलीम, दिव्या दत्ता, अक्षय ओबेरॉय और कीकू शारदा जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे. फिल्म 23 अक्टूबर 2026 को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी. ट्रेलर देखकर लग रहा है कि ये एक रात के भीतर फैली क्राइम थ्रिलर कहानी होगी, जिसमें हर किरदार का अपना राज और अपनी मजबूरी होगी.
नाम पर हुआ था विवाद
मनोज बाजपेयी की फिल्म ‘घूसखोर पंडत’ पर ब्राह्मण संगठनों, वकीलों और कई समूहों ने 'घूसखोर' और 'पंडत' शब्दों को एक साथ जोड़ने विरोध जताया था. दिल्ली उच्च न्यायालय में याचिका दायर की गई, लखनऊ में एफआईआर दर्ज हुई, और मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा. 19 फरवरी 2026 को सुप्रीम कोर्ट ने नीरज पांडे को फिल्म का नाम बदलने का आदेश दिया था. सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद ‘घूसखोर पंडत’ का नाम बदलकर ‘गजब रात’ कर दिया गया है.
आजतक एंटरटेनमेंट डेस्क